लोकसभा की सीटें 50% बढ़ाने के प्रस्ताव को मोदी कैबिनेट की मंजूरी: 543 से बढ़कर होंगी 815 सीटें, 25 साल तक नहीं बदलेगी संख्या
फिलहाल लोकसभा में 543 सीटें हैं। प्रस्ताव के मुताबिक, 272 नई सीटें जुड़ने के बाद इनकी संख्या बढ़कर 815 हो जाएगी। खास बात यह है कि बढ़ी हुई सभी सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की जा सकती हैं। इसके बाद अगले 25 साल तक लोकसभा सीटों की संख्या में कोई बदलाव नहीं होगा। सेवातीर्थ में प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में करीब एक घंटे तक चली कैबिनेट बैठक (Cabinet Meeting) में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
कैबिनेट ने परिसीमन से जुड़े दो अहम प्रस्तावों को दी मंजूरी
- पहला प्रस्ताव: सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या 50 फीसदी बढ़ाना और परिसीमन (Delimitation) की प्रक्रिया को जनगणना से अलग करना।
- दूसरा प्रस्ताव: महिला आरक्षण (Women Reservation) से जुड़े कानून को लागू करने के लिए नए सिरे से प्रयास करना। इसी के तहत परिसीमन से जुड़े प्रस्तावों पर विचार किया जा रहा है।
रिजिजू बोले- विपक्ष भी बहस में हिस्सा ले
कैबिनेट की बैठक से पहले केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा था कि 30 नवंबर को लोकसभा में महत्वपूर्ण विधेयक पेश किए जाएंगे। उन्होंने विपक्षी दलों से भी संसद में होने वाली बहस में हिस्सा लेने की अपील की थी। कांग्रेस का आरोप- सरकार धोखे से बहुमत जुटा रही है।
लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों को लेकर सियासी हलचल भी तेज हो गई है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि केंद्र सरकार परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों को पास कराने के लिए धोखे से बहुमत जुटाने की कोशिश कर रही है।
राज्यवार प्रस्तावित लोकसभा सीटें
राज्य/UT | वर्तमान सीटें | प्रस्तावित सीटें | बढ़ोतरी |
|---|---|---|---|
| उत्तर प्रदेश | 80 | 120 | 40 |
| महाराष्ट्र | 48 | 72 | 24 |
| पश्चिम बंगाल | 42 | 63 | 21 |
| बिहार | 40 | 60 | 20 |
| तमिलनाडु | 39 | 59 | 20 |
| मध्य प्रदेश | 29 | 44 | 15 |
| कर्नाटक | 28 | 42 | 14 |
| गुजरात | 26 | 39 | 13 |
| आंध्र प्रदेश | 25 | 38 | 13 |
| राजस्थान | 25 | 38 | 13 |
| ओडिशा | 21 | 32 | 11 |
| केरल | 20 | 30 | 10 |
| तेलंगाना | 17 | 26 | 9 |
| असम | 14 | 21 | 7 |
| झारखंड | 14 | 21 | 7 |
| पंजाब | 13 | 20 | 7 |
| छत्तीसगढ़ | 11 | 17 | 6 |
| हरियाणा | 10 | 15 | 5 |
| जम्मू-कश्मीर | 6 | 9 | 3 |
| उत्तराखंड | 5 | 8 | 3 |
| दिल्ली | 7 | 11 | 4 |
| हिमाचल प्रदेश | 4 | 6 | 2 |
| त्रिपुरा | 2 | 3 | 1 |
| मणिपुर | 2 | 3 | 1 |
| मेघालय | 2 | 3 | 1 |
| गोवा | 2 | 3 | 1 |
| नागालैंड | 1 | 2 | 1 |
| पुडुचेरी | 1 | 2 | 1 |
| अरुणाचल प्रदेश | 2 | 3 | 1 |
| मिजोरम | 1 | 2 | 1 |
| चंडीगढ़ | 1 | 2 | 1 |
| सिक्किम | 1 | 2 | 1 |
| अंडमान और निकोबार | 1 | 2 | 1 |
| दादरा और नगर हवेली | 1 | 2 | 1 |
| दमन और दीव | 1 | 2 | 1 |
| लक्षद्वीप | 1 | 2 | 1 |
| कुल | 543 | 815 | 272 |
ये अनुमानित प्रस्तावित आंकड़े हैं।
कांग्रेस ने जारी किया व्हिप, INDIA ब्लॉक भी करेगा बैठक
संसद में विधेयक पेश होने से पहले कांग्रेस ने अपने सांसदों के लिए व्हिप जारी कर दिया है। शुक्रवार शाम 4.30 बजे दिल्ली में कांग्रेस के संसदीय रणनीति समूह की बैठक होगी। वहीं, शनिवार को INDIA ब्लॉक के नेता बैठक कर संसद में अपनी आगे की रणनीति तय करेंगे।
जनगणना से अलग होगा परिसीमन का आधार
सरकार के प्रस्ताव से परिसीमन को अगली जनगणना से अलग करने की कोशिश है। पहले आशंका थी कि आबादी के आधार पर सीटें बांटने से बड़े राज्यों को फायदा होगा। इससे कम आबादी वाले राज्यों की लोकसभा में हिस्सेदारी घट सकती थी। अब सभी राज्यों की लोकसभा सीटें 50% बढ़ाने का प्रस्ताव है। इससे राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा अनुपात बनाए रखने की कोशिश होगी। सरकार का यह कदम परिसीमन को लेकर राज्यों की चिंता कम कर सकता है।
दक्षिणी राज्यों की बड़ी चिंता होगी दूर?
दक्षिण भारत के राज्य परिसीमन को लेकर लंबे समय से चिंता जाहिर कर रहे हैं। तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक जैसे राज्यों ने जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर काम किया है। वहीं, उत्तर भारत के कई राज्यों में आबादी तेजी से बढ़ी है। ऐसे में अगर परिसीमन केवल जनसंख्या के आधार पर होता, तो दक्षिणी राज्यों की लोकसभा सीटों का हिस्सा घट सकता था। सभी राज्यों में एक समान अनुपात से सीटें बढ़ाने के प्रस्ताव से दक्षिणी राज्यों की यह चिंता दूर हो सकती है। इससे लोकसभा में राज्यों की हिस्सेदारी के मौजूदा संतुलन को बनाए रखने में मदद मिलेगी।
अगले सप्ताह संसद में आएगा विधेयक
केंद्र सरकार महिला आरक्षण लागू करने के लिए नया संशोधित विधेयक लाने की तैयारी में है। इसके जरिए लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33% आरक्षण देने का रास्ता साफ हो सकता है। संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होगा। यह बैठकें 3 दिसंबर तक चलेंगी। सरकार इस दौरान महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयक पेश कर सकती है।
इससे पहले अप्रैल में संविधान (131वां संशोधन) विधेयक पेश किया गया था। हालांकि, विपक्ष के विरोध के चलते यह पारित नहीं हो सका। विपक्ष ने महिला आरक्षण को जनगणना और परिसीमन से जोड़ने पर आपत्ति जताई थी। अब सरकार नए प्रस्ताव के जरिए इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रही है।
FAQs
- लोकसभा में सीटों की संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव क्या है?
लोकसभा में वर्तमान में 543 सीटें हैं, और प्रस्ताव के अनुसार 272 नई सीटें जुड़ने के बाद इनकी संख्या 815 हो जाएगी। सभी बढ़ी हुई सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की जा सकती हैं। - महिला आरक्षण कानून को लागू करने के लिए सरकार क्या कदम उठा रही है?
सरकार महिला आरक्षण लागू करने के लिए नए संशोधित विधेयक लाने की तैयारी में है, जिसके तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33% आरक्षण दिया जाएगा। - परिसीमन प्रक्रिया को जनगणना से अलग करने का क्या उद्देश्य है?
परिसीमन को अगली जनगणना से अलग करने का उद्देश्य यह है कि सीटें आबादी के आधार पर बांटने से बड़े राज्यों को फायदा न हो, जिससे कम आबादी वाले राज्यों की लोकसभा में हिस्सेदारी कम हो सकती है।