LPG सिलेंडर बुक कराने वालों सावधान! सब्सिडी और KYC के नाम पर हो रही ठगी, एक गलती से खाली हो सकता है बैंक अकाउंट

Amresh Kushwaha | Published:
LPG गैस सिलेंडर की बुकिंग और सब्सिडी के नाम पर साइबर ठग ग्राहकों को निशाना बना रहे हैं।
Cyber ​​fraudsters are targeting customers in the name of LPG gas cylinder bookings and subsidies.
LPG Cylinder Fraud:घर में गैस सिलेंडर खत्म होने वाला हो या सब्सिडी का पैसा खाते में नहीं आया हो, तो लोग तुरंत इसकी जानकारी लेने लगते हैं। बस इसी बात का फायदा अब साइबर ठग उठा रहे हैं। कभी गैस कनेक्शन बंद होने का डर दिखाते हैं, तो कभी KYC अपडेट करने के नाम पर मोबाइल पर मैसेज भेजते हैं।

जरा सी लापरवाही आपकी मेहनत की कमाई पर भारी पड़ सकती है। इस तरह की ठगी को लेकर ICICI बैंक ने भी अपने ग्राहकों को सावधान किया है।



गैस सिलेंडर के नाम पर कैसे बिछाया जा रहा जाल?

सोचिए, आपके मोबाइल पर अचानक मैसेज आए कि आपकी गैस सब्सिडी बंद होने वाली है या KYC पूरा नहीं होने की वजह से गैस कनेक्शन में दिक्कत आ सकती है। साथ में एक लिंक भी दिया हो और उसे तुरंत खोलने के लिए कहा जाए। ऐसे में कई लोग घबराकर बिना जांच किए लिंक पर क्लिक कर देते हैं। साइबर ठग इसी जल्दबाजी का फायदा उठाते हैं।



दरअसल, आजकल ज्यादातर घरों में गैस सिलेंडर की बुकिंग से लेकर सब्सिडी की जानकारी तक मोबाइल से ही मिल जाती है। ठग इसी सुविधा को लोगों के लिए परेशानी का कारण बना रहे हैं।



फोन पर गैस एजेंसी का कर्मचारी बनकर करते हैं बात

ठगी का तरीका भी ऐसा है कि कोई भी आसानी से भरोसा कर बैठे। कई बार जालसाज खुद को गैस एजेंसी का कर्मचारी बताकर फोन करते हैं। फिर कहते हैं कि आपकी गैस सब्सिडी रुक सकती है या कनेक्शन चालू रखने के लिए KYC अपडेट करना जरूरी है।



इसके बाद WhatsApp या SMS पर एक लिंक भेजकर उसमें जानकारी भरने को कहा जाता है। यही फर्जी KYC Update लिंक आपकी निजी और बैंकिंग जानकारी चुराने का जरिया बन सकता है।



APK फाइल भेजकर भी लगा सकते हैं चूना

कुछ ठग लिंक के बजाय मोबाइल पर APK फाइल भेजते हैं और उसे डाउनलोड करने के लिए कहते हैं। अगर आप ऐसी अनजान फाइल फोन में इंस्टॉल कर लेते हैं, तो उसमें छिपा Malware आपकी निजी जानकारी और बैंकिंग डिटेल्स को खतरे में डाल सकता है। इसलिए गैस एजेंसी के नाम पर कोई फाइल आए, तो उसे बिना जांचे डाउनलोड न करें।



इन 5 बातों का ध्यान रखा तो ठगी से बच सकते हैं

  • गैस सब्सिडी या KYC के नाम पर आए किसी अनजान लिंक को न खोलें।
  • अपना OTP, ATM PIN या CVV किसी को न बताएं।
  • WhatsApp और SMS पर भेजी गई अनजान APK फाइल इंस्टॉल न करें।
  • गैस सिलेंडर बुक करने या KYC अपडेट करने के लिए आधिकारिक वेबसाइट या ऐप का ही इस्तेमाल करें।
  • कोई खुद को बैंक या गैस एजेंसी का कर्मचारी बताए, तो उसकी पहचान जांचे बिना भरोसा न करें।

पैसा कट जाए तो तुरंत यहां करें शिकायत

अगर आप किसी ऑनलाइन ठगी का शिकार हो जाते हैं, तो तुरंत कार्रवाई करना जरूरी है। ऐसे मामलों में साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें। इसके अलावा सरकार के आधिकारिक पोर्टल cybercrime.gov.in पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।



याद रखें, गैस सब्सिडी बंद होने या KYC अपडेट करने का मैसेज आते ही घबराने की जरूरत नहीं है। पहले उसकी सच्चाई जांचें। किसी अनजान लिंक पर क्लिक करने या अपनी बैंकिंग डिटेल्स देने से बचें। थोड़ी सी सावधानी आपको बड़े Online Fraud से बचा सकती है।

Tags:
  • एलपीजी सब्सिडी घोटाला
  • LPG Cylinder Fraud
  • एलपीजी सिलेंडर धोखाधड़ी
  • LPG Subsidy Scam
  • KYC Update Scam
  • केवाईसी अपडेट स्कैम
  • Online Banking Fraud
  • ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी