गैस सिलेंडर की कीमत से आप भी हैं परेशान तो छह हजार से कम में बनाएं गैस फ्री किचन
मिडिल ईस्ट (अमेरिका-इजराइल और ईरान) में चल रहे युद्ध का असर अब हमारे किचन तक पहुंचने लगा है। कच्चे तेल और गैस की सप्लाई में आई दिक्कतों के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में गैस की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। इसका सीधा असर LPG के दामों पर पड़ा है।
गैस की कालाबाजारी शुरू
भारत अपनी गैस का अधिकांश हिस्सा आयात करता है। इसलिए जैसे ही वैश्विक संकट होता है उसका असर हमारे घरेलू गैस पर तुरंत दिखने लगता है। हाल ही में LPG सिलेंडर की कीमत में 60 रुपए की बढ़ोतरी हुई। इससे अब 14.2 किलो वाले सिलेंडर की कीमत 900 रुपए तक पहुंच गई। इसके साथ ही कई जगहों पर गैस की कालाबाजारी भी शुरू हो गई है। कई लोग तो इसे डबल प्राइस में बेच रहे हैं।
क्या गैस के बिना किचन चल सकता है?
गैस की बढ़ी हुई कीमतों के कारण अब कुछ लोग यह सोचने लगे हैं कि, क्या गैस के बिना भी किचन चलाया जा सकता है? भारत में किचन का एक बड़ा खर्च गैस सिलेंडर पर होता है। एक परिवार हर महीने एक सिलेंडर का उपयोग करता है, तो एक साल में लगभग दस हजार से ग्यारह हजार तक खर्च हो सकता है। अब लोग गैस पर निर्भरता कम करने के लिए दूसरे विकल्पों की तलाश कर रहे हैं।
पांच हजार में गैस-फ्री किचन तैयार
आजकल टेक्नोलॉजी के कारण गैस के बिना खाना बनाना पहले से ज्यादा आसान हो गया है। बाजार में कई इलेक्ट्रिक किचन गैजेट्स मौजूद हैं। इनकी मदद से हम गैस के बिना भी खाना बना सकते हैं। थोड़ा समझदारी से खरीदारी की जाए तो पांच हजार के बजट में एक छोटा गैस-फ्री किचन तैयार किया जा सकता है।
अब बात करें उन उपकरणों की जो गैस के बिना किचन चलाने में मदद कर सकते हैं। सबसे पहले इंडक्शन कुकटॉप, जो गैस का सबसे अच्छा विकल्प बनता जा रहा है। इसकी कीमत 1500 से 2500 के बीच होती है। दूसरा विकल्प है इलेक्ट्रिक राइस कुकर या मल्टी कुकर जिसकी कीमत 1200 से 1800 रुपए के बीच होती है। तीसरा उपकरण है इलेक्ट्रिक केतली जो 500 से 800 रुपए के बीच मिलती है।
गैस की कीमत से कम खर्च में किचन
इन तीनों उपकरणों का इस्तेमाल किया जाए तो गैस की कीमत से कम खर्च में किचन चलाया जा सकता है। अब सवाल उठता है कि बिजली का बिल कितना बढ़ेगा? भारत में बिजली का रेट लगभग 4 से 8 रुपए प्रति यूनिट है। दो हजार वॉट का इंडक्शन कुकटॉप रोज दो घंटे इस्तेमाल किया जाए, तो महीने में 600 से 900 रुपए तक बिजली का खर्च आएगा। यह खर्च एक घरेलू LPG सिलेंडर के बराबर या थोड़ा कम हो सकता है।
अभी भी ज्यादातर घरों में LPG ही कुकिंग के लिए इस्तेमाल हो रही है। वहीं धीरे-धीरे इलेक्ट्रिक कुकिंग गैजेट्स का उपयोग बढ़ रहा है। बिजली की कीमतें स्थिर रहती हैं और उपकरण सस्ते होते हैं, तो आने वाले सालों में गैस-फ्री किचन एक नया ट्रेंड बन सकता है।
ये खबरें भी पढ़िए...
एमपी की अर्थव्यवस्था पर ईरान-इजराइल युद्ध का असर, व्यापारी और किसान झेल रहे करोड़ों को नुकसान
गैस सिलेंडर बुकिंग के नियम बदले, अब 21 नहीं इतने दिन बाद होगा सिलेंडर बुक
कमर्शियल गैस सिलेंडर की कमी का असर बाजार में दिखा, बढ़ सकते हैं कचोरी-समोसे और चाय के दाम
युद्ध के असर से कमर्शियल गैस सिलेंडर की डिलीवरी रुकी, होटल-रेस्त्रां पर संकट!