खुद को भगवान शिव का अवतार बताकर पाखंडी ने किया महिला के साथ रेप, ऐसे खुला राज
महाराष्ट्र के पुणे और वसई क्षेत्र से आस्था के नाम पर हैवानियत का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। खुद को धर्मगुरु बताने वाले ऋषिकेश वैद्य नामक व्यक्ति ने एक 35 वर्षीय विवाहिता को अपनी आध्यात्मिक बातों के जाल में फंसाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
आरोपी ने महिला की धार्मिक श्रद्धा का फायदा उठाते हुए खुद को साक्षात महादेव का अवतार बताया और महिला को अपनी पार्वती कहकर संबोधित किया। अब इस पाखंडी के खिलाफ अब पुलिस ने शिकंजा कस दिया है।
फेसबुक से शुरू हुई पहचान
पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि साल 2023 में उसकी पहचान फेसबुक के जरिए वसई की संस्था आमची वसई के प्रमुख ऋषिकेश वैद्य से हुई थी। ऋषिकेश ने खुद को एक उच्च कोटि का आध्यात्मिक गुरु बताया और महिला को अध्यात्म सिखाने के बहाने अपने करीब कर लिया। महिला उसकी बातों में आकर उसे सम्मान देने लगी, जिसका फायदा उठाकर आरोपी ने उसे मानसिक रूप से अपने वश में कर लिया।
पुणे के लॉज में किया दुष्कर्म
घटना का सिलसिला दिसंबर 2023 में तब शुरू हुआ जब ऋषिकेश महिला से मिलने पुणे पहुंचा। वहां उसने महिला को यह कहकर गुमराह किया कि मैं शिव हूं और तुम मेरी पार्वती हो। वह महिला को पुणे के मांजरी इलाके स्थित एक लॉज में ले गया।
आरोप है कि वहां उसने महिला को नशीला पदार्थ पिलाया और बेहोशी की हालत में उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी ने महिला की जानकारी के बिना उसकी अश्लील तस्वीरें भी खींच लीं।
ब्लैकमेल करके जबरदस्ती करने की कोशिश
दुष्कर्म के बाद आरोपी (पाखंडी बाबा) ने उन तस्वीरों के आधार पर महिला को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। उसने धमकी दी कि अगर महिला ने उसकी बात नहीं मानी तो वह फोटो सार्वजनिक कर देगा।
इसी डर का फायदा उठाकर मई 2025 में उसने पीड़िता को दोबारा वसई के एक होटल में बुलाया और उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। महिला लंबे समय तक लोक-लाज और डर के कारण खामोश रही।
महिला को अशोक खरात मामले से मिली हिम्मत
महिला की खामोशी तब टूटी जब नासिक में अशोक खरात से जुड़ा का मामला सामने आया। उस घटना से प्रेरित होकर पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और अपने पति को आपबीती सुनाई। बुधवार शाम (25 मार्च 2026) को दोनों ने वसई के माणिकपुर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।
वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक हिरालाल जाधव के अनुसार, क्योंकि अपराध की शुरुआत पुणे में हुई थी, इसलिए मामला पुणे की हडपसर पुलिस को ट्रांसफर कर दिया गया है।
ये खबरें भी पढ़ें...
बाबा अशोक खरात की कृपा या राजनीतिक सेटिंग? रूपाली चाकणकर के इस्तीफे की पूरी कहानी
ज्योतिष की आड़ में महिलाओं का शोषण, अशोक खरात के घर से मिली 58 वीडियो क्लिप और करोड़ों की संपत्ति
33 फीसदी महिला आरक्षण के बाद MP, CG और राजस्थान कितना फायदा, जानिए परिसीमन का पूरा गणित
देश में नहीं लगेगा लॉकडाउन, केंद्र सरकार ने अफवाहों पर लगाया पूर्ण विराम