अगले साल से मिलने लगेगी उड़ने वाली कार, जल्द शुरू होगी बुकिंग, देखें लुक-फीचर्स समेत सारी जानकारी
NEW DELHI. अमेरिका के लासवेगास में साल का सबसे बड़ा टेक इवेंट कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स शो 2024 का आगाज हो गया है। इस इवेंट में Samsung, LG, ASUS समेत कई ग्लोबल ब्रांड्स ने अपने आर्टफिशियल इंटेलिजेंस बेस्ड स्मार्ट गैजट्स पेश किए हैं। इस शो में कंपनियों ने ट्रांसपेरेंट टीवी और उड़ने वाली कार पेश की है। खास बात यह है कि उड़ने वाली कार की बुकिंग जल्द ही शुरू होगी और यह अगले साल मिलने लगेगी।
इस कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स शो में होम अप्लायंसेज, लैपटॉप्स, सेमीकंडक्टर, स्मार्ट गैजेट्स, इलेक्ट्रिक कार, एक्सेसरीज, स्मार्ट टीवी आदि पेश किए किए गए। कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स शो (CES) में 1.30 लाख से ज्यादा लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। 12 जनवरी तक चलने वाले इस इवेंट में दुनियाभर की 4000 से ज्यादा कंपनियां आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का प्रदर्शन कर रही हैं। इसमें शामिल होने वाली 35% कंपनियां अमेरिकी हैं।इसमें साउथ कोरियन कंपनी एलजी ने दुनिया की पहली ट्रांसपेरेंट टीवी पेश की। इसके साथ ही उड़ने वाली कार और 2 इन 1 लैपटॉप जैसे प्रोडक्ट भी पेश किए गए हैं। आइए, जानते हैं इस साल का CES क्यों खास होने वाला है?
XPeng ने पेश की उड़ने वाली कार
XPeng एयरो HT ने अपनी फ्लाइंग कार को CES में पेश किया है। इस कार की प्रोग्रेस पर अपडेट शेयर करते हुए कंपनी ने बताया कि यहां पेश की गई कार का 2025 में बड़े पैमाने पर प्रोडक्शन किया जाएगा। हालांकि, इससे पहले कंपनी इस साल की चौथी तिमाही से मॉड्यूलर EV/ eVTOL कॉम्बो के लिए प्री-ऑर्डर शुरू करेगी। फुली-इलेक्ट्रिक पायलटेड एयरक्राफ्ट वर्टिकल टेकऑफ/लैंडिंग और कम ऊंचाई वाली उड़ानों में सक्षम है। ये मैनुअल और ऑटोनॉमस फ्लाइट मोड को सपोर्ट करता है। 270° पैनोरमिक दो-पर्सन कॉकपिट वाइड फील्ड ऑफ व्यू ऑफर करता है।
2028 तक आ जाएगी इलेक्ट्रिक फ्लाइंग टैक्सी
हुंडई की एडवांस्ड एयर मोबिलिटी कंपनी सुपरनल ने सीईएस में अपनी इलेक्ट्रिक फ्लाइंग टैक्सी पेश की है। S-A2 एक इलेक्ट्रिक वर्टिकल टेकऑफ़ और लैंडिंग (eVTOL) व्हीकल है। S-A2 एक V-टेल इलेक्ट्रिक एयरक्राफ्ट है जिसे 1,500 फीट की ऊंचाई पर 120 मील प्रति घंटे से उड़ान भर सकेगी। इस कार को 50-60 किलोमीटर की यात्रा के लिए बनाया गया है। इसमें आठ टिल्टिंग रोटर और एक डिस्ट्रीब्यूटेड इलेक्ट्रिक प्रोपल्शन सिस्टम है।
कंपनी का कहना है कि यह वर्टिकल टेकऑफ और लैंडिंग में 65 dB और क्रूजिंग के दौरान 45 dB के साथ "डिशवॉशर की तरह कम आवाज में काम करेगा"। सुपरनल ने 2028 में व्हीकल को आधिकारिक तौर पर लॉन्च करने की योजना बनाई है।
LG और सैमसंग ने पेश की ट्रांसपेरेंट टीवी
कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स बनाने वाली कंपनी LG और सैमसंग ने इस शो में पारदर्शी टीवी पेश किए हैं। LG कंपनी ने 77 इंच OLED आधारित डिस्प्ले वाला टीवी पेश किया है। यह टीवी इसी साल से बिक्री के लिए उपलब्ध हो जाएगा। इस टीवी की खासियत यह है कि जब इस टीवी को ऑफ किया जाता है तो यह पूरी तरह पारदर्शी हो जाता है। इसमें 77-इंच का एक ग्लास डिस्प्ले है। इससे स्क्रीन पर दिखने वाली इमेजेस हवा में तैरती हुई दिखती हैं। एलजी के जीरो कनेक्ट बॉक्स की मदद से इस पर कंटेट दिखाया जाता है। सैमसंग ने यहां कॉन्सेप्ट के तौर पर माइक्रो LED-पावर्ड पारदर्शी टीवी पेश किया है। एलजी सिग्नेचर OLED टीवी इस साल के अंत में ग्लोबल लेवल पर अवेलेबल होगी।
सैमसंग ‘फ्लेक्स इन एंड आउट’ कॉन्सेप्ट डिवाइस
सैमसंग ने फ्यूचरिस्टिक फोल्डेबल फोन पेश किया। इसे ‘फ्लेक्स इन एंड आउट’ कहा जा रहा है। यह कॉन्सेप्ट डिवाइस आगे और पीछे दोनों तरफ 360 डिग्री तक मुड़ सकता है। सैमसंग का कहना है कि इस फोल्डेबल डिवाइस के पैनल की -20 डिग्री सेल्सियस से 60 डिग्री सेल्सियस तक के टेम्प्रेचर में फोल्ड करने की और अन्य टेस्टिंग की गई हैं। फोल्डेबल पैनलों पर बास्केटबॉल उछालकर और रेत से रगड़कर पानी में डुबोया गया था।
पालतू जानवरों के लिए एआई रोबोट
रोबोटिक्स कंपनी ऑगमैन ने ORo रोबोट पेश किया है, जो आपके पालतू जानवर का पूरा ध्यान रखेगा। यह न सिर्फ उनके साथ खेलेगा, बल्कि जरूरत पड़ने पर उन्हें खाना भी खिलाएगा और दवा भी देगा। यह अपना पूरा काम आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से करेगा।