दूल्हे वालों ने दहेज में मांगी थार, लड़की के पिता ने खिलौना थमाकर तोड़ी शादी, कहा- ये लो अब इसे ही चलाओ

Aman Vaishnav | Sootr Creatives | Published:
मेरठ में दहेज के लालच में थार कार मांगने पर लड़की के पिता ने दूल्हे के पिता को खिलौना गाड़ी थमाई।
Bride father in Meerut cancels wedding and hands over a plastic toy Thar car to groom father after dowry demand
शादी का रिश्ता दो परिवारों के बीच प्यार और भरोसे से जुड़ता है। वहीं जब इसमें लालच आ जाए तो रिश्ता टूटते देर नहीं लगती है। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक ऐसा ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पिता ने दहेज लोभियों को ऐसा अनोखा सबक सिखाया कि हर कोई उनकी तारीफ कर रहा है।

दहेज में महंगी थार गाड़ी की डिमांड

दरअसल दूल्हे के परिवार ने शादी से पहले दहेज में महंगी थार गाड़ी की डिमांड रख दी थी। इस मांग से नाराज होकर लड़की के पिता ने बाजार से एक प्लास्टिक की खिलौना थार मंगवाई। इसके बाद वह गाड़ी लड़के के पिता के हाथों में थमाकर शादी तोड़ने का ऐलान कर दिया। इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो भी लड़की वालों ने बनाया है जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है।




जमीन बिकते ही बदली नियत

यह पूरा मामला मेरठ के भावनपुर थाना क्षेत्र के ज्ञानपुर गांव और परतापुर थाना क्षेत्र के सौलाना गांव से जुड़ा हुआ है। ज्ञानपुर गांव के रहने वाले शमशेर के बेटे का रिश्ता 5 महीने पहले सौलाना गांव निवासी बब्बर की बेटी के साथ तय हुआ था। उस समय बड़ी खुशी के साथ सगाई की रस्म पूरी हुई थी।



लड़की वालों ने अपनी हैसियत के मुताबिक दहेज के सामान के साथ 1 लाख रुपए भी दिए थे। सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन करीब एक महीने पहले लड़की के पिता बब्बर ने अपनी कुछ जमीन बेची थी। जैसे ही लड़के वालों को जमीन बिकने की भनक लगी, तो उनकी नियत बदल गई। इसी के बाद उन्होंने शादी से पहले दहेज में थार कार की मांग रख दी।



दिनभर इंतजार के बाद थमाई खिलौना गाड़ी

लड़की के पिता बब्बर ने पहले तो लड़के वालों को बहुत समझाने की कोशिश की कि वह यह मांग पूरी नहीं कर सकते हैं। इसके बाद भी दूल्हा पक्ष अपनी जिद पर अड़ा रहा। जब लड़के वाले किसी भी कीमत पर नहीं माने तो लड़की के पिता ने उन्हें सबक सिखाने की ठान ली। शनिवार को उन्होंने लड़के वालों को अपने घर पर लालखत की रस्म के लिए बुलाया।



लड़के वाले सुबह ही लड़की के घर पहुंच गए थे और उन्हें उम्मीद थी कि आज उन्हें गाड़ी मिल जाएगी। लड़की के पिता ने उन्हें सुबह से लेकर रात के 10 बजे तक कार के इंतजार में घर पर ही बैठाए रखा। इसके बाद उन्होंने बाजार से मंगाई गई एक प्लास्टिक की खिलौना कार लड़के के पिता शमशेर के हाथ में थमा दी। साथ ही सगाई वापस लेते हुए शादी कैंसिल कर दी।



पिता बोले- तुम्हें इंसान नहीं कार चाहिए

लड़की पक्ष की ओर से इस पूरी घटना का डेढ़ मिनट का एक वीडियो भी रिकॉर्ड किया गया है। इस वीडियो में लड़की के पिता साफ तौर पर लड़के के पिता को खिलौना कार देते हुए नजर आ रहे हैं।



वीडियो में लड़की के पिता कहते हैं कि ये लो थामो इसे हाथ में थामो। तुम्हें इंसान की जरूरत नहीं थी बल्कि तुम्हें कार की जरूरत थी। उन्होंने आगे कहा कि हमने तुम्हें गाड़ी दे दी है। अब इसे ही अपना चलाना, तुम अपने घर मजे में रहो और हम अपने घर रहेंगे। लड़की के पिता ने साफ शब्दों में कहा कि शमशेर ने गांव सौलाना वालों से दहेज में कार मांगी थी। इसलिए आज इनकी सगाई वापस हो गई है और शादी कैंसिल हो गई है।



Tags:
  • दहेज में थार की मांग
  • मेरठ
  • दहेज में थार की डिमांड
  • दहेज का मामला
  • सोशल मीडिया
  • उत्तर प्रदेश