चक्रवात अर्नब का बड़ा खतरा: MP-CG और राजस्थान में भारी बारिश का अलर्ट, चलेंगी 80 किमी की रफ्तार से हवाएं

Aman Vaishnav | Oct 28, 2026, 06:51 IST
चक्रवात अर्नब के असर से मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में घने बादल छाए और आंधी के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी हुआ है।
Cyclone Arnab brings heavy rain and strong wind alert across Madhya Pradesh, Chhattisgarh and Rajasthan
बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान अर्नब के कारण मध्य प्रदेश के 31 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। छत्तीसगढ़ के दक्षिण हिस्से में 60 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। वहीं नए पश्चिमी विक्षोभ की वजह से राजस्थान के पूर्वी और मध्य हिस्सों में 29 और 30 अक्टूबर को बारिश होगी।

MP Weather update: (मध्यप्रदेश का मौसम): बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवात अर्नब का असर मध्य प्रदेश में भी देखने को मिलेगा। मौसम केंद्र भोपाल ने अगले 4 दिनों तक प्रदेश में आंधी, गरज-चमक और हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में तेज बारिश भी हो सकती है।



बुधवार, 28 अक्टूबर को प्रदेश के 31 जिलों में मौसम का असर दिखेगा। अगले 24 घंटे में सीधी, सिंगरौली, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट में भारी बारिश होने की संभावना है।



वहीं भोपाल, नर्मदापुरम, भिंड, दतिया, रायसेन, सीहोर, विदिशा, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, पांढुर्णा, रीवा, सतना, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है।



इंदौर-उज्जैन में निकलेगी धूप

प्रदेश के 24 जिलों में बारिश या गरज-चमक का कोई अलर्ट नहीं है। इनमें इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, अशोकनगर, मुरैना, श्योपुर और राजगढ़ शामिल हैं।



कल प्रदेश में ज्यादा दिखेगा चक्रवात का असर

मौसम विभाग ने 29 अक्टूबर को चक्रवात का असर ज्यादा रहने का अलर्ट जारी किया है। इस दिन पूरे प्रदेश में आंधी चलने, बादल छाने, गरज-चमक और बारिश होने की संभावना है। इसी दिन करवा चौथ भी है।



ऐसे में महिलाओं को चांद देखने में परेशानी हो सकती है। 29 अक्टूबर को 11 जिलों में अति भारी और 9 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। बाकी 35 जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। 30 और 31 अक्टूबर को भी मौसम बदला हुआ रहेगा।



चक्रवात की वजह से बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में चक्रवात अर्नब तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसका सबसे ज्यादा असर मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में देखने को मिलेगा। जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग में इसका असर ज्यादा रहने की संभावना है।



29 और 30 अक्टूबर को चक्रवात का असर सबसे ज्यादा रहेगा। इस दौरान प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में अति भारी और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।



रात में बढ़ी ठंडक, दिन में गर्मी बरकरार

भारी बारिश के अलर्ट के बीच प्रदेश में रात के तापमान में गिरावट आई है। बीती रात शाजापुर के गिरवर में सबसे कम 12.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। शहडोल के कल्याणपुर और पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री रहा।



वहीं, रायसेन में 14.5 डिग्री, कटनी के करौंदी में 14.7 डिग्री और दमोह में 15 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।



दूसरी ओर दिन में गर्मी का असर बना हुआ है। प्रदेश के कई इलाकों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। उज्जैन, भोपाल के बैरसिया, धार, खंडवा, खजुराहो, सागर, मंदसौर और नीमच के मरुखेड़ा में तापमान 34.3 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।



CG Weather update: (छत्तीसगढ़ का मौसम): छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान अर्नब के असर से मौसम बदल गया है। मौसम विभाग के मुताबिक 28 अक्टूबर को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की चेतावनी भी जारी की गई है।



28 अक्टूबर को कई जिलों में होगी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, 27 अक्टूबर को दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई थी। अब 28 अक्टूबर को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मध्यम बारिश होने की संभावना है। दक्षिण छत्तीसगढ़ में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।



बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं भी चल सकती हैं। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।



चक्रवाती तूफान अर्नब का असर

मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान अर्नब आगे बढ़ रहा है। इसके असर से छत्तीसगढ़ में मौसम बदल रहा है। विभाग ने 28 और 29 अक्टूबर के लिए विशेष चेतावनी जारी की है।



29 अक्टूबर को भी होगी बारिश

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 29 अक्टूबर को भी दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी से बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।



30 अक्टूबर से बारिश का असर कुछ कम हो सकता है। हालांकि प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है।



तापमान में भी होगा बदलाव

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में रात के तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।



वहीं अगले तीन दिनों में दिन का तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है। 27 अक्टूबर को रायपुर में अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।



Rajasthan weather update: (राजस्थान का मौसम): मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना अति भीषण चक्रवाती तूफान अर्नब तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसके 28 अक्टूबर की सुबह तक आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की संभावना है। तट से टकराने के बाद तूफान उत्तर दिशा की ओर बढ़ेगा और धीरे-धीरे कमजोर हो सकता है।



हालांकि इसके असर से देश के उत्तरी और पश्चिमी हिस्सों में नमी वाली पूर्वी हवाएं चलेंगी। इसका असर राजस्थान के मौसम पर भी देखने को मिलेगा। इसके अलावा 29 और 30 अक्टूबर को एक नया पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय होगा। इससे प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।



जयपुर और भरतपुर संभाग में बारिश के आसार

राजधानी जयपुर और आसपास के इलाकों में 29 और 30 अक्टूबर को मौसम बदला हुआ रहेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, जयपुर और भरतपुर संभाग के जिलों में आसमान में बादल छाए रहेंगे। कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।



इस दौरान चक्रवाती तूफान अर्नब के असर से 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इससे तापमान में भी गिरावट आने की संभावना है। बारिश और ठंडी हवाओं से शहरी और ग्रामीण इलाकों में ठंड बढ़ सकती है।



उदयपुर और कोटा संभाग में गरज-चमक के साथ बारिश

उदयपुर और कोटा संभाग में भी चक्रवाती तूफान अर्नब और पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के मुताबिक इन दोनों संभागों के कुछ इलाकों में 29 और 30 अक्टूबर को गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।



अजमेर, जोधपुर और बीकानेर में कैसा रहेगा मौसम?

अजमेर संभाग के साथ पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के पूर्वी हिस्सों में भी मौसम बदल सकता है। चक्रवाती तूफान अर्नब के असर से 29 और 30 अक्टूबर को कुछ जगहों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।



हालांकि पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती और पश्चिमी इलाकों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा। वहीं पूर्वी हिस्सों में बादल छाने और ठंडी हवाएं चलने से लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।



Tags:
  • मध्यप्रदेश मौसम रिपोर्ट
  • MP Weather update
  • मध्यप्रदेश का मौसम
  • छत्तीसगढ़ मौसम रिपोर्ट
  • CG Weather update
  • छत्तीसगढ़ का मौसम
  • राजस्थान मौसम रिपोर्ट
  • Rajasthan weather update
  • राजस्थान का मौसम
  • चक्रवाती तूफान अर्नब