ऑपरेशन सिंदूर पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बोले- लोगों को पता था कि कुछ होने वाला है...

Ravi Kant Dixit | May 07, 2025, 05:07 IST
donald trump reaction
भारत की ओर से पाकिस्तान पर किए गए हमले की गूंज पूरी दुनिया में है। पहलगाम में पर्यटकों पर हुए हमले के बाद भारत ने बदला लिया है। इस घटनाक्रम पर डोनाल्ड ट्रम्प का बयान सामने आ गया है।

भारत की ओर से पाकिस्तान पर किए गए हमले की गूंज पूरी दुनिया में है। जम्मू कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए कायराना हमले के 15 दिन बाद भारत ने अब बदला लिया है। भारत की तीनों सेनाओं ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) के 9 आतंकी ठिकानों पर हमला किया है।


भारत ने रात डेढ़ बजे 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत बहावलपुर, मुरीदके, बाघ, कोटली और मुजफ्फराबाद में एयर स्ट्राइक की। आतंकियों को शरण देने वाले जैश और लश्कर के हेड क्वार्टर पर हमला किया गया।


इस घटनाक्रम पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का बयान भी सामने आ गया है। ट्रम्प ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह शर्मनाक है। हमने ओवल के दरवाजे से अंदर जाते वक्त इसके बारे में सुना। मुझे लगता है कि लोगों को अतीत के आधार पर पता था कि कुछ होने वाला है। वे लंबे समय से लड़ रहे हैं। अगर आप इसके बारे में सोचें तो वे कई दशकों और सदियों से लड़ रहे हैं। मुझे उम्मीद है कि यह बहुत जल्दी खत्म हो जाएगा।



डोभाल ने अमेरिका को दी जानकारी

उधर, वॉशिंगटन में भारतीय दूतावास की ओर से भी बयान जारी किया गया है। भारत की एयर स्ट्राइक के तुरंत बाद राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल ने अमेरिकी एनएसए और विदेश मंत्री मार्को रुबियो को फोन कर मामले की पूरी जानकारी दी है।



एयर स्ट्राइक पर वर्ल्ड मीडिया ने क्या लिखा...

पूरी दुनिया की निगाह भारत की एयर स्ट्राइक पर हैं। वर्ल्ड मीडिया ने इसे अपने-अपने अंदाज में लिखा है।



  • वॉशिंगटन पोस्ट ने लिखा, भारतीय सेना ने बताया है कि उसने उन 9 जगहों को निशाना बनाया है, जहां से भारत के खिलाफ आतंकवादी हमलों की योजना बनाई गई थी और डायरेक्शन दिया गया था। किसी भी पाकिस्तानी सैन्य ठिकाने को निशाना नहीं बनाया गया है। हमला फोकस्ड और नपा-तुला है।
  • BBC ने लिखा है, भारत सरकार का कहना है कि उसकी डिफेंस फोर्स ने पाकिस्तान और PoK में आतंकवादी ठिकाने पर हमला किया।
  • न्यूयॉर्क टाइम्स ने लिखा, आतंकी हमले के दो हफ्ते बाद भारत का पाकिस्तान पर अटैक।
  • द गार्जियन ने लिखा, पाकिस्तान बोला- भारत के एक्शन का जवाब दे रहे हैं।
  • फ्रांस 24 ने कहा कि भारत का पाकिस्तान और PoK में 9 जगहों पर हमला।
  • CNN ने लिखा कि पर्यटकों की हत्या के बाद भारत का पाकिस्तान पर हमला।
Tags:
  • narendra modi
  • Donald Trump
  • Indian Army
  • pahalgam attack
  • operation sindoor