कौन हैं अरविंद केजरीवाल को हराने वाले प्रवेश वर्मा? CM की कुर्सी के हैं दावेदार
बीजेपी नेता प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रमुख नेता और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को नई दिल्ली सीट से हराकर एक बड़ी जीत दर्ज की है। मतगणना के दौरान दोनों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली, लेकिन दोपहर 12 बजे के बाद प्रवेश वर्मा ने अच्छी बढ़त बना ली और अंत में जीत हासिल कर ली। इस सीट पर कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित भी चुनावी मैदान में थे, लेकिन अहम मुकाबला वर्मा और केजरीवाल के बीच ही रहा। बता दें कि केजरीवाल 3 हजार से अधिक वोटों से हारे हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजों के लिए काउंटिंग जारी है।
जानिए कौन हैं प्रवेश वर्मा
2013 में राजनीति में एंट्री
प्रवेश वर्मा ने 2013 में राजनीति में कदम रखा और महरौली विधानसभा सीट से जीत हासिल की। इसके बाद 2014 में उन्होंने पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट से चुनाव जीतकर सांसद बने। 2019 में भी उन्होंने इस सीट से भारी बहुमत से जीत दर्ज की। अपने कार्यकाल के दौरान वे संसद की वेतन और भत्तों से संबंधित संयुक्त समिति के सदस्य रहे और शहरी विकास पर स्थायी समिति में भी अपनी सेवाएं दीं।
केजरीवाल सरकार के खिलाफ चलाया था अभियान
2025 के चुनाव से पहले प्रवेश वर्मा ने 'केजरीवाल को हटाओ, देश को बचाओ' नामक एक अभियान चलाया। इस अभियान में उन्होंने AAP सरकार के कामकाज पर सवाल उठाए। उन्होंने प्रदूषण, महिलाओं की सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं के विकास जैसे मुद्दों पर सरकार की विफलताओं को उजागर किया। वर्मा ने यमुना नदी की सफाई के सरकार के वादे को नाकाम करार देते हुए इसे शहर के पर्यावरण के लिए गंभीर चुनौती बताया।
'जीत PM मोदी और दिल्ली की जनता की'
जीत के बाद प्रवेश वर्मा ने समर्थकों के साथ जश्न मनाया। इस दौरान उन्होंने कहा, मैं सभी दिल्ली वासियों को बधाई देता हूं, उनका धन्यवाद करता हूं... दिल्ली में बनने वाली यह सरकार प्रधानमंत्री के विजन को दिल्ली में लेकर आएगी। मैं इस जीत का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी को देता हूं। मैं दिल्ली की जनता का धन्यवाद करता हूं। यह जीत प्रधानमंत्री मोदी और दिल्ली की जनता की जीत है।
FAQ
- 1. प्रवेश वर्मा कौन हैं?
प्रवेश वर्मा दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के बेटे हैं और बीजेपी के प्रमुख नेता हैं। - 2. प्रवेश वर्मा ने दिल्ली की किस सीट से चुनाव जीता है?
उन्होंने नई दिल्ली विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी के अरविंद केजरीवाल को हराकर जीत दर्ज की है। - 3. दिल्ली चुनाव में केजरीवाल का प्रदर्शन कैसा रहा?
अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली सीट से प्रवेश वर्मा के खिलाफ चुनाव हार गए हैं।
thesootr links
- मध्य प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- रोचक वेब स्टोरीज देखने के लिए करें क्लिक