आज आईपीएल में PBKS vs SRH का मैच, क्या जीत की लय बरकरार रख पाएगी पंजाब
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) का 17वां मैच पंजाब किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा। यह मुकाबला न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम, मुल्लांपुर में होगा।
पंजाब की टीम इस सीजन अभी तक एक भी मैच नहीं हारी है। वहीं हैदराबाद की टीम को इस सीजन में सिर्फ एक ही जीत मिली है।
हालांकि दोनों ही टीमों के पास शानदार खिलाड़ी हैं, जो मैच को बेहद रोमांचक बना सकते हैं। अब देखना ये होगा कि पंजाब की मजबूत टीम हैदराबाद के खिलाफ कितनी बेहतर साबित होती है।
ट्रेविस और अभिषेक का फॉर्म
सनराइजर्स हैदराबाद के पास ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा जैसे शानदार ओपनर हैं, लेकिन इन दोनों की फॉर्म टीम के लिए चिंता का कारण बन गई है। हेड ने अब तक तीन मैचों में 64 रन बनाए हैं। वहीं अभिषेक ने केवल 55 रन ही बनाए हैं।
एक ही मैच में इन दोनों ने 82 रनों की साझेदारी की थी, लेकिन बाकी दो मैचों में ये दोनों जल्दी ही आउट हो गए थे। पिछले मैच में तो अभिषेक शर्मा खाता भी नहीं खोल सके थे, और हेड महज सात रन बनाकर आउट हो गए थे।
श्रेयस अय्यर की वापसी
पंजाब के पास एक मजबूत बैटिंग लाइन-अप है। प्रियांश आर्या ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ टीम को शानदार शुरुआत दिलाई, जबकि प्रभसिमरन ने दोनों मैचों में बेहतरीन बल्लेबाजी की है।
कप्तान श्रेयस अय्यर भी अर्धशतक बनाकर फॉर्म में लौट आए हैं। कूपर कोनोली टीम के लिए एक भरोसेमंद खिलाड़ी साबित हो रहे हैं।
तीन नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए, उन्होंने दो मैचों में 72 और 36 रनों की पारी खेली और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
हेड टू हेड में कौन आगे?
सनराइजर्स हैदराबाद और पंजाब किंग्स के बीच अब तक 24 मुकाबले हो चुके हैं, जिनमें से 17 मैच हैदराबाद ने जीते हैं और सिर्फ 7 मैच पंजाब ने। हेड टू हेड रिकॉर्ड पूरी तरह से SRH के पक्ष में है।
इस सीजन पंजाब को हल्के में नहीं लिया जा सकता क्योंकि इस सीजन में टीम एकदम शानदार फॉर्म में नजर आ रही है।
टॉस जीतने वाली टीम का पलड़ा भारी
मुल्लांपुर स्टेडियम में अब तक आईपीएल के 12 मैच हो चुके हैं। इनमें से पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने छह मैच जीते हैं और दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने वाली टीम ने भी छह मैच जीते हैं।
वहीं टॉस जीतने वाली टीम ने आठ मैच और टॉस हारने वाली टीम ने चार मैच जीते हैं। इस मैदान पर सबसे बड़ा स्कोर मुंबई इंडियंस के नाम है, जिन्होंने 228 रन बनाए थे।
सबसे कम स्कोर 95 रन का है, जब कोलकाता नाइट राइडर्स महज 95 रन पर ही ऑलआउट हो गई थी। पंजाब का यहां का सबसे बड़ा रन चेज 165 रनों का है।
प्वॉइंट्स टेबल में कौन कहां?
पंजाब किंग्स ने अब तक तीन मैच खेले हैं, जिनमें से दो मैच उन्होंने जीते हैं और एक मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था। इस वजह से पंजाब पांच अंकों के साथ प्वॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर है। वहीं सनराइजर्स हैदराबाद ने भी तीन मैच खेले हैं, लेकिन टीम सिर्फ एक मैच ही जीत पाई है और दो मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा है। इस कारण, हैदराबाद प्वॉइंट्स टेबल में 6वें स्थान पर है।
ये खबरें भी पढ़िए...
रायपुर एयरपोर्ट पर IPL का रोमांच! लाइव दिखाया जाएगा हर मैच
रायपुर में IPL के दो बड़े मैच; MI और KKR से भिड़ेगी कोहली की RCB, शाहरुख के आने की भी चर्चा
MPCA की नई पेंशन योजना, अंतरराष्ट्रीय और घरेलू महिला क्रिकेटरों को मिलेंगे हर माह 12 हजार तक
महादेव के बाद सांई सट्टा ऐप की एंट्री; IPL में लाखों का दांव, पुलिस ने हाईटेक रैकेट को दबोचा