Pension Alert: पेंशनभोगियों के पास कल तक का मौका, नहीं किया ये काम तो रुक सकती है पेंशन
राहत की बात यह है कि इस काम के लिए अब बैंक जाने की भी जरूरत नहीं है। स्मार्टफोन की मदद से घर बैठे ही यह प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
क्यों जरूरी है जीवन प्रमाणपत्र?
कई बुजुर्गों के लिए पेंशन ही रोजमर्रा के खर्चों का मुख्य सहारा होती है। ऐसे में पेंशन रुकने से दवाइयों से लेकर घर के खर्च तक का बजट बिगड़ सकता है। जीवन प्रमाणपत्र यानी Life Certificate इस बात का प्रमाण होता है कि पेंशन पाने वाला व्यक्ति जीवित है और पेंशन पाने का हकदार है। यही वजह है कि पेंशनभोगियों को हर साल यह दस्तावेज संबंधित पेंशन वितरण प्राधिकरण के पास जमा करना होता है।
अब बैंक जाने की नहीं पड़ेगी जरूरत
सरकार की आधार आधारित डिजिटल सुविधा ने पेंशनभोगियों का काम आसान कर दिया है। खासकर उन बुजुर्गों के लिए यह सुविधा काफी मददगार है, जिन्हें बैंक जाने में परेशानी होती है। पात्र पेंशनभोगी जीवन प्रमाण फेस ऐप की मदद से अपने स्मार्टफोन के कैमरे के जरिए चेहरे की पहचान कराकर डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र बनवा सकते हैं।
इन दस्तावेजों को रखें तैयार
ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू करने से पहले कुछ जरूरी जानकारियां अपने पास रख लें।
- आधार नंबर
- मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी
- पेंशन भुगतान आदेश (PPO) नंबर
- पेंशन से जुड़ा बैंक खाता नंबर
- पेंशन देने वाले बैंक या एजेंसी का नाम
- पेंशन मंजूर करने वाले प्राधिकरण की जानकारी
घर बैठे ऐसे जमा करें जीवन प्रमाणपत्र
- अपने स्मार्टफोन में जीवन प्रमाण फेस ऐप और आधार फेस आरडी ऐप डाउनलोड करें।
- जीवन प्रमाण फेस ऐप खोलकर स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों का पालन करें।
- ऑपरेटर की जरूरी जानकारी भरकर शुरुआती फेस ऑथेंटिकेशन पूरा करें।
- अब पेंशनभोगी का आधार नंबर, मोबाइल नंबर और अन्य जरूरी जानकारियां दर्ज करें।
- इसके बाद पीपीओ नंबर, बैंक खाते और पेंशन से संबंधित प्राधिकरण का विवरण भरें।
- आगे बढ़ने से पहले सभी जानकारियों को अच्छी तरह जांच लें।
- अब मोबाइल के कैमरे के सामने अपना चेहरा रखें और स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों के अनुसार पलकें झपकाएं।
- चेहरे की पहचान सफल होते ही प्रमाणपत्र जमा करने की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।
इसके बाद मोबाइल पर एक एसएमएस आएगा, जिसमें जीवन प्रमाण आईडी मिलेगी। इसकी मदद से Digital Life Certificate प्राप्त किया जा सकता है। पेंशन का भुगतान करने वाली संस्था भी जीवन प्रमाण के ऑनलाइन रिकॉर्ड से इस प्रमाणपत्र को हासिल कर सकती है।
स्मार्टफोन नहीं है तो क्या करें?
अगर किसी पेंशनभोगी के पास स्मार्टफोन नहीं है या उसे ऑनलाइन प्रक्रिया समझने में परेशानी हो रही है, तो चिंता करने की जरूरत नहीं है। वह अपने पेंशन वितरणकर्ता बैंक या किसी अन्य अधिकृत एजेंसी के पास जाकर कागजी जीवन प्रमाणपत्र भी जमा कर सकता है। ऐसे में बेहतर होगा कि आखिरी तारीख का इंतजार न करें और समय रहते यह जरूरी काम पूरा कर लें, ताकि अगले महीने की पेंशन मिलने में कोई परेशानी न हो।