साहब 41 की हो गई हूं, अब तो शादी करा दो, घरवालों से तंग आकर थाने पहुंची युवती

Anjali Dwivedi | May 03, 2026, 18:15 IST
Prayagraj Woman Marriage Complaint
प्रयागराज में 41 साल की माधुरी पटेल ने परिजनों पर शादी न कराने और मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पुलिस से मदद मांगी है। भाई-भाभी पर खर्च से बचने के लिए रिश्ता ठुकराने का आरोप है।

UP News. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे सुनकर हर कोई हैरान है। आमतौर पर लोग जमीन-जायदाद या मारपीट की शिकायत लेकर पुलिस के पास जाते हैं, लेकिन सराय इनायत थाने पहुंची एक महिला की गुहार बिल्कुल अलग थी।



41 साल की माधुरी पटेल ने अपने ही परिवार पर शादी न कराने का संगीन आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उम्र ढ़लती जा रही है, लेकिन घरवाले उनके हाथ पीले करने को तैयार नहीं हैं।



कैसे उजागर हुआ ये मामला

इस मामले ने तब तूल पकड़ा जब माधुरी का एक 16 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में माधुरी का दर्द साफ छलक रहा है। उन्होंने सीधे तौर पर अपने भाई और भाभी पर आरोप लगाया है कि वे जानबूझकर उनकी शादी में अड़ंगा डाल रहे हैं। माधुरी का कहना है कि वे शादी करके अपना घर बसाना चाहती हैं, लेकिन उनके अपने ही उनकी खुशियों के दुश्मन बने हुए हैं।



पैसे खर्च होंगे, इसलिए ठुकरा देते हैं हर रिश्ता

सराय इनायत थाने में दी गई शिकायत में माधुरी ने बताया कि जब भी उनके लिए कोई अच्छा रिश्ता आता है, तो उनके भाई उसे सिरे से खारिज कर देते हैं। माधुरी के मुताबिक, उनके भाई का कहना है कि शादी में बहुत पैसा खर्च होगा। आरोप है कि भाई ने परिवार की जमीन भी अपने नाम करवा ली है, लेकिन जब बहन की शादी की बात आती है, तो वे खर्च का हवाला देकर पीछे हट जाते हैं।



अपनों के बीच रहकर भी 20 साल से अकेली

मनापुर गांव की रहने वाली माधुरी की आपबीती किसी फिल्म की कहानी जैसी लगती है। उन्होंने बताया कि वह पिछले 20 साल से अपने ही घर में एक अलग-थलग जिंदगी जी रही हैं। माता-पिता ने उन्हें पारिवारिक विवादों के चलते खुद से अलग कर दिया है। शिकायत में माधुरी ने अपने पिता रामराज, मां बिमला देवी, भाई राजेन्द्र, भाभी पूनम और बहन विद्या पर मानसिक उत्पीड़न और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं।



माधुरी ने पुलिस से लगाई गुहार

माधुरी का कहना है कि उनका परिवार न तो उन्हें खाने-पीने का सामान देता है और न ही कोई आर्थिक मदद करता है। वह छोटे-मोटे काम करके अपना गुजारा कर रही हैं। तंग आकर उन्होंने अब कानून का दरवाजा खटखटाया है।



माधुरी ने पुलिस से भावुक अपील की है कि उनकी शादी किसी अच्छे लड़के से करा दी जाए, ताकि वह बाकी की जिंदगी सम्मान के साथ जी सकें। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।



ये खबरें भी पढ़ें....



वर्क लोड से परेशान लोगों के लिए था पावर नैप कॉन्टेस्ट, मौके पर पहुंच कर सो गए हजारों लोग



10 मई को एमपी का दौरा करेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जानें क्या है कारण?



देश दुनिया न्यूज: ईरान-इजराइल युद्ध का 65वां दिन: भारत का LPG जहाज होर्मुज से निकल, खत्म हो सकती है सिलेंडर की मारामारी



गुजरात यूनिवर्सिटी में पढ़ाई जाएगी मोदी की लीडरशिप, आरएसएस भी होगा कोर्स का हिस्सा



Tags:
  • UP News
  • प्रयागराज
  • सोशल मीडिया
  • उत्तर प्रदेश
  • देश दुनिया न्यूज