ट्रेन टिकट से रेल मदद तक, Rail One ऐप करेगा A to Z काम; एक ही ऐप में मिलेंगी रेलवे की कई सुविधाएं

Arohi Raj | Sootr Creatives | Published:
टिकट बुकिंग से लेकर RailMadad तक सुविधा मिलेगी।
Millions of people travel by Indian Railways every day—some heading to work, others returning home. This involves various tasks, ranging from booking tickets to checking PNR status.
भारतीय रेलवे से रोजाना करोड़ों लोग सफर करते हैं। किसी को ऑफिस जाना होता है, तो कोई घर लौटता है। ऐसे में टिकट बुक करने से लेकर PNR चेक करने तक कई काम होते हैं। इन कामों के लिए लोग अलग-अलग ऐप का सहारा लेते हैं। कई बार टिकट लेने के लिए स्टेशन पर लाइन भी लगानी पड़ती है।

अब रेलवे के कई काम एक ही ऐप से हो सकेंगे। भारतीय रेलवे का रेल वन (Rail One) ऐप यात्रियों को कई सुविधाएं देता है। इसके जरिए रिजर्वेशन, जनरल और प्लेटफॉर्म टिकट खरीदे जा सकते हैं। ट्रेन कहां पहुंची है, यह भी ऐप से पता लगा सकते हैं। साथ ही PNR स्टेटस चेक करने की सुविधा भी मिलती है।



इसके अलावा सफर के दौरान कोई परेशानी होने पर रेल मदद (RailMadad) से मदद मांग सकते हैं। यानी रेलवे की कई जरूरी सेवाओं के लिए अलग-अलग ऐप रखने की जरूरत नहीं होगी। रेल वन ऐप डाउनलोड करके इन सुविधाओं का इस्तेमाल किया जा सकता है।



क्या है और कैसे काम करता है ऐप?



रेल वन भारतीय रेलवे का ऑफिशियल ऐप है। इसे 1 जुलाई 2025 को लॉन्च किया गया था। इसका उद्देश्य रेलवे की अलग-अलग डिजिटल सेवाओं को एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराना है। इस ऐप में सिंगल साइन-ऑन (SSO) की सुविधा दी गई है। यानी यात्री एक ही लॉगइन से कई रेलवे सेवाओं का इस्तेमाल कर सकते हैं। उन्हें अलग-अलग ऐप डाउनलोड करने और कई पासवर्ड याद रखने की जरूरत नहीं पड़ती है।



Rail One ऐप एंड्रॉयड और आईफोन दोनों यूजर्स के लिए उपलब्ध है। इसे गूगल प्ले स्टोर और एप्पल एप स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। ऐप में टिकट बुकिंग के साथ ट्रेन से जुड़ी जानकारी और यात्री सहायता जैसी सुविधाएं भी मिलती हैं।



1. रिजर्वेशन टिकट बुक करने की सुविधा

इस ऐप से ट्रेन में रिजर्वेशन टिकट बुक करना आसान है। यात्री अपने मोबाइल से ही टिकट बुक कर सकते हैं। इसके लिए रेलवे स्टेशन जाने या टिकट काउंटर पर लाइन लगाने की जरूरत नहीं है। इस ऐप से स्लीपर और AC कोच के टिकट बुक किए जा सकते हैं। यात्री अपने लिए ही नहीं, बल्कि परिवार के सदस्यों के लिए भी टिकट बुक कर सकते हैं। इससे टिकट बुकिंग का काम घर बैठे पूरा हो जाता है।



2. जनरल टिकट खरीदने के लिए लाइन में नहीं लगना होगा

जनरल टिकट खरीदने के लिए अक्सर यात्रियों को स्टेशन पर लाइन लगानी पड़ती है। खासकर भीड़भाड़ वाले स्टेशनों पर टिकट लेने में काफी समय लग जाता है। Rail One ऐप इस परेशानी को कम करने में मदद करता है।



इस ऐप से अनारक्षित यानी जनरल टिकट खरीदे जा सकते हैं। इसके लिए स्टेशन पर मौजूद QR Code को स्कैन करना होगा। इसके बाद यात्री अपने लिए या परिवार के सदस्यों के लिए जनरल टिकट खरीद सकते हैं।



इस सुविधा से टिकट खरीदने में लगने वाला समय बच सकता है। यात्रियों को टिकट काउंटर पर लंबी लाइन में खड़े रहने की परेशानी भी कम होगी।



3. प्लेटफॉर्म टिकट भी मोबाइल से खरीदें

अगर आप किसी दोस्त, रिश्तेदार या परिवार के सदस्य को ट्रेन में बैठाने स्टेशन जा रहे हैं, तो प्लेटफॉर्म टिकट की जरूरत पड़ सकती है। पहले इसके लिए स्टेशन पर टिकट खरीदना पड़ता था। अब Rail One ऐप से प्लेटफॉर्म टिकट भी खरीदा जा सकता है। इससे स्टेशन पहुंचने से पहले ही टिकट खरीदने का विकल्प मिलता है। यात्रियों को प्लेटफॉर्म टिकट के लिए अलग से काउंटर पर जाने की जरूरत नहीं होगी।



4. लाइव ट्रेन स्टेटस और PNR की जानकारी

ट्रेन कितनी देर से चल रही है, कहां पहुंची है और स्टेशन पर कब आएगी? ऐसी जानकारी यात्रियों के लिए काफी जरूरी होती है। रेल वन ऐप से ट्रेन का लाइव रनिंग स्टेटस चेक किया जा सकता है। इस सुविधा की मदद से यात्री ट्रेन की मौजूदा स्थिति जान सकते हैं। ट्रेन के लेट होने की जानकारी भी देख सकते हैं।



इससे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करने वाले यात्रियों को काफी मदद मिल सकती है। ऐप में PNR चेक करने की सुविधा भी दी गई है। यात्री अपने टिकट का PNR नंबर डालकर टिकट से जुड़ी जानकारी देख सकते हैं। इसके अलावा ट्रेन की कोच पोजिशन यानी ट्रेन में अपना कोच कहां लगेगा, इसकी जानकारी भी मिल सकती है।



5. RailMadad से शिकायत और सहायता का विकल्प

रेल यात्रा के दौरान कई बार यात्रियों को परेशानी होती है। ट्रेन में साफ-सफाई, सुरक्षा, सुविधाओं या अन्य समस्याओं को लेकर शिकायत करनी पड़ सकती है। ऐसी स्थिति में रेल वन ऐप में रेल मदद की सुविधा मौजूद है। रेल मदद रेलवे का शिकायत और सहायता प्लेटफॉर्म है।



इसके जरिए यात्री अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। रेलवे की हेल्पलाइन 139 समेत कई माध्यमों से भी मदद ली जा सकती है। इस सुविधा से यात्री अपनी परेशानी रेलवे तक पहुंचा सकते हैं। शिकायतों के समाधान के लिए रेलवे की व्यवस्था का इस्तेमाल कर सकते हैं।



6. सफर के दौरान खाना भी कर सकते हैं ऑर्डर

Rail One ऐप में यात्रियों के लिए खाने का ऑर्डर करने की सुविधा भी दी गई है। यात्री सफर के दौरान इस सुविधा का इस्तेमाल करके खाना ऑर्डर कर सकते हैं। इससे यात्रियों को ट्रेन यात्रा के दौरान खाने की व्यवस्था करने में मदद मिलती है। इसके अलावा ऐप में आर वॉलेट (R Wallet) की सुविधा भी दी गई है। इसका इस्तेमाल ऐप में उपलब्ध डिजिटल सेवाओं के लिए किया जा सकता है।



FAQs



  1. रेल वन ऐप क्या है और इसे कब लॉन्च किया गया था?
    रेल वन ऐप भारतीय रेलवे का ऑफिशियल ऐप है जिसे 1 जुलाई 2025 को लॉन्च किया गया था। इसका उद्देश्य रेलवे की अलग-अलग डिजिटल सेवाओं को एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराना है।
  2. रेल वन ऐप से टिकट कैसे बुक कर सकते हैं?
    रेल वन ऐप से यात्री आसानी से रिजर्वेशन, जनरल और प्लेटफॉर्म टिकट बुक कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें रेलवे स्टेशन जाने या टिकट काउंटर पर लाइन लगाने की जरूरत नहीं है।
  3. रेल मदद क्या है और इसका उपयोग कैसे किया जा सकता है?
    RailMadad रेलवे का शिकायत और सहायता प्लेटफॉर्म है, जिसका उपयोग यात्री अपनी शिकायतें दर्ज कराने और यात्रा के दौरान किसी भी परेशानी के लिए सहायता मांगने के लिए कर सकते हैं।
Tags:
  • Rail One App
  • रेल वन ऐप
  • Indian Railways
  • भारतीय रेलवे
  • Train Ticket Booking
  • रेलवे टिकट बुकिंग
  • जनरल टिकट