राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 का ऐलान, 12 साल बाद किसी को नहीं मिला खेल रत्न

Aman Vaishnav | Aug 18, 2026, 14:59 IST
राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 का ऐलान
खेल मंत्रालय ने राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 की घोषणा कर दी है। इस बार किसी खिलाड़ी को खेल रत्न नहीं मिला, जबकि 17 खिलाड़ियों को अर्जुन अवॉर्ड मिला है।

खेल मंत्रालय ने मंगलवार को राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 का ऐलान कर दिया है। इस बार 12 साल बाद ऐसा हुआ है, जब किसी भी खिलाड़ी को खेल रत्न अवॉर्ड नहीं दिया गया। इससे पहले 2014 में किसी खिलाड़ी को खेल रत्न नहीं मिला था।



इस साल 17 खिलाड़ियों को अर्जुन अवॉर्ड के लिए चुना गया है। इनमें चेस खिलाड़ी दिव्या देशमुख और विदित गुजराती, एथलीट तेजस्विन शंकर और बैडमिंटन खिलाड़ी गायत्री गोपीचंद और तृषा जॉली जैसे बड़े नाम शामिल हैं।



वहीं, फुटबॉल के दिग्गज खिलाड़ी 84 साल के आई. अरुमायनायगम को अर्जुन अवॉर्ड की लाइफटाइम कैटेगरी के लिए चुना गया है। वह 1962 के जकार्ता एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वाली भारतीय फुटबॉल टीम का हिस्सा रहे थे।



अर्जुन अवॉर्ड के लिए 17 खिलाड़ियों को चुना

इस साल अर्जुन अवॉर्ड के लिए कुल 17 खिलाड़ियों को चुना गया है। इनमें एथलेटिक्स से तेजस्विन शंकर, मुहम्मद अजमल वी. और प्रियंका गोस्वामी शामिल हैं।



बैडमिंटन में त्रिशा जॉली और पुलेला गायत्री गोपीचंद, बॉक्सिंग में नीतंदर, जबकि चेस में विदित संतोष गुजराथी और दिव्या जितेंद्र देशमुख को सम्मान मिलेगा।



इसके अलावा डीफ शूटिंग से धनुष श्रीकांत, हॉकी से लालरेमसियामी और राजकुमार पाल, कबड्डी से सुरजीत और पूजा, पैरा-शूटिंग से रुद्रांश खंडेलवाल, पैरा-एथलेटिक्स से एकता भयान, रोइंग से अरविंद सिंह और शूटिंग से अखिल श्योरण को अर्जुन अवॉर्ड के लिए चुना गया है।



दिव्या देशमुख और विदित गुजराती को अर्जुन अवॉर्ड

चेस में दिव्या देशमुख और विदित गुजराती को अर्जुन अवॉर्ड के लिए चुना गया है। दिव्या ने 2025 में FIDE विमेंस वर्ल्ड कप जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की थी। वह भारत की टॉप महिला चेस खिलाड़ियों में शामिल हैं।



बैडमिंटन में गायत्री-तृषा का नाम

बैडमिंटन में गायत्री गोपीचंद और त्रिशा जॉली को भी अर्जुन अवॉर्ड के लिए चुना गया है। दोनों महिला डबल्स में भारत की प्रमुख खिलाड़ियों में शामिल हैं।



तेजस्विन शंकर को भी मिलेगा सम्मान

एथलेटिक्स में तेजस्विन शंकर का नाम भी अर्जुन अवॉर्ड के लिए चुना गया है। वह हाई जंप के साथ डेकाथलॉन में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। कॉमनवेल्थ गेम्स में डेकाथलॉन में मेडल जीतकर उन्होंने इतिहास रचा था।



ये खबरें भी पढ़िए...

राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 का ऐलान, 12 साल बाद किसी को नहीं मिला खेल रत्न



एशियन गेम्स के लिए एमपी के 19 खिलाड़ी क्वालिफाई, शूटिंग में MP का दबदबा



MPCA में AI से होगा खिलाड़ी का चयन, डेटा से चुनेगा क्रिकेटर



कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत ने तोड़ा अपना ही रिकॉर्ड, एक दिन में जीते 8 गोल्ड



Tags:
  • एशियन गेम्स
  • विमेंस वर्ल्ड कप
  • कॉमनवेल्थ गेम्स
  • गोल्ड मेडल
  • अर्जुन अवॉर्ड