RBI New Rules: बैंक खाते में लगेगा इमरजेंसी ब्रेक, एक क्लिक में रुकेगी पैसों की निकासी, साइबर ठगों पर लगेगी लगाम!
आरबीआई ने साइबर ठगी रोकने के लिए स्टॉप स्विच और ट्रस्टेड पर्सन मैकेनिज्म का प्रस्ताव पेश किया है। इन सुविधाओं के जरिए ग्राहकों को अपने बैंक खाते की सुरक्षा पर ज्यादा नियंत्रण मिल सकेगा।
गाड़ी के ब्रेक की तरह काम करेगा स्टॉप स्विच
जिस तरह अचानक खतरा दिखने पर गाड़ी में ब्रेक लगाया जाता है, ठीक उसी तरह बैंक खाते में Stop Switch काम करेगा। यदि किसी ग्राहक को साइबर ठगी या अकाउंट हैक होने का शक होता है, तो वह इस सुविधा के जरिए खाते से पैसे निकलने पर तुरंत रोक लगा सकेगा। स्विच चालू होते ही खाते से कोई नया डिजिटल लेनदेन नहीं हो सकेगा। इसके अलावा ऑटोमैटिक पेमेंट के लिए नई अनुमति देने, भुगतान संबंधी नए निर्देश जोड़ने और किसी नए थर्ड-पार्टी ऐप पर यूपीआई रजिस्टर करने पर भी रोक लग जाएगी।
स्मार्टफोन नहीं है, तब भी मिलेगी सुविधा
आरबीआई के प्रस्ताव की खास बात यह है कि इसके लिए ग्राहकों के पास स्मार्टफोन होना जरूरी नहीं होगा। मोबाइल बैंकिंग और इंटरनेट बैंकिंग के अलावा एटीएम, बैंक शाखा या कस्टमर केयर के जरिए भी ग्राहक इस सुविधा को चालू या बंद कर सकेंगे। इससे उन लोगों को भी फायदा मिल सकेगा, जिन्हें मोबाइल से बैंकिंग करना नहीं आता है।
ठगों के लिए आसान नहीं होगा सुरक्षा हटाना
अगर साइबर ठग किसी ग्राहक का मोबाइल हैक कर लेते हैं, तो वे इस सुरक्षा सुविधा को आसानी से बंद नहीं कर पाएंगे। स्टॉप स्विच हटाने के लिए बैंक कई स्तरों पर ग्राहक की पहचान की पुष्टि करेगा। इसके साथ ही एक निश्चित Cooling Period भी होगा। यानी स्विच बंद करने का अनुरोध देने के बाद कुछ समय तक इंतजार करना पड़ेगा।
बड़ी रकम भेजने से पहले भरोसेमंद व्यक्ति की मंजूरी
आरबीआई ने ‘Trusted Person Mechanism’ का भी प्रस्ताव दिया है। इसके तहत ग्राहक अपने परिवार के किसी सदस्य या 18 साल से अधिक उम्र के भरोसेमंद व्यक्ति को चुन सकेगा। साथ ही ग्राहक खुद तय करेगा कि कितनी रकम से अधिक के ट्रांसफर पर उस व्यक्ति की मंजूरी जरूरी होगी। यदि आरटीजीएस (RTGS) या एनईएफटी (NEFT) के जरिए तय सीमा से ज्यादा रकम भेजी जाती है, तो बैंक संबंधित भरोसेमंद व्यक्ति को अलर्ट भेजेगा। एक घंटे के भीतर उसकी मंजूरी मिलने पर ही रकम ट्रांसफर हो सकेगी।
बुजुर्गों और आम परिवारों को मिलेगा फायदा
अक्सर साइबर ठग फर्जी पुलिस अधिकारी या बैंक कर्मचारी बनकर लोगों को डराते हैं और उनसे मोटी रकम ट्रांसफर करवा लेते हैं। ऐसे मामलों में यह सुविधा बुजुर्गों और डिजिटल बैंकिंग की कम जानकारी रखने वाले लोगों के लिए मददगार साबित हो सकती है। बड़ी रकम भेजने से पहले किसी भरोसेमंद व्यक्ति की मंजूरी जरूरी होने से ठगी का खतरा कम हो सकता है।
क्या अभी मिलने लगेगी यह सुविधा?
फिलहाल आरबीआई ने इन दोनों सुविधाओं का प्रस्ताव पेश किया है। इन्हें लागू हो चुके नियम नहीं समझना चाहिए। यदि ये प्रस्ताव लागू होते हैं, तो ग्राहकों को अपनी जमा-पूंजी सुरक्षित रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा विकल्प मिल सकेंगे। हालांकि, साइबर ठगी से बचने के लिए सतर्क रहना भी जरूरी होगा।
साइबर ठगी रोकने के लिए बढ़ाई जा रही सुरक्षा
डिजिटल बैंकिंग के बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर ठगी के मामलों पर रोक लगाने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक और बैंकिंग संस्थाएं सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दे रही हैं। आरबीआई के प्रस्तावित ‘स्टॉप स्विच’ और ‘ट्रस्टेड पर्सन मैकेनिज्म’ जैसी सुविधाओं से ग्राहकों को अपने बैंक खातों की सुरक्षा पर अधिक नियंत्रण मिल सकेगा। इसके अलावा संदिग्ध लेनदेन की पहचान, मल्टी लेयर वेरिफिकेशन, ट्रांजैक्शन अलर्ट और भुगतान सीमा निर्धारित करने जैसे उपाय भी साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने में मददगार साबित हो सकते हैं।
ग्राहकों की सतर्कता भी बेहद जरूरी
साइबर ठगी से बचने के लिए ग्राहकों को भी विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, यूपीआई पिन, एटीएम पिन और बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। इसके अलावा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने, अनजान ऐप डाउनलोड करने, स्क्रीन शेयरिंग और फर्जी निवेश योजनाओं से बचना चाहिए। डिजिटल अरेस्ट, फर्जी केवाईसी अपडेट, ऑनलाइन लोन और पुलिस या बैंक अधिकारी बनकर डराने वाले साइबर अपराधियों से भी सतर्क रहने की आवश्यकता है।
ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत
यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी होती है, तो उसे बिना समय गंवाए संबंधित बैंक को सूचना देकर खाते से होने वाले संदिग्ध लेनदेन पर रोक लगवानी चाहिए। इसके साथ ही राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करके या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम को आगे दूसरे खातों में पहुंचने से रोकने और वापस पाने की संभावना बढ़ सकती है। तकनीकी सुरक्षा, बैंकिंग नियमों में सुधार और आम लोगों में जागरूकता के जरिए साइबर अपराधों पर काफी हद तक अंकुश लगाया जा सकता है।
साइबर ठगी से बचने के उपाय
- किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम पिन, यूपीआई पिन, पासवर्ड और बैंक खाते की गोपनीय जानकारी साझा न करें।
- मोबाइल पर आने वाले संदिग्ध लिंक, ईमेल और मैसेज पर क्लिक न करें।
- किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में ऐप डाउनलोड या स्क्रीन शेयरिंग न करें।
- फर्जी निवेश योजनाओं, लॉटरी, कैशबैक और कम समय में पैसा दोगुना करने के लालच से बचें।
- डिजिटल अरेस्ट की धमकी देने वाले फर्जी पुलिस और सरकारी अधिकारियों के झांसे में न आएं।
- पैसे प्राप्त करने के लिए क्यूआर कोड स्कैन करने या यूपीआई पिन डालने की जरूरत नहीं होती है।
- सार्वजनिक वाई-फाई नेटवर्क का इस्तेमाल करके बैंकिंग लेनदेन करने से बचें।
- बैंक खाते की दैनिक लेनदेन सीमा निर्धारित करें और एसएमएस अलर्ट चालू रखें।
- सोशल मीडिया पर अपनी निजी और वित्तीय जानकारी सार्वजनिक न करें।
- मजबूत पासवर्ड और टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन का इस्तेमाल करें।
- केवाईसी अपडेट या बैंक खाता बंद होने संबंधी संदेशों की पुष्टि बैंक के आधिकारिक माध्यम से करें।
- बैंक खाते से अनधिकृत तरीके से पैसे निकलने पर तत्काल बैंक को सूचना दें।