पाक सीमा पर अब रोबोट करेंगे दुश्मनों की निगरानी! भारतीय सेना ने उतारे चार पैरों वाले खास पहरेदार
अखनूर और राजौरी में तैनात किए गए रोबोट
भारतीय सेना को जून 2024 में 100 चार पैरों वाले रोबोट की पहली खेप मिली थी। इन्हें MULE (मल्टी-यूटिलिटी लेग्ड इक्विपमेंट) कहा जाता है।
इसके बाद सेना ने जम्मू-कश्मीर के अखनूर और राजौरी जैसे संवेदनशील इलाकों में इनकी तैनाती बढ़ाई है। हाल ही में अखनूर सेक्टर में गश्त करते इन रोबोट के वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे।
रक्षा सूत्रों के मुताबिक, जम्मू में नियंत्रण रेखा (LoC) और सीमा पर ऐसे सैकड़ों रोबोट तैनात किए जा चुके हैं। ये निगरानी के साथ सैनिकों तक जरूरी सामान पहुंचाने में भी मदद कर रहे हैं।
बर्फ और पहाड़ों पर भी चल सकते हैं रोबोट
ये रोबोट उन रास्तों पर भी चल सकते हैं, जहां सामान्य गाड़ियां नहीं पहुंच पातीं। इन्हें 45 डिग्री तक की ढलान पर चढ़ने और बर्फीले, रेगिस्तानी तथा नदी वाले इलाकों से गुजरने के लिए तैयार किया गया है।
ये माइनस 40 डिग्री से लेकर 55 डिग्री सेल्सियस तक के तापमान में काम कर सकते हैं। साथ ही 12 से 15 किलो तक वजन भी उठा सकते हैं। इनमें गोला-बारूद, राशन और ईंधन जैसा सामान शामिल है।
कैमरे और सेंसर से दुश्मनों पर नजर
चार पैरों वाले इन रोबोट में 360 डिग्री कैमरे, थर्मल कैमरे, इंफ्रारेड तकनीक और रडार सिस्टम लगाए गए हैं। इनकी मदद से ये आसपास की गतिविधियों पर नजर रख सकते हैं और संभावित खतरे की पहचान कर सकते हैं।
ये रोबोट सेना को Real-Time जानकारी देने और घुसपैठियों के खिलाफ चलाए जाने वाले ऑपरेशन में मदद कर सकते हैं।
सीमा पर AI और स्मार्ट फेंसिंग का भी इस्तेमाल
भारतीय सेना 740 किलोमीटर से ज्यादा लंबी नियंत्रण रेखा पर निगरानी मजबूत करने के लिए नई तकनीकों का इस्तेमाल कर रही है।
इसमें Artificial Intelligence (AI), हाई-टेक सेंसर, स्मार्ट फेंसिंग और सैटेलाइट से मिलने वाली जानकारी शामिल है। इसके अलावा अलग-अलग सुरक्षा एजेंसियां भी आपस में खुफिया जानकारी साझा कर रही हैं।
सेना ने जम्मू-कश्मीर में सीमा के कुछ हिस्सों में लेजर आधारित एंटी-ड्रोन सिस्टम और घुसपैठ का पता लगाने वाली तकनीक भी लगाई है। इन रोबोट और आधुनिक तकनीकों का मकसद सीमा की निगरानी बेहतर बनाना और कठिन इलाकों में तैनात सैनिकों का बोझ कम करना है।
FAQs
- भारतीय सेना ने देश की सीमा पर रोबोट क्यूं तैनात किए हैं?
भारतीय सेना ने दुश्मनों की निगरानी और घुसपैठ की कोशिशों की पहचान के लिए सीमा पर चार पैरों वाले रोबोट तैनात किए हैं। ये रोबोट कठिन इलाकों में गश्त करने में मदद करते हैं और सैनिकों तक जरूरी सामान भी पहुंचाते हैं। - ये चार पैरों वाले रोबोट किन परिस्थितियों में काम कर सकते हैं?
ये रोबोट बर्फ, पहाड़ों और ऊबड़-खाबड़ रास्तों पर चल सकते हैं। वे -40 डिग्री से 55 डिग्री सेल्सियस तापमान में काम करने के लिए तैयार किए गए हैं और 12 से 15 किलो तक का वजन उठाने की क्षमता रखते हैं। - इन रोबोटों में कौन-कौन सी तकनीकें शामिल हैं?
इन रोबोटों में 360 डिग्री कैमरे, थर्मल कैमरे, इंफ्रारेड तकनीक और रडार सिस्टम शामिल हैं, जिससे वे आसपास की गतिविधियों पर नजर रखते हुए संभावित खतरों की पहचान कर सकते हैं।