होर्मुज स्ट्रेट पर भारत की दोटूक, कहा- दादागीरी नहीं चलेगी! युद्ध से बढ़ रही है महंगाई

Amresh Kushwaha | May 18, 2026, 09:56 IST
strait of hormuz india iran israel war updates
ईरान-इजराइल युद्ध के बीच होर्मुज स्ट्रेट पर बढ़े तनाव को लेकर भारत ने सख्त रुख अपनाया है। यूएन में भारत ने कमर्शियल जहाजों पर हमलों और समुद्री रास्तों को रोकने पर तीखी आपत्ति जताई है।

Iran Israel War Update: ईरान-इजराइल जंग अब 80वें दिन में पहुंच चुकी है। मिडिल ईस्ट का यह तनाव लगातार गहराता जा रहा है। होर्मुज स्ट्रेट पर भारत ने अब कड़ा रुख अपनाया है। भारत ने जहाजों का रास्ता रोकने पर सख्त चेतावनी दी है। वहां कमर्शियल जहाजों पर हमले बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।



इधर ईरान समुद्र में नया नियम लाने की तैयारी में है। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को खुली धमकी दी है। इस बीच यूएई के न्यूक्लियर प्लांट पर ड्रोन हमला हुआ है। भारत ने इस खतरनाक हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है। इस महासंकट के बीच भारत की गैस सप्लाई लगातार जारी है।



होर्मुज स्ट्रेट पर भारत की दोटूक

भारत ने साफ कह दिया है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (Strait of Hormuz) में जहाजों को रोकना या उनके रास्ते में रोड़े अटकाना बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संयुक्त राष्ट्र (UN) में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पर्वतनेनी हरीश ने दोटूक शब्दों में कहा कि समुद्र से जुड़े अंतरराष्ट्रीय कानूनों का हर हाल में सम्मान होना चाहिए।



न्यूयॉर्क में गूंजी भारत की आवाज

न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र आर्थिक और सामाजिक परिषद (UNECOSOC) की एक खास बैठक में भारत ने अपना पक्ष रखा है। भारत की तरफ से कहा गया कि मिडिल ईस्ट (वेस्ट एशिया) में चल रही जंग की वजह से पूरी दुनिया में ऊर्जा और खाद का संकट गहराता जा रहा है। इस मुसीबत से बाहर निकलने के लिए दुनिया के देशों को मिलकर तुरंत और लंबे समय के कदम उठाने होंगे।



समंदर के लुटेरों और हमलों पर रोक जरूरी

भारत ने कहा कि कमर्शियल जहाजों (व्यापारिक जहाजों) पर हमले करना, उनके क्रू मेंबर्स की जान खतरे में डालना और होर्मुज स्ट्रेट जैसे अहम समुद्री रास्ते को रोकना किसी भी सूरत में मंजूर नहीं है। भारत का यह गुस्सा तब फूटा है जब ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों को कंट्रोल करने के लिए एक नया सिस्टम लाने की बात कही है।



इजराइल ईरान युद्ध: 17 - 18 मई 2026 के बड़े अपडेट्स

ईरान और अमेरिका के बीच चल रही जुबानी जंग और समुद्र में बढ़ती हलचल को आप इस आसान रिपोर्ट से समझ सकते हैं:



1. ईरान का नया नियम: जो हमारे साथ, रास्ता सिर्फ उसके लिए

ईरान की संसद में राष्ट्रीय सुरक्षा समिति के चीफ इब्राहिम अजीजी ने इस नए सिस्टम पर कहा कि इसका फायदा सिर्फ उन्हीं जहाजों और देशों को मिलेगा जो ईरान की मदद करेंगे। इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि इस नई व्यवस्था के तहत जहाजों से स्पेशल सर्विस टैक्स (शुल्क) भी वसूला जाएगा।



2. ट्रंप की चेतावनी और ईरान का पलटवार

इस पूरे विवाद के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने डराते हुए कहा है कि यदि मिडिल ईस्ट का संकट बातचीत से नहीं सुलझा, तो आने वाले दिनों में हालात बहुत ज्यादा खराब हो सकते हैं। दूसरी तरफ, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अमेरिका को ही आड़े हाथों लिया और कहा कि इस पूरे इलाके में शांति की राह में सबसे बड़ा रोड़ा खुद अमेरिका है।



3. UAE के न्यूक्लियर प्लांट पर हमला

भारत ने यूएई (UAE) के बराकाह न्यूक्लियर प्लांट पर हुए ड्रोन हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है। हमारे विदेश मंत्रालय (MEA) ने कहा कि इस तरह की हरकतें खतरनाक हैं और इनसे इलाके में तनाव और ज्यादा भड़क सकता है। भारत ने जोर देकर कहा कि परमाणु सुविधाओं जैसी संवेदनशील जगहों की सुरक्षा बेहद जरूरी है।



इस हमले को लेकर UAE के विदेश मंत्रालय ने बताया कि पश्चिमी सीमा की तरफ से एक ड्रोन आया था, जिसने बराकाह न्यूक्लियर प्लांट की बाहरी बाउंड्री के पास लगे एक बिजली जनरेटर को निशाना बनाया। राहत की बात यह रही कि इस हमले में कोई जख्मी नहीं हुआ और न ही वहां रेडिएशन (विकिरण) फैलने का कोई खतरा पैदा हुआ।



4. लीक हुईं अमेरिका की 5 शर्तें

ईरान की फार्स न्यूज एजेंसी ने दावा किया है कि अमेरिका ने ईरान के सामने शांति के लिए 5 बड़ी शर्तें रखी हैं। इस रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका जंग से हुए नुकसान का ईरान को एक भी पैसा मुआवजा नहीं देगा। साथ ही, अमेरिका चाहता है कि ईरान अपना 400 किलोग्राम संवर्धित यूरेनियम (Enriched Uranium) अमेरिका को सौंप दे।



अमेरिकी शर्तों में यह भी कहा गया है कि ईरान में सिर्फ एक ही परमाणु केंद्र चालू रहना चाहिए। इसके अलावा, अमेरिका ईरान की फ्रीज (जब्त) की गई विदेशी संपत्तियों में से सिर्फ 25% हिस्सा ही रिलीज करने को तैयार है। वॉशिंगटन चाहता है कि लेबनान समेत बाकी सभी मोर्चों पर चल रही जंग को बातचीत से खत्म किया जाए। हालांकि, अभी तक दोनों देशों ने आधिकारिक तौर पर इन शर्तों की पुष्टि नहीं की है।



5. जल्दी करो, वरना ईरान का नामोनिशान मिट जाएगा- ट्रंप

डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर खुली धमकी दी है। ट्रंप ने लिखा कि ईरान के लिए घड़ी की सुइयां तेजी से भाग रही हैं। उन्हें बहुत जल्द कोई फैसला लेना होगा, नहीं तो उनके पास कुछ नहीं बचेगा। समय बहुत कम है। दरअसल, परमाणु कार्यक्रम और प्रतिबंधों को लेकर दोनों देशों के बीच बातचीत फिर से अटक गई है।



screenshot-2026-05-18-091549_1779076012-134178


6. पहले पाबंदियां हटाओ, फिर करेंगे बात- ईरान

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पजशकियान ने अमेरिका और इजराइल पर उनके देश को बर्बाद करने की साजिश का आरोप लगाया है। ईरान का कहना है कि वह बातचीत की मेज पर तभी आएगा, जब क्षेत्र में सैन्य कार्रवाई रुकेगी, उन पर लगे प्रतिबंध हटाए जाएंगे और उनकी जब्त की गई संपत्ति वापस मिलेगी।



7. ट्रंप का रहस्यमयी पोस्ट: नक्शे के पीछे क्या है कहानी?

जंग के इस माहौल के बीच डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर मिडिल ईस्ट का एक नक्शा पोस्ट किया है, जिस पर अमेरिकी झंडा लगा हुआ है। इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर कयासों का बाजार गर्म हो गया है, क्योंकि ट्रंप ने इस फोटो के साथ कोई कैप्शन या बयान नहीं लिखा है।



screenshot-2026-05-18-074307_1779070447-676948


8. जंग के बीच भारत पहुंचा गैस का जहाज, मिशन जारी

इन तमाम खतरों और जंग के माहौल के बीच, एक और एलपीजी (LPG) टैंकर सुरक्षित तरीके से होर्मुज स्ट्रेट को पार करके भारत पहुंच गया है। सिमी नाम का यह जहाज मार्शल आइलैंड्स का झंडा लगाकर 20 हजार टन एलपीजी लेकर गुजरात के कांडला पोर्ट पहुंचा है। रिपोर्ट के मुताबिक, जंग शुरू होने के बाद से अब तक ऐसे 15 गैस जहाज सुरक्षित भारत आ चुके हैं।



ये खबरें भी पढ़िए...



होर्मुज संकट पर भारत ने दिखाए कड़े तेवर, ईरान बोला- जो हमारे साथ, रास्ता सिर्फ उसके लिए



ईरान-इजराइल युद्ध: ईरान ने दी खुली धमकी, कहा- अमेरिका का साथ दिया तो खैर नहीं!



ईरान-इजराइल युद्ध: ब्रिक्स देशों के विदेश मंत्रियों की दिल्ली में बैठक, मिडिल ईस्ट संकट पर हो सकती है चर्चा



ईरान-इजराइल युद्ध: भारत की मेजबानी में होगी ब्रिक्स देशों की बड़ी बैठक, ईरान के विदेश मंत्री भी होंगे शामिल



Tags:
  • भारत
  • अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप
  • संयुक्त राष्ट्र
  • इजराइल ईरान युद्ध
  • स्ट्रेट ऑफ होर्मुज
  • ईरान-इजराइल युद्ध
  • Iran Israel war update