तमिलनाडु के 9वें CM बनेंगे सुपर स्टार विजय: TVK को 5 पार्टियों का समर्थन, शपथ आज सुबह 10 बजे

Sanjay Dhiman | May 09, 2026, 23:19 IST
Photograph: (the sootr)
तमिलनाडु में अभिनेता विजय को 121 विधायकों का समर्थन मिल चुका है। शपथ ग्रहण समारोह रविवार, 10 मई की सुबह 10 बजे चेन्नई में होगा। TVK को अब 5 पार्टियों का समर्थन मिल गया है।

तमिलनाडु की राजनीति में कल एक नया इतिहास बनने जा रहा है। फिल्मी पर्दे पर दुश्मनों के छक्के छुड़ाने वाले थलपति विजय अब असली दुनिया के नायक बनने के लिए तैयार हैं। रविवार 10 मई की सुबह 10 बजे चेन्नई का जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम एक बड़ी राजनीतिक क्रांति का गवाह बनेगा।



तमिलनाडु के चहेते सुपरस्टार और TVK चीफ सी.जोसेफ विजय कल राज्य के 9वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। प्रशंसकों में भारी उत्साह है और पूरी चेन्नई नगरी को दुल्हन की तरह सजाया गया है।



राज्यपाल को सौंपा 121 विधायकों का समर्थन पत्र

शनिवार, 09 मई को विजय ने राजभवन में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से खास मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने सरकार बनाने के लिए 121 विधायकों का समर्थन पत्र उन्हें सौंपा था। बता दें कि राज्य में बहुमत का आंकड़ा 118 विधायकों का है। विजय ने इस जादुई आंकड़े को पार कर लिया है।



अब राज्यपाल ने उन्हें सरकार बनाने के लिए न्योता दे दिया है। महाबलीपुरम के रिसॉर्ट में रुके सभी विधायक पूरी तरह एकजुट नजर आ रहे हैं। वहां सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए हैं ताकि कोई चूक न हो।



बहुमत का गणित: कैसे मिली विजय को सत्ता की चाबी?

4 मई को जब चुनाव नतीजे आए, तो राज्य में सियासी हलचल तेज हो गई। विजय की पार्टी TVK 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनी थी। लेकिन बहुमत के लिए 10 सीटों की कमी अब भी खल रही थी। इसके बाद शुरू हुआ समर्थन जुटाने का असली सियासी खेल।



सबसे पहले कांग्रेस ने अपने 5 विधायकों के साथ विजय को समर्थन दिया। इसके बाद लेफ्ट पार्टियों यानी CPI और CPI(M) ने भी 2-2 विधायक देकर साथ निभाया। इस तरह विजय धीरे-धीरे सत्ता की दहलीज के करीब पहुँचते चले गए।



आखिरी वक्त तक बना रहा रोमांच: VCK और IUML का साथ

शुक्रवार की रात तक मामला थोड़ा फंसा हुआ नजर आ रहा था। VCK और IUML के समर्थन को लेकर सस्पेंस बरकरार था। शनिवार सुबह आखिरकार इन दोनों दलों ने अपने 2-2 विधायकों का समर्थन पत्र सौंप दिया। इसके साथ ही विजय का पलड़ा भारी हो गया और उनके पास 121 विधायक हो गए।



पिछले तीन दिनों से शपथ ग्रहण को लेकर जो अटकलें चल रही थीं, उन पर अब विराम लग गया है। अब कल सुबह विजय आधिकारिक तौर पर तमिलनाडु की कमान संभाल लेंगे।



सियासी घटनाक्रम की पूरी टाइमलाइन...

  • 4 मई: चुनाव नतीजों में TVK को मिलीं सबसे ज्यादा 108 सीटें।
  • 5 मई: कांग्रेस के 5 विधायक जुड़े, कुल संख्या 113 तक पहुंची।
  • 6 मई: गवर्नर ने बहुमत की कमी के कारण दावा ठुकरा दिया।
  • 7 मई: लेफ्ट पार्टियों का समर्थन मिला, आंकड़ा 117 पर पहुंचा।
  • 8 मई: VCK के समर्थन पर सस्पेंस रहा, शपथ ग्रहण फिर टला।
  • 9 मई: VCK और IUML का मिला साथ, कुल 121 विधायक हुए।

यह खबरें भी पढ़ें...



4000 बुकिंग रद्द: खराब मौसम के चलते चारधाम के बाद केदारनाथ की उड़ानें कैंसिल



रायपुर-बिलासपुर समेत कई शहरों में इंजीनियर बदले, रिसाली के ईई को मिला अतिरिक्त प्रभार



एमपी के गुना में अडानी समूह का बड़ा निवेश, 1056 करोड़ से लगेगा सीमेंट प्लांट



राजनांदगांव में फर्जी माईनिंग अफसर बनकर पहुंचा गिरोह, 10 हजार मांगने पर हुआ शक, महिला सहित 3 गिरफ्तार



Tags:
  • कांग्रेस
  • थलपति विजय
  • तमिलनाडु
  • मुख्यमंत्री
  • शपथ ग्रहण
  • चेन्नई
  • TVK