अयोध्या में रक्षा घेरा, रामजन्मभूमि की सुरक्षा के लिए एसएसएफ की पहली टीम पहुंची, तीन कंपनी में शामिल हैं 280 जवान

Pratibha Rana | Sept 12, 2023, 24:00 IST
अयोध्या में रक्षा घेरा, रामजन्मभूमि की सुरक्षा के लिए एसएसएफ की पहली टीम पहुंची, तीन कंपनी में शामिल हैं 280 जवान
श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा जनवरी 2024 में प्रस्तावित है, जिसको लेकर श्रीराममंदिर ट्रस्ट तैयारी में जुट गया है। समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रण पत्र भेजे जा रहे हैं।

Ayodhya. श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा जनवरी 2024 में प्रस्तावित है, जिसको लेकर श्रीराममंदिर ट्रस्ट तैयारी में जुट गया है। समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रण पत्र भेजे जा रहे हैं। देशभर में गौरव यात्रा इसी महीने के अंतिम दिनों में शुरू हो जाएगी। अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा उत्सव को ध्यान में रखते हुए पुलिस और प्रशासन मिलकर सुरक्षा तथा भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था में जुट गए हैं। श्रीरामजन्मभूमि की सुरक्षा के लिए विशेष सुरक्षा बल (एसएसएफ) की पहली टीम अयोध्या पहुंच गई है। एसएसएफ की तीन कंपनी में 280 जवान हैं। सोमवार (11 सितंबर) रात को कंपनियों की पुलिस लाइन में आमद हुई। मालूम हो, प्राण प्रतिष्ठा समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आना है। इससे पहले सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता बनाया जा रहा है।



एसएसएफ को आंतरिक और बाहरी परिसर की सुरक्षा जिम्मा



क्षेत्राधिकारी अयोध्या एसपी गौतम ने जवानों का जोरदार स्वागत किया। एसपी गौतम के अनुसार, इन जवानों को दस दिनों का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद इनकी तैनाती होगी। पीएसी जवानों के साथ मिलकर यह बल श्रीरामजन्मभूमि के आंतरिक परिसर और उससे सटे बाहरी परिसर की सुरक्षा संभालेगा। अयोध्या को छह कंपनी एसएसएफ की मिलनी है। पहले चरण में तीन कंपनी मिल गई है।



51 इंच की रामलला की प्रतिमा में प्रभु का बालरूप



श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपतराय ने चार सितंबर को पत्रकारों से बातचीत में कहा था कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के गर्भगृह में रामलला की प्रतिमा 51 इंच लंबी होगी। इसमें प्रभु का बालरूप में दर्शन होगा। प्रतिमा खड़े बालक के रूप में गर्भगृह में बने चबूतरे के ऊपर कमल के फूल पर स्थापित की जाएगी। प्राण प्रतिष्ठा के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से बात कर मकर संक्रांति से 26 जनवरी के बीच का दिन निश्चित किया जाएगा। इसी तैयारी शुरू हो गई है।



एक साथ दर्शन कर सकेंगे 25 हजार से ज्यादा लोग



रामलला के दर्शन एक साथ 25,000 लोग कर सकेंगे। शौचालय, बिजली, पानी, लॉकर और बैठने की समुचित व्यवस्था के लिए तीर्थयात्री सेवा केंद्र और चिकित्सालय भी बनेगा। इसके लिए श्रद्धालुओं से किसी तरह का शुल्क नहीं लिया जाएगा। आरती और दर्शन का भी कोई शुल्क नहीं लगेगा।



Tags:
  • Preparations for festival in Ayodhya
  • security of Ram Janmabhoomi increased
  • first SSF team arrived
  • अयोध्या में उत्सव की तैयारी
  • रामजन्मभूमि की सुरक्षा बढ़ाई
  • एसएसएफ की पहली टीम पहुंची