TIME ने चुने भारत के 100 प्रभावशाली चेहरे, पत्रकार रितिका चोपड़ा से लेकर आलिया-आर्यन तक शामिल
TIME100 Next India 2026 के इस विशेष संस्करण को तैयार करने में करीब सात महीने लगे। यह TIME100 Next का पहला अंतरराष्ट्रीय संस्करण है, जिसे किसी एक देश के लिए तैयार किया गया है। इसमें पांच अलग-अलग श्रेणियों में 100 प्रविष्टियां हैं। दो प्रविष्टियों में दो-दो व्यक्तियों को शामिल किए जाने से कुल 102 लोगों को जगह मिली है। हालांकि, इसमें किसी को पहला या दूसरा स्थान नहीं दिया गया है।
रितिका चोपड़ा की इन चार रिपोर्टों का TIME ने किया जिक्र
TIME ने रितिका चोपड़ा की पत्रकारिता में सवाल पूछने, खबर की तह तक जाने, सूत्रों के साथ भरोसा बनाने और तथ्यों की बारीकी से जांच करने के तरीके को खास तौर पर सराहा है। मैगजीन ने उनकी चार महत्वपूर्ण रिपोर्टों का उल्लेख किया है।
- 2017 में इंजीनियरिंग कॉलेजों की पड़ताल: रितिका ने देश के इंजीनियरिंग कॉलेजों की खराब स्थिति पर रिपोर्ट तैयार की थी। इसमें इंजीनियरिंग शिक्षा से जुड़ी समस्याओं को सामने लाया गया था।
- 2023 में स्कूली किताबों में बदलाव: उन्होंने स्कूलों की पाठ्यपुस्तकों में किए गए विवादित बदलावों पर रिपोर्टिंग की थी। इसके बाद पाठ्यक्रम में बदलाव को लेकर सवाल उठे थे।
- 2024 में मेडिकल प्रवेश परीक्षा का पेपर लीक: मेडिकल प्रवेश परीक्षा के पेपर लीक मामले पर उनकी रिपोर्टिंग को भी प्रमुखता दी गई है। यह मामला देशभर के लाखों छात्रों और अभिभावकों से जुड़ा था।
- 2026 में चुनाव आयोग की पड़ताल: सितंबर में प्रकाशित उनकी रिपोर्ट में चुनाव आयोग के कुछ फैसलों पर आंतरिक आपत्तियां दर्ज होने का दावा किया गया था।
चुनाव आयोग की रिपोर्ट में क्या सामने आया था?
रितिका की सितंबर 2026 की रिपोर्ट में दावा किया गया था कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में आयोग के फैसलों पर कम से कम 14 औपचारिक आपत्तियां दर्ज की थीं। इनमें मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए इस्तेमाल होने वाला फॉर्म-6 और मतदाता डेटाबेस के प्रबंधन से जुड़े मुद्दे शामिल बताए गए थे।
हालांकि, चुनाव आयोग ने बाद में अपना पक्ष रखते हुए कहा था कि SIR से जुड़े तीनों आदेश सर्वसम्मति से लिए गए थे। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया था कि फॉर्म-6 में कोई बदलाव नहीं किया गया था।
आलिया भट्ट से लेकर सामंथा और दुलकर सलमान तक शामिल
मनोरंजन जगत से कई चर्चित चेहरों को सूची में जगह दी गई है। इनमें आलिया भट्ट, आर्यन खान, विक्की कौशल, सामंथा रुथ प्रभु, साई पल्लवी, जितेंद्र कुमार, दुलकर सलमान, नयनतारा, अली फजल, ईशान खट्टर, वेदांग रैना और जहान कपूर शामिल हैं। फिल्म निर्माण और निर्देशन के क्षेत्र से पायल कपाड़िया, थेजा रियो, पा. रंजीत और अनुपर्णा रॉय के नाम भी शामिल किए गए हैं।
TIME के तीन कवर पर किन्हें मिली जगह?
मैगजीन ने इस विशेष संस्करण के लिए तीन कवर तैयार किए हैं।
- पहला कवर- आलिया भट्ट: अभिनेत्री को अकेले कवर पर जगह दी गई है। उनके बारे में फिल्म निर्देशक एसएस राजामौली ने लेख लिखा है। इसमें फिल्म RRR के लिए आलिया के तेलुगु सीखने की मेहनत और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उनके काम का जिक्र किया गया है।
- दूसरा कवर- पवन कुमार चंदना: स्काईरूट एयरोस्पेस के सह-संस्थापक, सीईओ और सीटीओ दूसरे कवर पर नजर आएंगे। उनके बारे में निवेशक राजन आनंदन ने लिखा है। चंदना भारत के निजी अंतरिक्ष प्रक्षेपण क्षेत्र में काम कर रहे हैं।
- तीसरा कवर- तीन फिल्मकार: इस पर आर्यन खान, पायल कपाड़िया और नगालैंड के थेजा रियो को एक साथ जगह दी गई है। रियो की पहली फीचर फिल्म Angh को 2026 के टोरंटो अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में प्लेटफॉर्म पुरस्कार मिला था।
क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी समेत खेल जगत के छह चेहरे
खेल की दुनिया से युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को चुना गया है। उनके अलावा भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर, मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन, टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा, हॉकी खिलाड़ी सविता पुनिया और एथलीट विथ्या रामराज भी शामिल हैं।
संगीत जगत से दिलजीत दोसांझ समेत छह कलाकार
संगीत की दुनिया से दिलजीत दोसांझ, अनिरुद्ध रविचंदर, अरिवु, जसलीन रॉयल, प्रतीक कुहाड़ और फहीम अब्दुल्ला को चुना गया है।
बिजनेस और स्टार्टअप की दुनिया से ये नाम
कारोबार और नई तकनीक से जुड़ी हस्तियों में ब्लिंकिट के अलबिंदर सिंह ढींडसा, लेंसकार्ट के सह-संस्थापक पीयूष बंसल, एडलवाइस म्यूचुअल फंड की एमडी और सीईओ राधिका गुप्ता तथा एथर एनर्जी के सह-संस्थापक तरुण मेहता शामिल हैं। इसके अलावा अवैस अहमद, क्लेयर मजूमदार, अजैता शाह, केशव सूरी, प्रत्युष कुमार और तान्या सिंघल के नाम भी हैं।
अंतरिक्ष, विज्ञान और स्वास्थ्य क्षेत्र को भी जगह
अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला को भारत के उभरते प्रभावशाली चेहरों में शामिल किया गया है। विज्ञान और स्वास्थ्य से जुड़े अन्य नामों में नीना गुप्ता, अक्सा शेख, अंजना बद्रीनारायणन और अनीश मालपानी शामिल हैं।
सामाजिक बदलाव के लिए काम करने वालों को भी पहचान
सामाजिक बदलाव और अधिकारों के लिए काम करने वाले लोगों को भी TIME ने अपनी सूची में शामिल किया है। इनमें आकाश सेठी, ग्रेस बानू, कुलदीप दंतेवाड़िया और शाहीन मलिक के नाम हैं।
TIME ने भारत के लिए अलग सूची क्यों बनाई?
TIME की मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेसिका सिबली के मुताबिक, भारत में ऐसे लोगों की नई पीढ़ी सामने आ रही है, जिनके विचार और काम का असर अपने-अपने क्षेत्रों के साथ देश के भविष्य पर भी पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इन लोगों का प्रभाव भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी दिखाई दे रहा है।
मैगजीन के प्रधान संपादक सैम जैकब्स ने कहा कि भारत दुनिया की सबसे बड़ी और युवा आबादी वाले देशों में शामिल है। यहां के युवाओं की महत्वाकांक्षाओं और नेतृत्व का असर देश की सीमाओं के बाहर भी दिखाई देगा। इस पहल का मकसद भारत की नई प्रतिभाओं और उनके काम को दुनियाभर के पाठकों तक पहुंचाना है।
7 दिसंबर को आएगा विशेष अंक, 12 दिसंबर को मुंबई में कार्यक्रम
TIME100 Next India 2026 का विशेष प्रिंट अंक 7 दिसंबर को दुनियाभर के न्यूजस्टैंड पर उपलब्ध कराने की योजना है। इसमें चुने गए लोगों की विस्तृत प्रोफाइल और उनके काम से जुड़ी जानकारी प्रकाशित की जाएगी।
इसके बाद 12 दिसंबर को मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में TIME100 Next India Gala का आयोजन होगा। TIME और रिलायंस मिलकर यह कार्यक्रम आयोजित करेंगे।
इसमें कई प्रमुख हस्तियों के पहुंचने की उम्मीद है। कार्यक्रम के दौरान गायक फहीम अब्दुल्ला की लाइव संगीत प्रस्तुति भी प्रस्तावित है।