Top News : खबरें काम की

Jitendra Shrivastava | Mar 20, 2026, 20:36 IST
Photograph: (THESOOTR)
नमस्कार, सरकार की बड़ी कार्रवाई, 300 अवैध बेटिंग प्लेटफॉर्म किए ब्लॉक; प्रीमियम पेट्रोल 2.35 रुपए महंगा, भोपाल में रेट 117 रुपए पहुंचे। देश-दुनिया की अन्य खबरों पर डालते हैं एक नजर...

मिडिल ईस्ट की ओर बढ़ रहे 3 अमेरिकी वॉरशिप, खार्ग द्वीप पर कब्जे की योजना

खबरें काम की | top news:मिडिल ईस्ट में अमेरिकी सैन्य मौजूदगी बढ़ाई जा रही है। 3 अमेरिकी वॉरशिप, USS त्रिपोली, USS सैन डिएगो और USS न्यू ऑरलियंस के साथ 2200 सैनिक मरीन एक्सपेडिशनरी यूनिट (MEU) के तहत भेजे गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के खार्ग द्वीप पर कब्जा करने की योजना पर विचार किया जा रहा है।



प्रीमियम पेट्रोल 2.35 रुपए महंगा, भोपाल में रेट 117 रुपए तक पहुंचे

सरकारी तेल कंपनियों ने 20 मार्च को प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में 2.09-2.35 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ोतरी की है। इसके बाद भोपाल में प्रीमियम पेट्रोल की कीमत 117 रुपए प्रति लीटर तक पहुंच गई है। साथ ही इंडस्ट्रियल फ्यूल की कीमत में भी 25% का इजाफा किया गया है।



एअर इंडिया की बड़ी चूक: गलत मॉडल का प्लेन भेजा, 7 घंटे बाद लौटना पड़ा

एअर इंडिया की एक और बड़ी चूक सामने आई है। दिल्ली से कनाडा के लिए उड़ान भरने वाली फ्लाइट AI-185 को करीब 7 घंटे बाद वापस दिल्ली लौटना पड़ा। एअर इंडिया ने यात्रियों को बोइंग 777-300 ER के बजाय बोइंग 777-200 LR प्लेन में भेज दिया था। गलती का पता चीन के एयरस्पेस में चला।



300 अवैध बेटिंग प्लेटफॉर्म ब्लॉक, सरकार की बड़ी कार्रवाई, 8400 अवैध वेबसाइट्स बंद

भारत सरकार ने अवैध ऑनलाइन बेटिंग एप्स और सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। हाल ही में 300 अवैध वेबसाइट्स और एप्स को ब्लॉक किया गया है। अब तक 8400 ऐसे प्लेटफॉर्म्स पर बैन लगाया जा चुका है। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...



राजस्थान में ओले, 12 राज्यों में बारिश; वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते मौसम बदला

देश के 12 राज्यों में मौसम ने करवट ली है। जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल में बर्फबारी हो रही है, जबकि राजस्थान, मध्य प्रदेश, यूपी और बिहार में तेज बारिश और ओले गिर रहे हैं। इसका कारण वेस्टर्न डिस्टर्बेंस में बदलाव है, जो अफगानिस्तान से भारत तक असर डाल रहा है।



LPG की पैनिक बुकिंग घटी, लेकिन 55 लाख सिलेंडर की रोजाना मांग, PNG पर शिफ्ट हो रहे उपभोक्ता

भारत सरकार ने कहा कि LPG की पैनिक बुकिंग में कमी आई है, लेकिन 55 लाख सिलेंडर की रोजाना मांग और 7500 उपभोक्ताओं का PNG पर शिफ्ट होना चिंता का कारण है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि देश में गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।



लिपुलेख दर्रे से 6 साल बाद भारत-चीन ट्रेड फिर शुरू, जून-सितंबर में होगा ट्रेड सेशन

भारत-चीन के बीच लिपुलेख दर्रे से बॉर्डर ट्रेड 6 साल बाद फिर से शुरू होने जा रहा है। केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद यह ट्रेड आमतौर पर जून से सितंबर तक चलेगा। 2019 में COVID-19 के कारण यह बंद हो गया था। विदेश मंत्रालय से NOC मिलने के बाद ट्रेड प्रक्रिया शुरू हुई।



श्रीलंका ने US फाइटर जेट्स को उतारने से मना किया, ईरान के जहाजों को भी नकारा

श्रीलंका ने अमेरिका के फाइटर जेट्स को अपनी जमीन पर उतारने की अनुमति देने से इनकार कर दिया। राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके ने संसद में बताया कि ईरान के युद्धपोतों को भी प्रवेश नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि श्रीलंका अपनी तटस्थ नीति पर कायम रहेगा और सैन्य कार्रवाई के लिए भूमि का उपयोग नहीं होगा।



मोहन भागवत का बड़ा बयान, बोले-ईरान-इजराइल संघर्ष खत्म करने के लिए भारत पर दुनिया का विश्वास

RSS प्रमुख मोहन भागवत ने शुक्रवार को कहा कि संघर्षों की असली वजह स्वार्थ और वर्चस्व की चाहत है। स्थायी शांति केवल एकता, अनुशासन और धर्म से संभव है। भागवत नागपुर में विश्व हिंदू परिषद के कार्यालय की आधारशिला रख रहे थे। उन्होंने कहा कि 2 हजार सालों से संघर्षों को सुलझाने के कई प्रयास किए गए, लेकिन सफलता कम मिली है। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...



ममता का बड़ा ऐलान: SC-ST महिलाओं को 1700, बेरोजगारों को 18 हजार रुपए देने का वादा

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का घोषणा पत्र जारी किया। ममता ने लक्ष्मी भंडार योजना में महिलाओं को 500 रुपए और बढ़ाकर हर महीने SC/ST महिलाओं को 1700 रुपए और जनरल महिलाओं को 1500 रुपए देने का वादा किया। बेरोजगारों को 18 हजार रुपए सालाना मिलेगा।



Tags:
  • मोहन भागवत
  • top news
  • पेट्रोल
  • LPG
  • एअर इंडिया
  • मुख्यमंत्री ममता बनर्जी
  • खबरें काम की
  • मौसम
  • मिडिल ईस्ट