Top News: खबरें काम की... पेपर लीक पर सख्त कानून लोकसभा में पास
पेपर लीक पर अब सख्त कानून, 7 साल जेल और 10 करोड़ तक जुर्माना
देश में पेपर लीक जैसी घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। लोकसभा में लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 पास हो गया है। नए कानून में पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी करने वालों पर सख्त कार्रवाई का प्रावधान है। दोषियों को 10 साल तक की सजा और 10 करोड़ रुपए तक जुर्माना भुगतना पड़ सकता है। बताया जा रहा है कि ये विधेयक राज्यसभा में पेश किया जाएगा।
ईरान जंग में सऊदी की एंट्री, अमेरिका संग मिलकर किया बड़ा हमला
ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच अब सऊदी अरब भी इस संघर्ष में शामिल होता नजर आ रहा है। अमेरिका के साथ मिलकर सऊदी ने इराक में ईरान समर्थित पॉपुलर मोबिलाइजेशन फोर्स के ठिकानों को निशाना बनाया। इस कार्रवाई में 20 लड़ाकों की मौत और 32 लोगों के घायल होने की खबर है। अमेरिका का दावा है कि इन ठिकानों से हमलों की तैयारी की जा रही थी। जवाब में ईरान ने भी मिसाइल हमले किए।
OBC आरक्षण: ऋग्वेद से लेकर मानव धर्मशास्त्र तक जातिगत व्यवस्था पर हाईकोर्ट में बहस
मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में गुरुवार को ओबीसी आरक्षण मामले की सुनवाई नए मोड़ पर पहुंच गई। जस्टिस आनंद पाठक और जस्टिस विनय सराफ की विशेष खंडपीठ में तय समय से अधिक देर तक बहस चली। इस दौरान ओबीसी पक्ष ने केवल आरक्षण का प्रतिशत नहीं उठाया। बहस सीधे सुप्रीम कोर्ट के इंदिरा साहनी फैसले, 50 प्रतिशत सीमा और संविधान की व्याख्या तक पहुंच गई। जातिगत व्यवस्था और आरक्षण की मूल भावना पर भी विस्तार से तर्क रखे गए। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...
छत्तीसगढ़ वन विभाग में 22 डिप्टी रेंजर बने रेंजर, जल्द जारी होगी नई सूची
वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने 22 डिप्टी रेंजरों को पदोन्नति देकर रेंजर बना दिया है। सभी को लेवल-09 वेतनमान का लाभ मिलेगा। नई पदस्थापना सूची अलग से जारी होगी। बस्तर और बिलासपुर संभाग के कई अधिकारियों को प्रमोशन मिला है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...
केंद्रीय मंत्री भागीरथ ने 99 लाख की सब्सिडी वापस की, विवाद के बाद लौटाई राशि
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने अपने ही मंत्रालय की एक योजना के तहत अपने खीरे के फार्म के लिए प्राप्त 99 लाख रुपए की सब्सिडी वापस कर दी है। केंद्र सरकार ने मंगलवार को लोकसभा में यह जानकारी दी। यह घटनाक्रम ठीक एक महीने बाद सामने आया है। द इंडियन एक्सप्रेस की एक जांच रिपोर्ट में खुलासा किया गया था कि भागीरथ चौधरी ने अपने ही मंत्रालय के अधीन संचालित एक बागवानी (हॉर्टिकल्चर) योजना के तहत 99 लाख रुपए की सब्सिडी प्राप्त की थी। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...
CJP प्रोटेस्ट: फर्जी वीडियो पर X, FB, इंस्टा, यूट्यूब को दिल्ली पुलिस का नोटिस
दिल्ली पुलिस की IFSO यूनिट ने बड़ा कदम उठाया है। IFSO का मतलब है इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस। इस यूनिट ने जंतर मंतर पर हुई हिंसा की जांच शुरू की है। यह हिंसा CJP यानी कॉकरोच जनता पार्टी के प्रोटेस्ट के दौरान हुई थी। जांच में पता चला कि सोशल मीडिया पर कई फर्जी वीडियो फैलाए गए। इन वीडियो में हिंसा की गलत जानकारी दिखाई गई थी। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें...
PoK में बवाल, प्रदर्शनकारियों को PAK रक्षा मंत्री ने बताया दुश्मन
पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में सरकार विरोधी प्रदर्शन अब हिंसक रूप ले चुका है। प्रदर्शनकारियों पर हुई पुलिस फायरिंग में 32 लोगों की मौत और 50 से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर है। इस बीच पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के बयान ने विवाद और बढ़ा दिया है। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को भारत जैसा दुश्मन बताते हुए बातचीत से इनकार कर दिया। हालात बिगड़ने के बाद PoK में सेना तैनात कर दी गई है और इंटरनेट सेवाएं बंद हैं।
राहुल का बड़ा आरोप: छात्रों पर पैलेट गन और नुकीली लाठियां चलीं, BJP ने किया पलटवार
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दिल्ली में छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पैलेट गन और नुकीली लाठियों का इस्तेमाल किया गया, जिससे एक छात्र की आंख की रोशनी चली गई। राहुल ने लोकसभा में मुद्दा उठाने से रोके जाने का भी आरोप लगाया। वहीं भाजपा ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा कि छात्रों के संसद मार्च में गोली नहीं चली।
कोयला केस में मनमोहन सिंह को राहत, 12 साल बाद सुप्रीम कोर्ट ने बंद किया मामला
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह से जुड़े कोयला ब्लॉक आवंटन मामले में सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। अदालत ने सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट को मंजूरी देते हुए उनके खिलाफ चल रही आपराधिक कार्यवाही खत्म कर दी। कोर्ट ने कहा कि जांच में भ्रष्टाचार के ठोस प्रमाण नहीं मिले। यह मामला यूपीए सरकार के समय तलाबीरा-2 कोयला ब्लॉक आवंटन से जुड़ा था। करीब 12 साल तक चली कानूनी प्रक्रिया के बाद अब मामले का अंत हो गया है।
जापान भूकंप में तबाही: 18 की मौत, मलबे में दबे लोगों की तलाश तेज
जापान में आए भीषण भूकंप ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है। क्यूशू के कुमामोटो क्षेत्र में 7.1 तीव्रता के झटकों के बाद अब तक 18 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग घायल हैं। सेना और राहत दल मलबे में फंसे लोगों को निकालने में जुटे हैं। काशिमा शहर के शॉपिंग मॉल में गैस विस्फोट के बाद हालात और गंभीर हो गए। प्रशासन ने हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है।
संसद में सरकार की रफ्तार तेज, वंदे मातरम् बिल पास के बाद अब इन विधेयकों पर नजर
top news:मानसून सत्र के शुरुआती हंगामे के बाद सरकार ने संसद में लंबित विधेयकों को आगे बढ़ाने की रणनीति तेज कर दी है। राज्यसभा में वंदे मातरम् के अनादर को रोकने से जुड़े बिल को मंजूरी मिल गई है। इसके साथ ही सरकार ने कई अहम प्रस्तावों पर काम शुरू कर दिया है। जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र से जुड़े विधेयक को लोकसभा में पेश किया गया। अब एफसीआरए समेत अन्य विधेयकों को पास कराना सरकार की बड़ी चुनौती है।
देशभर में बारिश का कहर, चार धाम यात्रा थमी; बिजली गिरने से छत्तीसगढ़ में 5 मौतें
खबरें काम की:देश के कई राज्यों में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। उत्तराखंड में भारी बारिश और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए चार धाम यात्रा अस्थायी रूप से रोक दी गई है। वहीं छत्तीसगढ़ में आकाशीय बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में 5 लोगों की मौत हुई है। राजस्थान के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। गुजरात में बाढ़ के असर से उद्योगों पर भी प्रभाव पड़ा है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।