बिहार में कुल 63 फीसदी आबादी OBC, सरकार ने जारी किए जातिगत जनगणना के आंकड़े, पिछड़ा वर्ग 27.12% और अतिपिछड़ा वर्ग 36%
PATNA. बिहार में सरकार ने जातीय जनगणना के आंकड़े सार्वजनिक कर दिए हैं। बिहार के प्रभारी सीएस विवेक कुमार सिंह ने इसकी एक किताब जारी की है। जिसके मुताबिक बिहार में कुल 2 करोड़ 83 लाख 44 हजार परिवारों का डेटा है। इसमें से पिछड़ा वर्ग की आबादी 27.12 फीसदी और अत्यंत पिछड़ा वर्ग 36.01 फीसदी बताया गया है। अनुसूचित जाति 19.65 फीसदी तो अनुसूचित जनजाति 1.68 फीसदी है वहीं सामान्य वर्ग महज 15.52 फीसदी है।
82 फीसदी हिंदू तो 17.7 फीसदी हैं मुसलमान
जनगणना के मुताबिक बिहार में करीब 82 फीसदी हिंदू निवास करते हैं वहीं मुसलमानों की संख्या 17.7 फीसदी है। जातियों की बात की जाए तो यादवों की आबादी बिहार में 14.26 प्रतिशत है जबकि राजपूतों की तादाद महज 3.45 प्रतिशत पाई गई हैं। जनगणना के आंकड़ों के अनुसार बिहार की कुल जनसंख्या 13 करोड़ 7 लाख 25 हजार 310 है।
तेजस्वी बोले- यह ऐतिहासिक क्षण
जातीय जनगणना के आंकड़े जारी होने के बाद उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने ट्वीट करते हुए लिखा कि यह ऐतिहासिक क्षण है, दशकों के संघर्ष का प्रतिफल है। वहीं जातीय जनगणना के आंकड़ों के जारी होने के बाद लोगों की प्रतिक्रियाएं आना शुरु हो गई हैं। लोग इसके लिए सीएम नीतिश कुमार और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव को धन्यवाद दे रहे हैं।
जनसंख्या का डाटा
अपर मुख्य सचिव विवेक सिंह ने बताया कि राज्य में हुई जनगणना के अनुसार प्रदेश की जनसंख्या 13 करोड़ 7 लाख 25 हजार 310 पाई गई है। इनमें से बिहार के बाहर रहने वालों की संख्या 53 लाख 72 हजार 22 है। बिहार में निवासरत लोगों की जनसंख्या 12 करोड़ 53 लाख 53 हजार 288 है। इनमें पुरुषों की संख्या 6 करोड़ 41 लाख 31 हजार 990 और महिलाओं की तादाद 6 करोड़ 11 लाख 38 हजार 460 है। अन्य की संख्या 82 हजार 836 पाई गई है। लिंगानुपात की बात की जाए तो यहां 100 पुरुषों पर 953 महिलाएं हैं।
| जाति | प्रतिशत |
| पिछड़ा वर्ग | 27.12 फीसदी |
| अत्यंत पिछड़ा वर्ग | 36.01 फीसदी |
| अनुसूचित जाति | 19.65 फीसदी |
| अनुसूचित जनजाति | 1.68 फीसदी |
| सामान्य वर्ग | 15.52 फीसदी |
बिहार में किस धर्म की कितनी आबादी ?
| धर्म | आबादी |
| हिन्दू | 81.99% |
| मुस्लिम | 17.70% |
| ईसाई | 0.05% |
| सिख | 0.01% |
| बौद्ध | 0.08% |
किस जाति की कितनी आबादी?
| जाति | आबादी |
| ब्राह्मण | 3.67% |
| राजपूत | 3.45% |
| भूमिहार | 2.89% |
| कायस्थ | 0.60% |
| यादव | 14.26 % |
| कुशवाहा | 4.27 |
| कुरमी | 2.87% |
| तेली | 2.81% |
| मुसहर | 3.08% |
| सोनार | 0.68% |
| मल्लाह | 2.60% |
| बढ़ई | 1.4% |
| कुम्हार | 1.4% |
| पासी | 0.9% |
| धोबी | 0.8% |
| मोची,चमार,रविदास | 5.2% |