युगांडा आर्मी चीफ ने तुर्किये से की सबसे सुंदर महिला की डिमांड, वरना तोड़ेंगे कूटनीतिक संबंध, जानें पूरा मामला
News In Short
- तुर्किये से एक अरब डॉलर और सुंदर दुल्हन की मांग।
- 30 दिन में मांग न मानी तो संबंध होंगे खत्म।
- सोमालिया मिशन के बदले मांगा एक अरब डॉलर।
- मेलोनी को 100 गाय देकर शादी का दिया था प्रस्ताव।
- केन्या और रूस पर भी दे चुके हैं विवादित बयान।
News In Detail
युगांडा के आर्मी चीफ (Uganda Army Chief) मुहूजी कैनेरुगाबा ने एक बार फिर दुनिया को चौंका दिया है। उन्होंने तुर्किये (Turkey) से एक अरब डॉलर और देश की सबसे खूबसूरत महिला से शादी की मांग कर डाली। साथ ही चेतावनी दी कि 30 दिन में मांग पूरी न हुई तो कूटनीतिक संबंध तोड़ दिए जाएंगे। यह उनका पहला विवादित बयान नहीं है।
कैनेरुगाबा का अजीब अल्टीमेटम
युगांडा के सेना प्रमुख और राष्ट्रपति के बेटे मुहूजी कैनेरुगाबा (Muhoozi Kainerugaba) ने सोशल मीडिया पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने तुर्किये (Turkey) से एक अरब डॉलर यानी करीब 9000 करोड़ रुपए की मांग की।
साथ ही देश की सबसे खूबसूरत महिला को अपनी पत्नी बनाने की इच्छा जाहिर की। X पर लिखा कि 30 दिन में मांग न मानी तो कूटनीतिक संबंध (Diplomatic Relations) तोड़ दिए जाएंगे। तुर्किश एयरलाइंस (Turkish Airlines) पर भी रोक लगाने की चेतावनी दी।
सोमालिया मिशन का हवाला
युगांडा आर्मी चीफकैनेरुगाबा ने अपनी मांग के पीछे सोमालिया मिशन (Somalia Mission) का तर्क दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि तुर्किये ने सोमालिया में इंफ्रास्ट्रक्चर, बंदरगाह और हवाई अड्डों से खूब फायदा उठाया। जबकि युगांडा ने अल-शबाब (Al-Shabaab) जैसे आतंकी संगठनों से मोर्चा लिया। उनका कहना था कि युगांडा की इस कुर्बानी का मुआवजा मिलना चाहिए। इसीलिए उन्होंने 1 अरब डॉलर की मांग रखी।
"आई एम बैक" लिखकर X पर वापसी
कुछ समय पहले कैनेरुगाबा ने अपना X अकाउंट हटा दिया था। फिर "आई एम बैक" लिखकर धमाकेदार वापसी की। वापसी के बाद उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों को सख्त आदेश दिए।
जो भी व्यक्ति सैन्य वर्दी (Military Uniform) जैसे कपड़े पहने दिखे, उसे तुरंत गिरफ्तार किया जाए। एक अमेरिकी राजनयिक को भी सलाम न करने पर गिरफ्तारी की धमकी दी। यह सब बयान दुनिया भर में चर्चा का विषय बन गए।
मेलोनी को भी दिया था प्रस्ताव
यह पहली बार नहीं है जब कैनेरुगाबा विवादों में आए हों। वर्ष 2022 में उन्होंने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी (Georgia Meloni) से शादी का प्रस्ताव रखा था। बदले में 100 गाय देने की बात कही थी। साथ में धमकी दी कि प्रस्ताव ठुकराने पर रोम पर कब्जा कर लेंगे। इस बयान पर खूब बवाल हुआ था। राष्ट्रपति पिता मुसेवेनी को इटली से माफी मांगनी पड़ी थी।
केन्या पर हमले की धमकी
अक्टूबर 2022 में कैनेरुगाबा ने केन्या (Kenya) को भी नहीं बख्शा। उन्होंने दावा किया कि उनकी सेना दो हफ्ते से भी कम समय में नैरोबी (Nairobi) पर कब्जा कर सकती है।
इस बयान से दोनों देशों के संबंध बिगड़ गए। युगांडा सरकार को आधिकारिक तौर पर केन्या से माफी मांगनी पड़ी। इसके बाद उन्हें अस्थायी रूप से पद से हटाया भी गया था।
रूस-यूक्रेन में पुतिन का समर्थन
फरवरी 2022 में रूस-यूक्रेन युद्ध (Russia-Ukraine War) के दौरान भी कैनेरुगाबा विवादों में आए। उन्होंने सोशल मीडिया पर राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) का खुलकर समर्थन किया। मार्च 2023 में कहा कि मॉस्को पर खतरा आने पर युगांडा सेना भेजेगा। उनके ये बयान अंतरराष्ट्रीय समुदाय में काफी विवादास्पद रहे।
क्या बनेंगे युगांडा के राष्ट्रपति?
50 वर्षीय कैनेरुगाबा को राष्ट्रपति योवेरी मुसेवेनी (President Museveni) का संभावित उत्तराधिकारी माना जाता है। मुसेवेनी 1986 से सत्ता में हैं।
हालांकि, उन्होंने अपने बेटे को उत्तराधिकारी मानने से इनकार किया है। लेकिन राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि कैनेरुगाबा धीरे-धीरे खुद को स्थापित कर रहे हैं। भविष्य में वे राष्ट्रपति पद की दावेदारी कर सकते हैं।
ये खबरें भी पढ़ें...
मोहन भागवत का बड़ा बयान: हिंदू समाज में एकता की कमी, गुलामी की यही वजह
होर्मुज से बारूदी माइंस हटाने के ट्रम्प के दावे को ईरान ने किया खारिज, मांगा टोल