रील, कंटेंट और फॉलोअर्स के चक्कर में न जाने क्या-क्या कर रहे लोग... नहीं हुई 75 साल के बुजुर्ग और खूबसूरत इन्फ्लुएंसर की शादी

Aman Vaishnav | Oct 20, 2026, 14:47 IST
75 साल के बुजुर्ग और इनफ्लुएंसर की शादी
सोशल मीडिया पर कब क्या देखने को मिल जाए, कुछ कहा नहीं जा सकता है। हाल ही में उत्तर प्रदेश से भी एक ऐसा ही मामला सामने आया था, जिसने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया था। यहां 75 साल के एक बुजुर्ग और 30 साल की यूट्यूबर की सगाई की वीडियो तेजी से वायरल हुई थी। आइए जानते हैं कि इस वायरल मुद्दे का असल सच आखिर है क्या....

यूपी की वायरल सगाई का सच

बता दें कि बुजुर्ग और यूट्यूबर की सगाई के इस वायरल जोड़े की उम्र में 45 साल का बड़ा अंतर था। इसलिए लोगों ने सोचा कि दोनों सच में शादी करने जा रहे हैं। वीडियो (औरैया वायरल वीडियो) सामने आते ही गांव से लेकर सोशल मीडिया तक चर्चाओं का दौर शुरू हो गया था। हर कोई यही सोच रहा था कि इस उम्र में बुजुर्ग ऐसी शादी क्यों कर रहे हैं।



75 साल के बुजुर्ग और इनफ्लुएंसर की शादी

बुजुर्ग ने खोले इस कहानी के राज

अब इस पूरे मामले में एक बड़ा मोड़ आ गया है। बुजुर्ग रामसुधर ने खुद एक नया वीडियो बनाकर सारी सच्चाई सबके सामने रख दी है। उन्होंने साफ कह दिया है कि वह रीना से कोई शादी नहीं करने जा रहे हैं।



रामसुधर ने बताया कि उनका रीना के साथ न तो कोई प्रेम संबंध था और न ही शादी की कोई तैयारी थी। उन्होंने अपनी तबीयत का हवाला देते हुए कहा कि वह काफी बीमार रहते हैं। उनके पैर भी ठीक से काम नहीं करते हैं। बुजुर्ग के मुताबिक यह सब केवल सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींचने और फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए रची गई एक स्क्रिप्ट थी।



बेटी और रीना ने मिलकर बनाया था प्लान

रामसुधर ने बताया कि यह पूरी कहानी आखिर शुरू कैसे हुई थी। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी राधा की पहचान इंस्टाग्राम के जरिए रीना राजपूत से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत बढ़ी, दोस्ती हुई और वे साथ में वीडियो बनाने लगीं।



बुजुर्ग का दावा है कि उनकी बेटी राधा और रीना के कहने पर ही उन्होंने सगाई वाला यह वीडियो बनवाया था। इसका केवल एक ही मकसद था कि वीडियो वायरल हो जाए और सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स बढ़ जाएं। खबरों के मुताबिक यह पूरा वीडियो औरैया के एक ब्यूटी पार्लर में तैयार किया गया था।



75 साल के एक बुजुर्ग और 30 साल की यूट्यूबर की सगाई

गांव वाले पहले से जता रहे थे शक

सहार क्षेत्र के अरियारी गांव के रहने वाले स्थानीय लोग पहले से ही इस सगाई को लेकर सवाल खड़े कर रहे थे। ग्रामीणों का शुरू से ही कहना था कि यह सब केवल इंटरनेट पर मशहूर होने के लिए किया जा रहा है। असलियत में कोई शादी नहीं हो रही है। अब बुजुर्ग के बयान के बाद ग्रामीणों की बात सच साबित हो गई है।



दूसरी ओर, जब यह मामला चर्चा में आया था, तब औरैया के SP अभिषेक भारती ने इलाके के थाना प्रभारी को जांच के निर्देश दिए थे।



इस बारे में सहायल थाना प्रभारी रमेश सिंह ने साफ किया है कि मामला उनकी जानकारी में आया था। उन्होंने बताया कि यह पुलिस से जुड़ा कोई अपराध नहीं है। दोनों लोग बालिग हैं। किसी भी पक्ष ने थाने में कोई शिकायत नहीं दी है। इसलिए पुलिस अपनी तरफ से इस मामले में कोई हस्तक्षेप नहीं कर रही है।



रीना राजपूत का पक्ष आना अभी बाकी

भले ही बुजुर्ग रामसुधर ने वीडियो जारी करके इसे केवल फॉलोअर्स बढ़ाने का खेल बता दिया हो, लेकिन अभी तक इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। इस पूरे घटनाक्रम पर अभी तक इन्फ्लुएंसर रीना राजपूत (Influencer Reena Rajput) की तरफ से कोई जवाब या सफाई सामने नहीं आई है। जब तक रीना का पक्ष सामने नहीं आ जाता, तब तक इस मामले को केवल बुजुर्ग के बयानों और दावों के आधार पर ही समझा जा रहा है।



ये खबर क्यों जरूरी है...

इस पूरे मामले से यह सीख मिलती है कि सोशल मीडिया (social media) पर दिखने वाली हर चीज सच नहीं होती है। कई बार वायरल होने और फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए ऐसी कहानियां भी बनाई जाती हैं, जिन्हें लोग असली समझ बैठते हैं।



रामसुधर और रीना राजपूत की सगाई का वीडियो भी इसी तरह चर्चा में आया था। ऐसे में किसी भी वायरल वीडियो को सच मानने से पहले तथ्यों की जांच करना जरूरी है। क्योंकि सोशल मीडिया पर व्यूज और लोकप्रियता की दौड़ में सच और झूठ के बीच का फर्क मिट सकता है, लेकिन इसका असर लोगों के भरोसे पर पड़ता है।

Tags:
  • यूपी की वायरल सगाई का सच
  • औरैया वायरल वीडियो
  • इन्फ्लुएंसर रीना राजपूत
  • Influencer Reena Rajput
  • रीना राजपूत की सगाई का वीडियो
  • सोशल मीडिया
  • बुजुर्ग और यूट्यूबर की सगाई