ये कोई बल्लेबाजी है या गेंदबाजों की शामत! 53 गेंदों में 204 रन, 28 छक्के जड़कर वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास

Sumit Kumar | Published:
वैभव सूर्यवंशी ने यूएई के खिलाफ 53 गेंदों में खेली 204 रनों की तूफानी पारी।
Vaibhav Sooryavanshi smashes 204 runs off 53 balls against UAE.
कोई बल्लेबाज शतक लगाने का सपना देखता है तो कोई दोहरा शतक लगाने का, लेकिन वैभव सूर्यवंशी ने तो क्रिकेट के सारे समीकरण ही बदल दिए। दोहा में यूएई के खिलाफ वैभव ने ऐसी तूफानी बल्लेबाजी की कि गेंदबाजों के पास बचने का कोई रास्ता नहीं दिखा। महज 52 गेंदों में दोहरा शतक पूरा कर इस युवा बल्लेबाज ने लिस्ट-ए क्रिकेट में नया इतिहास रच दिया।

गेंदबाजों पर कहर बनकर टूटे वैभव

एसीसी मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में मंगलवार को वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) का बल्ला जमकर बोला। यूएई के खिलाफ उन्होंने महज 53 गेंदों में 204 रन बना डाले। इस दौरान उनके बल्ले से 28 छक्के और 7 चौके निकले। उनका स्ट्राइक रेट 384.91 रहा।



वैभव जिस अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे थे, उसे देखकर लग रहा था मानो मैदान की बाउंड्री भी उनके लिए छोटी पड़ गई हो। यूएई के गेंदबाजों के सामने उन्हें रोकना बड़ी चुनौती बन गया था।



सिर्फ चौके-छक्कों से बना डाले 196 रन

वैभव की पारी की सबसे दिलचस्प बात यह रही कि उन्होंने अपने 204 रनों में से 196 रन सिर्फ चौके और छक्कों से बनाए। बाकी 8 रन दौड़कर हासिल किए।



  • कुल रन : 204
  • खेली गई गेंदें : 53
  • छक्के : 28
  • चौके : 7
  • स्ट्राइक रेट : 384.91
  • बाउंड्री से बनाए रन : 196

28 गेंदों में शतक, 52 गेंदों में दोहरा शतक

वैभव ने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी की। उन्होंने महज 28 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। शतक लगाने के बाद भी उनके बल्ले की रफ्तार कम नहीं हुई। 40 गेंदों में उन्होंने 150 रन पूरे किए और 52वीं गेंद पर दोहरा शतक जड़ दिया।



सबसे तेज दोहरे शतक का रिकॉर्ड तोड़ा

उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, वैभव ने लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इससे पहले यह रिकॉर्ड चेड बोवेस के नाम था। उन्होंने साल 2024 में 103 गेंदों में दोहरा शतक लगाया था। वैभव ने उनसे 51 गेंद कम खेलकर यह कारनामा कर दिखाया।



वनडे में सबसे तेज दोहरे शतक का रिकॉर्ड वैभव के नाम।
Vaibhav Suryavanshi break record fastest double century in ODIs.

अभिषेक के साथ मिलकर की तूफानी शुरुआत

लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत-ए की टीम ने शुरुआत से ही यूएई के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। वैभव ने अभिषेक शर्मा के साथ पहले विकेट के लिए सिर्फ 21 गेंदों में 68 रन जोड़ दिए।



अभिषेक शर्मा 12 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद प्रभसिमरन सिंह बल्लेबाजी करने आए। वैभव ने उनके साथ दूसरे विकेट के लिए महज 13 गेंदों में 40 रन की साझेदारी की। प्रभसिमरन 3 रन बनाकर पवेलियन लौट गए, लेकिन वैभव का आक्रामक अंदाज जारी रहा।



रिंकू के साथ मिलकर एकतरफा कर दिया मुकाबला

दो विकेट गिरने के बाद रिंकू सिंह मैदान पर आए। वैभव और रिंकू ने तीसरे विकेट के लिए सिर्फ 43 गेंदों में 137 रन जोड़ दिए। इस साझेदारी ने यूएई की वापसी की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।



एक तरफ रिंकू सिंह पारी संभाल रहे थे तो दूसरी तरफ वैभव लगातार बड़े शॉट खेल रहे थे। वैभव के आउट होने के बाद रिंकू सिंह और कुमार कुशाग्र ने भारत-ए को जीत दिलाई।



यूएई के हरप्रीत का शतक भी पड़ा फीका

इससे पहले यूएई की ओर से भारतीय मूल के बल्लेबाज हरप्रीत सिंह ने शानदार शतकीय पारी खेली थी। उन्होंने 144 गेंदों में 130 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 12 चौके और 4 छक्के निकले। वहीं, कप्तान बेसिल हमीद 36 रन बनाकर नाबाद लौटे।



हालांकि, वैभव की विस्फोटक बल्लेबाजी के सामने हरप्रीत की शानदार पारी भी फीकी पड़ गई।



50 ओवर का मुकाबला, 15 ओवर भी नहीं चले

वैभव की तूफानी बल्लेबाजी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि भारत-ए ने 50 ओवर के इस मुकाबले में महज 14.2 ओवर में ही जीत हासिल कर ली। टीम ने यूएई को 7 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।

Tags:
  • Vaibhav Suryavanshi
  • वैभव सूर्यवंशी
  • Fastest Double Century
  • सबसे तेज दोहरा शतक
  • List A Cricket Record
  • Cricket News