वंदे भारत ट्रेन में कांग्रेस नेता ने किया हंगामा, रेल मंत्री और IRCTC से बोले...

Aman Vaishnav | Jul 12, 2026, 14:59 IST
वंदे भारत ट्रेन में कांग्रेस नेता ने किया हंगामा
वंदे भारत एक्सप्रेस में खाने की क्वालिटी पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने ट्रेन में संदिग्ध और मिलावटी दूध परोसे जाने का आरोप लगाया है।

समझें क्या है पूरा मामला...

  • निजामुद्दीन से झांसी जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस में दूध की गुणवत्ता पर सवाल उठे हैं।
  • कांग्रेस नेता राजेंद्र पाल गौतम ने आरोप लगाया कि उन्हें संदिग्ध लिक्विड परोसा गया।
  • उन्होंने इसका वीडियो भी बनाया। मामले की शिकायत IRCTC और रेल मंत्री से की गई।
  • शिकायत में उच्च स्तरीय जांच की मांग की गई है।

देश की सबसे प्रीमियम ट्रेनों में शामिल वंदे भारत एक्सप्रेस एक बार फिर चर्चा में है। इस बार वजह ट्रेन की स्पीड या सुविधाएं नहीं, बल्कि खानपान की गुणवत्ता है। हजरत निजामुद्दीन से झांसी जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस में परोसे गए दूध को लेकर गंभीर सवाल उठे हैं।



यह आरोप उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने लगाया है। वे एआईसीसी अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं। उनका कहना है कि ट्रेन में दूध की जगह ऐसा तरल पदार्थ परोसा गया जो केमिकल या मिलावटी जैसा दिखाई दे रहा था।



BeFunky-design-5-1-2-245540


ट्रेन नंबर 22470 का मामला

यह घटना वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 22470 की है। यह ट्रेन हजरत निजामुद्दीन से झांसी की ओर जा रही थी। इस दौरान राजेंद्र पाल गौतम के साथ उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष बृजलाल खाबरी भी सफर कर रहे थे।



आरोप है कि सर्व किया गया दूध सामान्य नहीं लग रहा था। उसकी बनावट और रंग सामान्य दूध से अलग थे। इसे देखकर वह मिलावटी या केमिकल युक्त लिक्विड जैसा प्रतीत हो रहा था।



राजेंद्र पाल गौतम ने खुद इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाया। उन्होंने इसमें यात्रियों को परोसे गए दूध की गुणवत्ता पर सीधे सवाल खड़े किए।



3808327c-fa7

IRCTC को शिकायत दर्ज

यह घटना कोच E-2 की सीट नंबर 1, 2, 3 और 4 पर हुई बताई जा रही है। वहां मौजूद यात्रियों और स्टाफ ने तुरंत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X का सहारा लिया। उन्होंने रेल मंत्री और IRCTC को टैग करते हुए शिकायत दर्ज कराई।



पोस्ट में एक बड़ा सवाल उठाया गया। कहा गया कि अगर वंदे भारत जैसी प्रीमियम और महंगी ट्रेन में यह हाल है, तो सामान्य ट्रेनों की स्थिति क्या होगी। यात्रियों ने रेलवे और केंद्र सरकार से जवाब मांगा है। साथ ही वेंडर्स की जवाबदेही तय करने की मांग भी की गई है।



उच्च स्तरीय जांच की मांग

शिकायत में कई अहम मांगें रखी गई हैं। सबसे पहले पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने को कहा गया है। इसके अलावा परोसे गए दूध के सैंपल की लैब टेस्टिंग की मांग भी उठाई गई है।



यदि मिलावट की पुष्टि होती है, तो जिम्मेदार वेंडर या कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।



राजेंद्र पाल गौतम ने साफ कहा कि प्रीमियम किराया लेने के बावजूद यात्रियों की सेहत से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा। उनका कहना है कि यह सीधे तौर पर यात्रियों की सुरक्षा और भरोसे का मामला है।



कैटरिंग व्यवस्था पर उठे सवाल

अब सबकी नजर रेलवे प्रशासन के अगले कदम पर टिकी है। सवाल यह है कि क्या दूध की गुणवत्ता की जांच वाकई होगी। क्या जिम्मेदार वेंडर पर कोई कार्रवाई होगी। या फिर यह मामला भी सिर्फ शिकायत तक सीमित रह जाएगा।



फिलहाल इस घटना ने वंदे भारत जैसी प्रीमियम ट्रेन की कैटरिंग व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्री अब रेलवे से पारदर्शी जवाब की उम्मीद कर रहे हैं। इस पूरे प्रकरण पर आधिकारिक बयान का इंतजार बना हुआ है।



ये खबरें भी पढ़िए...

वंदे भारत के बाद तेजस एक्सप्रेस में लापरवाही, वेज बिरयानी में निकली मक्खी



वंदे भारत के खाने में मिला कीड़ा तो मच गया हड़कंप, IRCTC ने ठोका 10 लाख रुपए का जुर्माना



RGPV कैंटीन विवाद: खाने में कीड़ा! स्टाफ ने खाकर बोला...



पुलिस ट्रेनिंग सेंटर के खाने में इल्लियां, गंदा मेस, टॉर्चर झेल रहे आरक्षक हमें कैसे दिलाएंगे न्याय?



Tags:
  • केंद्र सरकार
  • कांग्रेस नेता
  • वंदे भारत एक्सप्रेस
  • अनुसूचित जाति
  • खाने में कीड़ा