विनेश फोगाट ने बृजभूषण पर साधा निशाना : कहा- उन छह पीड़ितों में एक मैं भी हूं
ओलिंपियन रेसलर विनेश फोगाट एक बार फिर चर्चा में हैं। उन्होंने भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। विनेश ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करके कुछ बात साझा की हैं। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के गोंडा में 10 से 12 मई के बीच सीनियर ओपन रैंकिंग कुश्ती टूर्नामेंट होने जा रहा है।
विनेश ने वीडियो में एक बड़ी बात कही है। उन्होंने कहा, आज कुछ मजबूरियों के कारण मुझे बताना पड़ रहा है कि बृजभूषण के खिलाफ शिकायत करने वाली 6 महिला पहलवानों में एक मैं भी हूं। आमतौर पर सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के मुताबिक पीड़ित की पहचान छुपाई जाती है। लेकिन विनेश ने कहा कि उनकी गवाही कोर्ट में चल रही है और अब सच्चाई सामने लाना जरूरी है।
विनेश ने कहा, गोंडा में सेफ्टी को लेकर डर है
विनेश ने टूर्नामेंट की जगह को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि यह मुकाबला गोंडा में हो रहा है, जो बृजभूषण का इलाका है। वहां उनका अपना प्राइवेट कॉलेज है। विनेश का कहना है कि बृजभूषण के घर में जाकर कुश्ती लड़ना उनके लिए बहुत मुश्किल होगा।
उन्हें डर है कि वहां वह अपना 100% नहीं दे पाएंगी। एक महिला खिलाड़ी के लिए उस माहौल में जाना मानसिक रूप से कठिन है। विनेश ने साफ कहा, अगर वहां किसी खिलाड़ी के साथ कुछ भी गलत होता है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी भारत सरकार की होगी।
सब बृजभूषण के कंट्रोल में है
विनेश ने आरोप लगाया कि सरकार और खेल मंत्रालय सिर्फ तमाशा देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट में कौन सा रेफरी आएगा, किसे अंक दिए जाएंगे और किसे हरवाया जाएगा, यह सब बृजभूषण और उनके लोग तय करेंगे।
उन्हें शक है कि खिलाड़ियों का वजन भी ठीक से चेक नहीं होगा। विनेश के मुताबिक, ऐसा लगता है जैसे बृजभूषण को फ्री हैंड दे दिया गया है कि वह जो चाहें करें।
डेढ़ साल बाद मैट पर वापसी
विनेश ने बताया कि वह पिछले डेढ़ साल से रेसलिंग मैट से दूर थीं। लेकिन पिछले कुछ महीनों से वह दिन-रात मेहनत कर रही हैं। वह चाहती हैं कि एक बार फिर देश के लिए मेडल जीतें और तिरंगे का मान बढ़ाएं। लेकिन मौजूदा हालात उनकी राह में रोड़ा बन रहे हैं।
क्या है पूरा विवाद?
यह मामला करीब तीन साल पहले शुरू हुआ था। 18 जनवरी 2023 को विनेश फोगाट, साक्षी मलिक और बजरंग पूनिया दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरने पर बैठे थे। उन्होंने बृजभूषण शरण सिंह पर महिला खिलाड़ियों के यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था।
विनेश ने रोते हुए बताया था कि नेशनल कैंप में महिला रेसलर्स के साथ गलत व्यवहार होता है। उन्होंने यह भी कहा था कि टोक्यो ओलिंपिक में हार के बाद बृजभूषण ने उन्हें खोटा सिक्का कहा था।
इस पर बृजभूषण का क्या पक्ष
इन आरोपों पर बृजभूषण शरण सिंह ने हमेशा सफाई दी है। उन्होंने कहा था, अगर एक भी आरोप सही साबित हुआ, तो मैं खुद फांसी पर लटक जाऊंगा। उन्होंने इस पूरे प्रदर्शन को राजनीति से प्रेरित बताया था और कहा था कि यह दीपेंद्र हुड्डा और कांग्रेस की साजिश है।
फिलहाल विनेश फोगाट हरियाणा के जुलाना से कांग्रेस की विधायक हैं। वहीं बृजभूषण भाजपा के पूर्व सांसद हैं। उनके परिवार का दबदबा बरकरार है, उनका एक बेटा सांसद है और दूसरा विधायक। मामला अभी भी कोर्ट में है और पहलवानों की गवाही जारी है।
ये खबरें भी पढ़ें....
Delhi AC Blast में खराब AC ने ली नौ की जान, आपने अपना AC कब चेक करवाया था? जानें एसी मेंटेनेंस टिप्स
10 मई को एमपी का दौरा करेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जानें क्या है कारण?
गुजरात यूनिवर्सिटी में पढ़ाई जाएगी मोदी की लीडरशिप, आरएसएस भी होगा कोर्स का हिस्सा