सावधान! वॉट्सऐप वेब खुला छोड़ा तो अकाउंट हो सकता है हैक, गृह मंत्रालय ने जारी की एडवाइजरी
आपकी यह छोटी सी लापरवाही साइबर अपराधियों के लिए आपके निजी जीवन और बैंक खाते तक पहुंचने का सीधा रास्ता खोल सकती है।
गृह मंत्रालय की साइबर क्राइम यूनिट ने जारी किया अलर्ट
दरअसल कंप्यूटर पर वॉट्सऐप वेब इस्तेमाल करने के बाद उसे खुला छोड़ने पर खतरा बढ़ जाता है। इसी को देखते हुए सरकार ने सख्त चेतावनी जारी की है। नई दिल्ली में गृह मंत्रालय के भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र ने आम लोगों के लिए एक खास एडवाइजरी जारी की है। इस एडवाइजरी में साफ तौर पर कहा गया है कि वॉट्सऐप वेब का इस्तेमाल करते समय पूरी सावधानी बरती जाए।
कैसे होता है वॉट्सऐप अकाउंट हैक?
जब आप किसी दूसरे कंप्यूटर पर वॉट्सऐप वेब चलाते हैं तो काम खत्म होने के बाद भी आपका अकाउंट लॉगिन रह सकता है। ऐसे में कभी कभी ऑफिस या किसी दूसरे के कंप्यूटर से लॉगआउट करना भूल जाते हैं। इसके बाद उस कंप्यूटर का इस्तेमाल करने वाला कोई भी व्यक्ति आपका वॉट्सऐप चला सकता है। इससे आपका अकाउंट गलत हाथों में जाने का खतरा रहता है।
इस तरह अपराधी न केवल आपके Private Messages पढ़ सकते हैं। साथ हीआपकी पहचान का इस्तेमाल करके आपके दोस्तों या रिश्तेदारों को मैसेज भेजकर उनसे ठगी भी कर सकते हैं।
साइबर ठगी से बचने अपनाएं ये तरीके
गृह मंत्रालय की साइबर क्राइम यूनिट (Cyber Crime Unit) ने वॉट्सऐप वेब को सुरक्षित रखने के लिए कुछ बेहद जरूरी सुझाव दिए हैं। इन्हें हर यूजर को अपनी आदत में शामिल करना चाहिए।
- हर बार लॉगआउट करें: कंप्यूटर पर अपना काम खत्म होते ही वॉट्सऐप वेब का सेशन तुरंत बंद करें और Logout जरूर करें।
- पब्लिक कंप्यूटर से बचें: होटल, सार्वजनिक कियोस् या किसी से उधार लिए गए कंप्यूटर पर कभी भी अपना वॉट्सऐप लॉगिन न करें।
- प्राइवेट मोड का इस्तेमाल करें: अगर किसी दूसरे के कंप्यूटर पर लॉगिन करना बहुत ही जरूरी हो, तो हमेशा ब्राउजर के प्राइवेट ब्राउजिंग मोड को ही चुनें।
- अकाउंट पर नजर रखें: अगर आपके अकाउंट से कोई अनजान मैसेज जाता है या आपके परिचितों की तरफ से कोई असामान्य जवाब मिलता है, तो तुरंत सतर्क हो जाएं।
वहीं अगर आपको जरा भी शक हो कि कोई आपके वॉट्सऐप का गलत इस्तेमाल कर रहा है, तो तुरंत अपने फोन में वॉट्सऐप की सेटिंग्स खोलें। यहां लिंक्ड डिवाइसेस में जाकर चेक करें कि आपका अकाउंट किन-किन डिवाइस पर लॉगिन है। कोई अनजान डिवाइस दिखे तो उसे तुरंत लॉगआउट कर दें।
FAQ
1. वॉट्सऐप वेब को खुला छोड़ने से क्या नुकसान हो सकता है?
अगर आप ऑफिस या किसी साझा कंप्यूटर पर वॉट्सऐप वेब लॉगआउट करना भूल जाते हैं, तो इसका सेशन सक्रिय रहता है। इसका फायदा उठाकर साइबर अपराधी आपके निजी संदेश पढ़ सकते हैं और आपकी पहचान का गलत इस्तेमाल कर आपके परिचितों को ठग सकते हैं।
2. किन जगहों पर वॉट्सऐप वेब लॉगिन करने से बचना चाहिए?
गृह मंत्रालय की एडवाइजरी के मुताबिक, साइबर कैफे, होटल, सार्वजनिक कियोस्क (Public Kiosk) और किसी से उधार लिए गए कंप्यूटर पर अपना वॉट्सऐप अकाउंट लॉगिन करने से पूरी तरह बचना चाहिए।
3. अगर दूसरे के कंप्यूटर पर वॉट्सऐप चलाना बहुत जरूरी हो तो क्या करें?
यदि किसी वजह से साझा कंप्यूटर पर वॉट्सऐप वेब इस्तेमाल करना बहुत जरूरी हो, तो सामान्य ब्राउजर की जगह हमेशा प्राइवेट ब्राउजिंग मोड (Private Browsing Mode) का इस्तेमाल करें और काम पूरा होते ही सेशन को लॉगआउट कर दें।