महिला आरक्षण और परिसीमन पर फिर हलचल, कल मोदी कैबिनेट की अहम बैठक, 30 नवंबर से संसद की कार्यवाही शुरू करने का प्रस्ताव

Sandeep Kumar | Published:
संसद के दोनों सदनों की बैठक बुलाए जाने के बाद परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयक को फिर से पेश किए जाने की अटकलें तेज हो गई हैं।
The announcement of sittings in both Houses of Parliament has intensified speculation over the reintroduction of legislation related to delimitation and women's reservation.
महिला आरक्षण और परिसीमन को लेकर एक बार फिर सियासी हलचल तेज हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार, 27 नवंबर को केंद्रीय कैबिनेट की अहम बैठक बुलाई है। इसमें महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक पर चर्चा और कुछ बदलाव संभव हैं। इस बीच केंद्र सरकार ने 30 नवंबर से लोकसभा और 2 दिसंबर से राज्यसभा की कार्यवाही शुरू करने का प्रस्ताव भेजा है।

सभी मंत्रियों को भेजी गई सूचना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में होने वाली कैबिनेट बैठक के लिए सभी केंद्रीय मंत्रियों को सूचना भेज दी गई है। मंत्रियों से शुक्रवार दोपहर एक बजे सेवा तीर्थ में मौजूद रहने को कहा गया है। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़ने वाले संविधान संशोधन विधेयक पर चर्चा हो सकती है। सरकार इसके कुछ प्रावधानों में संशोधन भी कर सकती है। कोशिश है कि संसद की आगामी कार्यवाही के दौरान विधेयक को दोबारा पेश करने का रास्ता तैयार किया जाए। इससे पहले बुधवार को प्रधानमंत्री मोदी ने मंत्रिपरिषद की बैठक में भी मंत्रियों को आगामी संसदीय कार्यवाही की तैयारियों के मद्देनजर उपलब्ध रहने और दिल्ली से बाहर के अपने कार्यक्रम टालने की सलाह दी थी।



30 नवंबर से लोकसभा, 2 दिसंबर से राज्यसभा बुलाने का प्रस्ताव

केंद्र सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति से संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही फिर से शुरू करने का अनुरोध किया है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रस्तावित कार्यक्रम की जानकारी दी है। इसके मुताबिक, लोकसभा की कार्यवाही 30 नवंबर 2026 से और राज्यसभा की कार्यवाही 2 दिसंबर से शुरू होगी। दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर को समाप्त हो सकती है। हालांकि, संसदीय कामकाज की जरूरतों के आधार पर इस कार्यक्रम में बदलाव भी संभव है। हालांकि, संसद के कामकाज की जरूरतों के आधार पर इस कार्यक्रम में बदलाव भी हो सकता है।



मानसून सत्र का ही हिस्सा होगी आगामी कार्यवाही

संसद की आगामी कार्यवाही तकनीकी रूप से मानसून सत्र का ही विस्तार होगी। दरअसल, मानसून सत्र को 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया था, लेकिन उसका औपचारिक रूप से सत्रावसान नहीं किया गया था। इसी वजह से नया सत्र बुलाने के बजाय दोनों सदनों की कार्यवाही दोबारा शुरू करने का प्रस्ताव भेजा गया है।



543 से बढ़कर 850 तक हो सकती हैं लोकसभा की सीटें

सरकार के प्रस्तावित संविधान संशोधन में लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों की संख्या बढ़ाकर अधिकतम 850 करने की बात कही गई है। इसके लिए निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन की प्रक्रिया में बदलाव का प्रस्ताव है। सरकार की योजना इसी प्रक्रिया के जरिए लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का रास्ता तैयार करने की है। इस व्यवस्था को 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू करने का लक्ष्य बताया जा रहा है।



परिसीमन को लेकर जारी बहस में एक संभावित प्रस्ताव यह भी है कि वर्ष 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों की लोकसभा सीटों की मौजूदा आनुपातिक हिस्सेदारी बरकरार रखते हुए सदन की कुल सीटों में 50 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की जाए।



अप्रैल में जरूरी समर्थन नहीं जुटा पाई थी सरकार

महिला आरक्षण को निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन से जोड़ने वाला संविधान संशोधन विधेयक इसी साल 17 अप्रैल को संसद के विशेष सत्र के दौरान लोकसभा में पेश किया गया था। हालांकि, सरकार इसे पारित कराने के लिए आवश्यक दो-तिहाई बहुमत नहीं जुटा पाई थी। विधेयक के पारित नहीं होने के बाद से ही महिला आरक्षण लागू करने की प्रक्रिया, निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन और लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने को लेकर राजनीतिक बहस जारी है। अब कैबिनेट की बैठक में विधेयक के प्रावधानों में संभावित बदलावों पर चर्चा हो सकती है।



मोदी सरकार के सामने दो-तिहाई बहुमत जुटाने की चुनौती

संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए सदन की कुल सदस्य संख्या के बहुमत के साथ उपस्थित और मतदान करने वाले सदस्यों के कम से कम दो-तिहाई समर्थन की आवश्यकता होती है। यदि लोकसभा के सभी 543 सदस्य मतदान करते हैं तो विधेयक पारित कराने के लिए 362 वोटों की जरूरत होगी। सूत्रों के अनुसार, विपक्षी खेमे से 26 सांसदों के अलग होने के बाद संसद का राजनीतिक गणित बदला है। इसके बावजूद एनडीए के करीब 320 सांसद होने के कारण सरकार को अतिरिक्त समर्थन की जरूरत पड़ सकती है। ऐसे में 22 सांसदों वाली डीएमके और आठ सांसदों वाली शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का रुख महत्वपूर्ण हो सकता है।



कांग्रेस ने भी बुलाई बैठक, तय होगी रणनीति

संसद की कार्यवाही दोबारा शुरू करने की घोषणा के बाद कांग्रेस ने भी अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। पार्टी ने शुक्रवार शाम 4.30 बजे दिल्ली में अपनी संसदीय समिति की बैठक बुलाई है। इसमें महिला आरक्षण, परिसीमन और आगामी संसदीय कार्यवाही के दौरान उठाए जाने वाले मुद्दों पर पार्टी की रणनीति तय करने को लेकर चर्चा हो सकती है।



संसद में SIR का मुद्दा भी उठा सकता है विपक्ष

महिला आरक्षण और परिसीमन के अलावा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का मुद्दा भी संसद की आगामी कार्यवाही में उठ सकता है। विपक्षी दल इसे लेकर अपनी चिंताएं जता रहे हैं और संसद में चर्चा कराने की मांग कर सकते हैं। फिलहाल सभी की नजरें शुक्रवार को होने वाली मोदी कैबिनेट की बैठक पर हैं। इसमें महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयक को लेकर क्या निर्णय लिया जाता है और सरकार इसे संसद में किस स्वरूप में पेश करती है, यह देखना महत्वपूर्ण होगा।

Tags:
  • महिला आरक्षण
  • परिसीमन
  • मोदी कैबिनेट बैठक
  • महिला आरक्षण संविधान संशोधन विधेयक
  • संसद की कार्यवाही 30 नवंबर
  • women reservation bill
  • delimitation Lok Sabha seats
  • Lok Sabha 850 seats