22 साल बाद बंद होगा करण जौहर का शो कॉफी विद करण, शाहरुख खान और सलमान होंगे खास गेस्ट
बॉलीवुड के सबसे चर्चित चैट शो का सफर अब खत्म होने जा रहा है। करण जौहर जल्द ही कॉफी विद करण का 9वां सीजन लेकर आ रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह इस शो का आखिरी सीजन होने वाला है।
इस खबर ने फैंस को थोड़ा उदास कर दिया है। लेकिन शो से जुड़ी एक और बड़ी अपडेट सामने आई है।
यह अपडेट सुनकर फैंस खुशी से झूम उठेंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, शाहरुख खान पूरे दस साल बाद शो पर वापसी कर रहे हैं।
इस बार वे अकेले नहीं बल्कि अपने बेटे आर्यन खान के साथ आएंगे। यह पहला मौका होगा जब दोनों साथ में किसी टॉक शो में दिखेंगे। साथ ही यह आर्यन खान का पहला टॉक शो डेब्यू भी होगा।
खबरें हैं कि दोनों ने यशराज स्टूडियो में अपना एपिसोड शूट भी कर लिया है। इसके अलावा सलमान खान भी इस सीजन में नजर आने वाले हैं। वे शो के पहले एपिसोड के खास मेहमान हो सकते हैं।
सलमान खान भी दस साल बाद इस काउच पर वापसी करेंगे। यह सीजन 14 अक्टूबर से जियो-हॉटस्टार पर स्ट्रीम होने के लिए तैयार है। इस शो ने दर्शकों को 22 सालों तक जबरदस्त एंटरटेनमेंट दिया है। आइए जानते हैं इस शो से जुड़े कुछ बेहद चर्चित विवादों के बारे में।
कॉफी विद करण के सबसे चर्चित यादें
- 2010: सोनम कपूर के साथ आईं दीपिका पादुकोण ने पूर्व बॉयफ्रेंड रणबीर कपूर को ब्रेकअप के बाद कंडोम का पैकेट गिफ्ट करने की बात कही, जिससे उनके माता-पिता काफी नाराज हो गए थे।
- 2010: शो के तीसरे सीजन में करीना कपूर ने प्रियंका चोपड़ा के बोलने के लहजे पर सवाल उठाया, जिसके जवाब में प्रियंका ने अगले एपिसोड में कहा कि उन्हें यह एक्सेंट वहीं से मिला जहां से करीना के बॉयफ्रेंड को मिला था।
- 2014: रैपिड फायर राउंड के दौरान इमरान हाशमी ने ऐश्वर्या राय के लिए 'प्लास्टिक' शब्द का इस्तेमाल किया था, जिस पर विवाद बढ़ने के बाद उन्होंने इसे महज खेल-खेल में दिया गया जवाब बताया था।
- 2017: रंगून के प्रमोशन के दौरान कंगना रनोट ने करण जौहर को उन्हीं के सामने 'मूवी माफिया' और नेपोटिज्म का झंडाबरदार कह दिया, जिसके बाद करण ने अपनी कड़ी नाराजगी जताई थी।
- 2019: कॉफी विद करण के इस एक एपिसोड में महिलाओं पर विवादित टिप्पणी करने के कारण हार्दिक पंड्या और केएल राहुल पर भारी जनआक्रोश देखने को मिला था।
- 2023: पति रणवीर सिंह के साथ आईं दीपिका पादुकोण ने खुलासा किया कि शुरुआती दिनों में वे कैजुअल डेटिंग कर रही थीं, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उन्हें काफी ट्रोल किया गया था।
सलमान खान का वर्जिन वाला बयान
सलमान खान साल 2013 में पहली बार इस शो का हिस्सा बने थे। करण के सवाल पर सलमान ने कहा था कि वे अभी तक वर्जिन हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने खुद को अपनी होने वाली पत्नी के लिए बचाकर रखा है।
साल 2016 में 100वें एपिसोड में सलमान ने फिर यही बात दोहराई थी। सलमान का यह मजेदार बयान सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था।
रणवीर का अनुष्का से आपत्तिजनक सवाल
साल 2011 में रणवीर सिंह और अनुष्का शर्मा शो में साथ आए थे। दोनों फिल्म बैंड बाजा बारात की सफलता का जश्न मना रहे थे। बातचीत के दौरान रणवीर ने अनुष्का से एक अजीब सवाल पूछ लिया था।
अनुष्का ने तुरंत हैरान होकर रणवीर को कसकर फटकार लगा दी थी साल 2019 में यह पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर दोबारा वायरल हुआ था। यूजर्स ने रणवीर की इस टिप्पणी की जमकर आलोचना की थी।
22 साल का यादगार सफर
करण जौहर का यह शो पिछले 22 सालों से दर्शकों का मनोरंजन कर रहा है। 2004 से शुरू हुए इस सफर में कुल 161 एपिसोड प्रसारित हुए हैं। शो के पहले एपिसोड में शाहरुख खान और काजोल मेहमान बने थे।
अब इसका 9वां सीजन 14 अक्टूबर से शुरू होने जा रहा है। करण जौहर के फैंस इस आखिरी सीजन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।