रामायण का बॉक्स ऑफिस पर धमाल, पुष्पा 2 को पछाड़ बनी चौथी सबसे कमाऊ भारतीय फिल्म, जानें कितना हुआ कलेक्शन
इसके साथ ही यह सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों की सूची में चौथे स्थान पर पहुंच गई है। अब फिल्म के सामने बाहुबली 2, धुरंधर 2 और दंगल का रिकॉर्ड तोड़ने की चुनौती है। हालांकि, इन शानदार आंकड़ों के बीच फिल्म की रोजाना कमाई में गिरावट भी देखने को मिली है। आइए जानें रामायण के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन से लेकर इसके हिट होने तक का पूरा गणित।
21वें दिन रामायण ने कमाए 9.60 करोड़ रुपए
बॉक्स ऑफिस के आंकड़े जारी करने वाली वेबसाइट सैकनिल्क के मुताबिक, रामायण ने रिलीज के 21वें दिन भारत में 9.60 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन किया। बुधवार को देशभर में फिल्म के करीब 15 हजार 700 शो चलाए गए। इनमें सबसे ज्यादा कमाई हिंदी वर्जन से हुई। विदेशों में भी फिल्म को दर्शकों का प्यार मिल रहा है। फिल्म ने 21वें दिन विदेशी बाजार में छह करोड़ रुपए का ग्रॉस कलेक्शन किया। इसके साथ ही फिल्म की विदेशों में कुल कमाई 582 करोड़ रुपए पहुंच गई है।
किस भाषा में रामायण ने कितनी कमाई की
| भाषा | 21वें दिन का नेट कलेक्शन |
|---|---|
| हिंदी | 6.75 करोड़ रुपए |
| मलयालम | 1.10 करोड़ रुपए |
| कन्नड़ | 75 लाख रुपए |
| तमिल | 70 लाख रुपए |
| तेलुगु | 30 लाख रुपए |
| कुल कमाई | 9.60 करोड़ रुपए |
पुष्पा 2 को पछाड़ा, अब बाहुबली 2 के रिकॉर्ड पर नजर
रामायण ने 1,755.60 करोड़ रुपए के Worldwide Collection के साथ अल्लू अर्जुन की फिल्म पुष्पा 2 का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। पुष्पा 2 ने दुनियाभर में 1,742.10 करोड़ रुपए का लाइफटाइम कलेक्शन किया था। अब रामायण को प्रभास की फिल्म बाहुबली 2 का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए केवल 32.46 करोड़ रुपए और कमाने होंगे। बाहुबली 2 ने दुनियाभर में 1,788.06 करोड़ रुपए का कारोबार किया था। वहीं, धुरंधर 2 का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1,813.39 करोड़ रुपए है।
सबसे ज्यादा कमाई करने वाली 5 भारतीय फिल्में
| रैंक | फिल्म का नाम | वर्ल्डवाइड कलेक्शन |
|---|---|---|
| 1 | दंगल | 2,070 करोड़ रुपए |
| 2 | धुरंधर 2 | 1,813.39 करोड़ रुपए |
| 3 | बाहुबली 2 | 1,788.06 करोड़ रुपए |
| 4 | रामायण | 1,755.60 करोड़ रुपए |
| 5 | पुष्पा 2 | 1,742.10 करोड़ रुपए |
आंकड़े Sacnilk Report के बेस पर हैं।
लगातार 20 दिनों तक की डबल डिजिट में कमाई
रामायण ने रिलीज के बाद लगातार 20 दिनों तक भारत में प्रतिदिन 10 करोड़ रुपये या उससे ज्यादा का नेट कलेक्शन किया। हालांकि, 21वें दिन यह सिलसिला टूट गया। फिल्म की कमाई पहली बार 10 करोड़ रुपए से नीचे पहुंची।
मंगलवार को फिल्म ने 17.50 करोड़ रुपए कमाए थे, जबकि बुधवार को इसका कलेक्शन घटकर 9.60 करोड़ रुपए रह गया। इस तरह फिल्म की एक दिन की कमाई में 45.1 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
21 दिनों में रामायण की कुल कमाई
| कलेक्शन | कुल कमाई |
|---|---|
| इंडिया नेट कलेक्शन | 982.55 करोड़ रुपए |
| इंडिया ग्रॉस कलेक्शन | 1,173.60 करोड़ रुपए |
| ओवरसीज ग्रॉस कलेक्शन | 582 करोड़ रुपए |
| वर्ल्डवाइड कलेक्शन | 1,755.60 करोड़ रुपए |
इतनी कमाई के बावजूद क्या रामायण हिट हुई?
रामायण की कमाई के आंकड़े भले ही शानदार नजर आ रहे हों, लेकिन फिल्म का भारी-भरकम बजट भी चर्चा में है। खबर के मुताबिक, फिल्म के निर्माताओं ने हाईकोर्ट में इसके पहले भाग का बजट दो हजार करोड़ रुपए बताया है।
फिल्म और ट्रेड एक्सपर्ट सुमित कडेल के मुताबिक, किसी फिल्म के हिट या फ्लॉप होने का फैसला उसके Distributor Share के आधार पर किया जाता है। उनके मुताबिक, रामायण को हिट होने के लिए हिंदी में कम से कम 1,100 करोड़ रुपए और दुनियाभर में 2,800 करोड़ रुपए का कलेक्शन करना होगा। यह ट्रेड एक्सपर्ट का आकलन है।
नई फिल्मों से मिलेगी रामायण को टक्कर
रामायण के सामने अब सिनेमाघरों में नई फिल्मों की चुनौती भी होगी। इमरान हाशमी की गनमास्टर G9 और आयुष्मान खुराना की 'ये प्रेम मोल लिया' इस सप्ताह रामायण को टक्कर देंगी। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि नई फिल्मों की रिलीज का रामायण की कमाई पर कितना असर पड़ता है। नितेश तिवारी के निर्देशन और नमित मल्होत्रा के प्रोडक्शन में बनी रामायण में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण के किरदार में नजर आए हैं।
बता दें कि फिल्म का दूसरा भाग साल 2028 में दिवाली के मौके पर रिलीज हो सकता है। दूसरे भाग में सनी देओल की एंट्री होगी। इसके अलावा राम और रावण के बीच युद्ध, हनुमान द्वारा लंका दहन और 14 साल का वनवास पूरा होने के बाद राम-सीता की अयोध्या वापसी जैसे इम्पोर्टेन्ट एपिसोड दिखाए जाएंगे।