सलमान खान का फैंस को बड़ा तोहफा, 11 रुपए में मिलेगा मातृभूमि की टिकट, इस दिन होगी रिलीज

Amresh Kushwaha | Nov 06, 2026, 23:26 IST
फिल्म मातृभूमि के जरिए सलमान खान 4 दिसंबर को बड़े पर्दे पर नजर आएंगे।
Salman Khan will appear on the big screen on December 4 th in the film Matrubhumi.
बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान की आने वाली फिल्म मातृभूमि की रिलीज डेट सामने आ गई है। शुक्रवार, 06 नवंबर को मुंबई में फिल्म का ट्रेलर रिलीज किया गया। इस मौके पर सलमान ने बताया कि फिल्म 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में आएगी। इसके साथ ही उन्होंने दर्शकों के लिए खास ऑफर का ऐलान किया है। लोग सिर्फ 11 रुपए में फिल्म देख सकेंगे।

दर्शकों के लिए खास ऑफर

फिल्म के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में सलमान खान ने बताया कि मातृभूमि की टिकट कुछ खास दर्शकों के लिए सिर्फ 11 रुपए रखी गई है। हालांकि यह ऑफर 75 साल या उससे ज्यादा उम्र के लोगों के लिए है। यानी इस उम्र के बुजुर्ग बेहद कम कीमत में सिनेमाघरों में फिल्म देख सकेंगे।



पहली बार चित्रांगदा सिंह के साथ नजर आएंगे सलमान

फिल्म में सलमान खान के साथ अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह मुख्य भूमिका में दिखाई देंगी। दोनों कलाकार पहली बार बड़े पर्दे पर एक साथ नजर आएंगे। सलमान की उम्र 60 साल और चित्रांगदा की उम्र 50 साल है। दोनों की जोड़ी को लेकर फैंस के बीच काफी उत्सुकता है।



डेढ़ साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी करेंगे सलमान

मातृभूमि से सलमान खान करीब डेढ़ साल बाद सिनेमाघरों में वापसी करेंगे। उनकी पिछली फिल्म सिकंदर मार्च 2025 में रिलीज हुई थी। हालांकि, यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई थी। सिकंदर में सलमान के साथ रश्मिका मंदाना नजर आई थीं।



गलवान घाटी की घटना पर आधारित है फिल्म

मातृभूमि की कहानी जून 2020 में भारत और चीन के सैनिकों के बीच गलवान घाटी में हुई झड़प से प्रेरित है। इस संघर्ष में भारतीय सेना के 20 जवान शहीद हुए थे। फिल्म में सलमान खान भारतीय सेना के अधिकारी कर्नल बी. संतोष बाबू का किरदार निभा रहे हैं। वे 16 बिहार रेजिमेंट के कमांडिंग ऑफिसर थे और गलवान घाटी में भारतीय सैनिकों का नेतृत्व कर रहे थे। उनके अदम्य साहस के लिए उन्हें मरणोपरांत महावीर चक्र से सम्मानित किया गया था।



पहले बैटल ऑफ गलवान था फिल्म का नाम

सलमान खान ने इस फिल्म की घोषणा पहले बैटल ऑफ गलवान नाम से की थी। बाद में इसका नाम बदलकर मातृभूमि कर दिया गया था।



फिल्म का निर्देशन अपूर्व लाखिया ने किया है। सलमान खान इसमें मुख्य भूमिका निभाने के साथ-साथ फिल्म के निर्माता भी हैं। चित्रांगदा सिंह के अलावा मुकेश ऋषि, अंकुर भाटिया, जेन शॉ और अभिलाष चौधरी भी फिल्म में अहम किरदार निभा रहे हैं।



कई बार टल चुकी है रिलीज डेट

फिल्म की रिलीज को लेकर पहले जनवरी, फिर अप्रैल और उसके बाद जून की तारीखों की चर्चा हुई थी, लेकिन हर बार इसकी रिलीज आगे बढ़ गई। अब आखिरकार फिल्म की नई रिलीज डेट 4 दिसंबर तय की गई है।



फिल्म का ट्रेलर सामने आने के बाद अब दर्शकों को इसके सिनेमाघरों में रिलीज होने का इंतजार है।

Tags:
  • Matrubhumi Movie
  • फिल्म मातृभूमि
  • मातृभूमि फिल्म रिलीज डेट
  • मातृभूमि मूवी रिलीज डेट
  • सलमान खान
  • Salman Khan
  • सलमान खान की नई मूवी
  • सलमान खान की फिल्म मातृभूमि
  • Matrubhumi Trailer Release
  • Matrubhumi Movie Release Date