मोदी के रोड शो की अयोध्या में तैयारियां, 30 दिसंबर को पीएम करेंगे एयरपोर्ट का उद्घाटन

BP Shrivastava | Dec 23, 2023, 24:00 IST
मोदी के रोड शो की अयोध्या में तैयारियां, 30 दिसंबर को पीएम करेंगे एयरपोर्ट का उद्घाटन
30 दिसंबर को पीएम नरेंद्र मोदी अयोध्या में मर्यादा पुरूषोत्तम श्रीराम अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा पीएम मोदी इस दौरान अयोध्या में रोड शो भी कर सकते हैं।

AYODHYA. अयोध्या में जैसे- जैसे 22 जनवरी (श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा) की तारीख नजदीक आती जा रही है। तैयारियां और विकास के कार्य अंतिम रूप लेते नजर आ रहे हैं। साथ ही रामलला की नगरी को साधन-सुविधाओं से जोड़ने की पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। इसी सिलसिले में 30 दिसंबर को पीएम नरेंद्र मोदी यहां मर्यादा पुरूषोत्तम श्रीराम अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा पीएम मोदी इस दौरान अयोध्या में रोड शो भी कर सकते हैं। जिसकी तैयारियों में बीजेपी जुट गई है।



अयोध्या जिला मजिस्ट्रेट ने यह की घोषणा



अयोध्या के जिला मजिस्ट्रेट ने घोषणा की है कि दिल्ली से पहली उड़ान 30 दिसंबर को अयोध्या हवाई अड्डे पर उतरने वाली है। एयर इंडिया एक्सप्रेस 30 दिसंबर को राष्ट्रीय राजधानी से अयोध्या के लिए अपनी उद्घाटन उड़ान का परिचालन करेगी। इसके अलावा एयरलाइन 16 जनवरी से इस मार्ग पर निर्धारित दैनिक सेवाएं शुरू करेगी। अयोध्या में मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक विस्तारित रनवे है, जो ए-321/बी-737 श्रेणी के विमानों के संचालन के लिए उपयुक्त है।



30 दिसंबर को दिल्ली से अयोध्या आएगी पहली उड़ान



अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले इस हवाई अड्डे का उद्घाटन होने जा रहा है। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने बुधवार, 20 दिसंबर को कहा था कि उद्घाटन उड़ान आईएक्स 2789 आगामी 30 दिसंबर को दिल्ली से 11 बजे रवाना होगी और 12.20 बजे अयोध्या में उतरेगी। वापसी में अयोध्या से आईएक्स 1769 उड़ान दोपहर 12.50 बजे रवाना होगी और 2.10 बजे दिल्ली पहुंच जाएगी।



रेलवे स्टेशन भी तैयार, होना है उद्घाटन



अयोध्या में एयरपोर्ट के अलावा रेलवे स्टेशन भी उद्घाटन की तैयारी में है। रेलवे बोर्ड की अध्यक्ष जया वर्मा सिन्हा नवनिर्मित रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने वाली हैं, जबकि अयोध्या प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उद्घाटन के लिए तैयारी सुनिश्चित करने के लिए हवाई अड्डे और रेलवे स्टेशन पर नियमित जांच कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश के सीएम योगी भी राम मंदिर निमार्ण से जुड़े कार्यों के साथ-साथ सभी कामों का लगातार जायजा ले रहे हैं।



Tags:
  • National News
  • नेशनल न्यूज
  • Ayodhya Shri Ram Temple
  • अयोध्या श्रीराम मंदिर
  • Modi will do road show in Ayodhya
  • PM will inaugurate the airport
  • Modi's road show in Ayodhya
  • मोदी करेंगे अयोध्या में रोड शो
  • एयरपोर्ट का उद्घाटन पीएम करेंगे
  • अयोध्या में मोदी का रोड शो