कम नींद और बढ़ता गुस्सा: जानिए कैसे नींद की कमी बिगाड़ती है पार्टनर से रिश्ते
कई बार रिश्तों को बचाने के लिए लंबी बहस नहीं, बल्कि एक अच्छी नींद और उसके बाद के कुछ शांत क्षण पर्याप्त होते हैं।
क्या आप जानते हैं कि केवल एक रात की खराब नींद अगले दिन आपके साथी के प्रति धैर्य, सहानुभूति और संवाद की क्षमता को कम कर सकती है?
इसे गहराई से समझाने से पहले मैं अपने जीवन का एक छोटा-सा अनुभव साझा करना चाहता हूँ।
बेटा, तुम्हें क्या लगता है?
करीब चार वर्ष पहले, जब मैंने मानसिक स्वास्थ्य और वेलनेस के क्षेत्र में अपना स्टार्टअप शुरू किया था, तब मेरे सामने एक बड़ा प्रश्न था। क्या मुझे इसी क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहिए या अपने पुराने पेशे पत्रकारिता में लौट जाना चाहिए?
उस समय मेरा बेटा केवल आठ वर्ष का था। मैंने उससे सहज भाव से पूछा, "बेटा, तुम्हें क्या लगता है? मुझे यही काम करना चाहिए या पत्रकारिता में वापस चला जाना चाहिए?"
उसने बिना एक पल सोचे जवाब दिया, "पापा, आप यही काम करिए।"
मैंने पूछा, "क्यों?"
वह मुस्कुराया और बोला, "क्योंकि इस काम से लोगों को बहुत अच्छी नींद आती है।"
उसकी यह छोटी-सी बात मेरे लिए एक बड़ा संकेत बन गई। उसने मेरा ध्यान उस समस्या की ओर दिलाया, जिस पर मैं तब तक उतनी गंभीरता से विचार नहीं कर रहा था।
धीरे-धीरे मुझे समझ आया कि नींद केवल शरीर को आराम देने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह हमारे रिश्तों, भावनाओं, निर्णय लेने की क्षमता और मानसिक स्वास्थ्य की सबसे महत्वपूर्ण आधारशिलाओं में से एक है।
आज न्यूरोसाइंस भी बताती है कि पर्याप्त और गुणवत्तापूर्ण नींद हमारे मस्तिष्क के भावनात्मक केंद्र (Amygdala) को संतुलित रखने और निर्णय लेने वाले भाग (Prefrontal Cortex) को बेहतर ढंग से कार्य करने में सहायता करती है। यही कारण है कि अच्छी नींद के बाद हम अपेक्षाकृत अधिक शांत, धैर्यवान और सहानुभूतिपूर्ण महसूस करते हैं।
यही वजह है कि गंभीर तनाव, चिंता या अवसाद से जूझ रहे लोगों के उपचार में मनोचिकित्सक अक्सर सबसे पहले उनकी नींद की गुणवत्ता सुधारने पर ध्यान देते हैं। गहरी और पर्याप्त नींद मस्तिष्क को भावनात्मक अनुभवों को व्यवस्थित करने और तनाव को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
मुझे भोपाल के एक दंपति का मामला याद आता है। गोपनीयता बनाए रखने के लिए मैं उनके बदले हुए नाम-कामनी और सुमित-का उपयोग कर रहा हूँ।
उनकी सबसे बड़ी समस्या यह थी कि जैसे-जैसे शाम होती, दोनों का तनाव बढ़ने लगता। छोटी-छोटी बातें विवाद में बदल जातीं। धीरे-धीरे स्थिति ऐसी हो गई कि दोनों साथ सोने से भी बचने लगे। जितनी दूरी रात में बढ़ती, उतनी ही दूरी उनके रिश्ते में भी बढ़ती चली जाती।
जब मैंने उनके व्यवहार को ध्यान से समझा, तो एक महत्वपूर्ण बात सामने आई।
कामनी के लिए नींद तनाव से राहत का स्वाभाविक माध्यम थी। सुबह उठने के बाद उसका व्यवहार पूरी तरह बदल जाता था। वह शांत रहती, सहज रहती और अपने पति के प्रति स्नेह भी महसूस करती थी।
दूसरी ओर, सुमित रात के झगड़ों को मन में लेकर ही सोता और सुबह भी उन्हीं भावनाओं के साथ उठता। इसलिए जब कामनी उसे गले लगाना चाहती, तब भी वह भीतर से तैयार नहीं होता था।
मैंने उससे केवल एक छोटा-सा प्रयोग करने को कहा।
"एक महीने तक केवल इतना करना कि जब वह सुबह उठे और उसका मन तुम्हें गले लगाने का हो, तब पिछली रात के विवाद याद किए बिना उसे गले लगा लेना।"
उसे यह सलाह बहुत साधारण लगी, लेकिन उसने भरोसा किया।
उसने देखा कि सुबह के शुरुआती कुछ मिनटों में उसकी पत्नी सबसे अधिक शांत और सहज रहती थी। उसने उसी समय उसे अपनापन देना शुरू किया। कभी एक स्नेहपूर्ण आलिंगन, कभी साथ में चाय, तो कभी सुबह के छोटे-छोटे कामों में सहयोग।
कुछ ही सप्ताह में उनके रिश्ते में सकारात्मक परिवर्तन दिखाई देने लगा।
यह कोई चमत्कार नहीं था। यह केवल उस समय का सही उपयोग था, जब मन अपेक्षाकृत शांत और ग्रहणशील होता है।
मनोविज्ञान और न्यूरोसाइंस के अनुसार, सोने से पहले और जागने के तुरंत बाद का समय मानसिक रूप से अपेक्षाकृत शांत संक्रमणकाल माना जाता है। यही कारण है कि अनेक विशेषज्ञ इस समय सकारात्मक विचार, ध्यान, प्रार्थना, कृतज्ञता या आत्म-संवाद का अभ्यास करने की सलाह देते हैं।
यही कारण है कि लगभग हर आध्यात्मिक परंपरा सुबह उठते ही प्रार्थना, मंत्र-जप, कृतज्ञता या ध्यान करने पर बल देती है। यह केवल धार्मिक अभ्यास नहीं, बल्कि मन को सकारात्मक दिशा देने का प्रभावी मनोवैज्ञानिक अभ्यास भी हो सकता है।
सुमित के साथ हमने एक और छोटा अभ्यास जोड़ा।
सोने से पहले पाँच से दस मिनट तक भ्रामरी प्राणायाम, हल्की हम्मिंग, कुछ गहरी साँसें और एक सरल सकारात्मक वाक्य-
"मैं खुश हूँ, सभी खुश हैं।"
यह मंत्र मुझे तिब्बती बौद्ध धर्म का गुरु योंगे मिंग्यूर रिनपोछे से सीखने का अवसर मिला। ध्यान और करुणा पर उनके विचारों ने दुनिया भर के शोधकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया है। वे बार-बार इस बात पर ज़ोर देते हैं कि करुणा, कृतज्ञता और सकारात्मक भावनाओं का नियमित अभ्यास हमारे अनुभवों और मानसिक अवस्था- दोनों को बदल सकता है।
सुमित ने हर रात सोने से पहले और हर सुबह उठने के बाद कुछ मिनट तक यही दोहराना शुरू किया-
"मैं खुश हूँ, सभी खुश हैं।"
साथ ही, सुबह पत्नी के प्रति अपने व्यवहार में थोड़ा अधिक अपनापन जोड़ा।
कुछ सप्ताह बाद दोनों के बीच संवाद सहज होने लगा। झगड़े पूरी तरह समाप्त नहीं हुए, लेकिन उनकी तीव्रता और अवधि दोनों कम हो गईं। क्योंकि अब उनके दिन की शुरुआत संघर्ष से नहीं, बल्कि जुड़ाव से होने लगी थी।
यहीं से एक महत्वपूर्ण बात समझ आती है-
नींद केवल आराम नहीं है, यह हमारे रिश्तों के लिए प्रतिदिन मिलने वाला एक "इमोशनल रीसेट" है।
जब हम अच्छी नींद लेते हैं, तो हमारा मस्तिष्क दिनभर के भावनात्मक अनुभवों को व्यवस्थित करता है। विशेष रूप से REM Sleep के दौरान भावनात्मक स्मृतियों के प्रसंस्करण (Processing) में मदद मिलती है, जिससे अगले दिन तनाव से निपटना अपेक्षाकृत आसान हो सकता है।
इसलिए सोने से पहले और जागने के बाद के उन कुछ शांत क्षणों को हल्के में मत लीजिए। कई बार यही छोटे-छोटे पल हमारे विचारों, व्यवहार और रिश्तों की दिशा तय करते हैं।
बौद्ध परंपरा में भी नींद को केवल विश्राम नहीं, बल्कि सजगता के साथ जी जाने वाली प्रक्रिया माना गया है। यह विचार हमें याद दिलाता है कि यदि हम दिन का समापन शांति के साथ करें और अगली सुबह कृतज्ञता के साथ शुरू करें, तो हमारे भीतर और हमारे रिश्तों में गहरे परिवर्तन संभव हैं। बौद्ध गुरु दलाई लामा कहते हैं कि नींद से बेहतर मेडिटेशन कोई नहीं हो सकता है.
आज रात केवल एक छोटा-सा प्रयोग कीजिए
- सोने से पहले अपने मन को शांत कीजिए।
- कुछ गहरी सांसें लीजिए।
- अपने भीतर धीरे से दोहराइए-"मैं खुश हूँ, सभी खुश हैं।"
- सुबह उठकर अपने सबसे प्रिय व्यक्ति को एक सच्ची मुस्कान या एक स्नेहपूर्ण आलिंगन दीजिए।
हो सकता है, आपके रिश्ते में अगला बड़ा बदलाव किसी लंबी बहस, किसी महँगे उपचार या किसी बड़े निर्णय से नहीं, बल्कि एक अच्छी नींद और उसके बाद के कुछ प्रेमपूर्ण क्षणों से शुरू हो जाए।
ये भी पढ़ें...
Gen Z को समझिए: टकराव नहीं संवाद कीजिए
जब संवाद रुक जाए, तब रिश्ता कैसे बचाएं?
चाय की एक चुस्की से रिश्तों में घुलेगी मिठास
एक जादू की झप्पी रिश्तों को बचा सकती है