10वीं बार एशिया कप के फाइनल में पहुंचा भारत, 41 रन से जीता मैच, अब पाकिस्तान-श्रीलंका के बीच करो या मरो का मुकाबला

Rahul Garhwal | Sept 13, 2023, 24:00 IST
10वीं बार एशिया कप के फाइनल में पहुंचा भारत, 41 रन से जीता मैच, अब पाकिस्तान-श्रीलंका के बीच करो या मरो का मुकाबला
भारत 10वीं बार एशिया कप के फाइनल में पहुंचा। भारत ने श्रीलंका को 41 रन से हराया। अब पाकिस्तान-श्रीलंका के बीच करो या मरो का मुकाबला होगा।

स्पोर्ट्स डेस्क. भारत 10वीं बार एशिया कप के फाइनल में पहुंच गया है। टीम इंडिया ने लो स्कोरिंग मैच में श्रीलंका को 41 रन से हरा दिया। अब श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच करो या मरो का मुकाबला होगा। वहीं टीम इंडिया सुपर-4 का आखिरी मैच बांग्लादेश के साथ खेलेगी। श्रीलंका की टीम लगातार 13 वनडे जीतने के बाद अब हारी है।



172 रन पर ढेर हुई श्रीलंका



भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। भारत की टीम 49.1 ओवर में 213 रन पर ऑल आउट हो गई। वहीं भारत ने श्रीलंका को 41.3 ओवर में 172 रन पर ढेर कर दिया।



भारतीय टीम की कसी हुई गेंदबाजी



लो स्कोरिंग मैच में भारतीय गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी की। शुरुआत में जसप्रीत बुमराह और सिराज ने विकेट दिलाए। वहीं मिडिल ओवर्स में कुलदीप यादव और रविंद्र जडेजा ने श्रीलंका के बल्लेबाजों को विकेट पर टिकने नहीं दिया। कुलदीप यादव ने 4 विकेट लिए। रविंद्र जडेजा ने 2, बुमराह ने 2, हार्दिक ने 1 और सिराज ने 1 विकेट चटकाया। श्रीलंका के लिए दुनिथ वेल्लालागे ने सबसे ज्यादा 42 रन बनाए। धनंजय डी सिल्वा ने 41 रन की पारी खेली।



दुनिथ वेल्लालागे के सामने बिखरी भारतीय बल्लेबाजी



श्रीलंका के 20 साल के स्पिनर दुनिथ वेल्लालागे भारतीय बल्लेबाजों को अपने सामने घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने शुभमन गिल, रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल और हार्दिक पांड्या के विकेट झटके। दुनिथ प्लेयर ऑफ द मैच रहे। दुनिथ ने 10 ओवर में 40 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किए। श्रीलंका के दूसरे स्पिनर असालंका ने 4 विकेट चटकाए।



रोहित शर्मा की 51वीं फिफ्टी



कप्तान रोहित शर्मा ने अपने वनडे करियर की 51वीं फिफ्टी लगाई। उन्होंने इस दौरान वनडे में 10 हजार रन भी पूरे किए। रोहित सबसे तेज 10 हजार रन बनाने वाले दूसरे खिलाड़ी बने। रोहित ने 48 गेंदों में 53 रन की पारी खेली। उन्होंने 7 चौके और 2 छक्के लगाए। शुभमन गिल और रोहित शर्मा के बीच पहले विकेट के लिए 80 रनों की साझेदारी हुई।



केएल राहुल और ईशान किशन ने टीम को मुश्किल से निकाला



दुनिथ के झटकों से टीम इंडिया को केएल राहुल और ईशान किशन ने निकाला। दोनों ने 89 गेंदों में 63 रनों की पार्टनरशिप की। केएल राहुल 39 और ईशान किशन 33 रन बनाकर आउट हुए।



Tags:
  • asia cup
  • एशिया कप
  • India and Sri Lanka
  • India in the final of Asia Cup
  • India defeated Sri Lanka by 41 runs
  • भारत और श्रीलंका
  • एशिया कप के फाइनल में भारत
  • भारत ने श्रीलंका को 41 रन से हराया