मां के नाम 4 करोड़ पौधे लगाने का टारगेट पूरा करने सीएम ने अपनाई नई ट्रिक

Arun Tiwari | Jul 11, 2024, 23:04 IST
THESOOTR
छत्तीसगढ़ में मां के नाम पर चार करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया गया है। अब इस लक्ष्य को पूरा करने सीएम विष्णुदेव साय ने नई ट्रिक अपनाई है। साय को लगता है कि इस ट्रिक से आम के आम और गुठलियों के दाम वाली कहावत चरितार्थ हो जाएगी...

RAIPUR. इस समय पूरे देश में एक पेड़ मां के नाम लगाने का सीजन आया हुआ है। चूंकि ये पीएम मोदी ने कहा है इसलिए बीजेपी सरकारों के लिए यह मौका खुद को टॉप दिखाने का है। मोदी मिशन एक तरह से सरकारों के लिए टेंशन बन गया है। छत्तीसगढ़ में कुछ इसी तरह का मौसम है। सीएम समेत पूरी सरकार मोदी टारगेट को पूरा करने में लगी हुई है। प्रदेश में मां के नाम पर चार करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य तय कर लिया गया है। अब इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए सीएम विष्णुदेव साय ने नई ट्रिक अपनाई है। साय को लगता है कि इस ट्रिक से आम के आम और गुठलियों के दाम वाली कहावत चरितार्थ हो जाएगी। क्या है विष्णु की नई ट्रिक आइए आपको बताते हैं।



एक हजार में एक पेड़

सीएम की पहली ट्रिक ये है कि महतारी वंदन करने के साथ उनको पौधे लगाने की बात भी कह दी जाए। सीएम ने महतारी वंदन योजना में शामिल महिलाओं से कहा है कि वे कम से कम एक पेड़ अपनी मां के नाम पर लगाएं। यानी महतारी वंदन में शामिल 70 लाख महिलाए एक-एक पौधा भी लगाएंगी तो 70 लाख पौधे लग जाएंगे। सरकार महिलाओं के खाते में हर महीने एक हजार रुपए डालती है। इसलिए इतनी आशा तो रखती है कि इन एक हजार के बदले महिलाएं कम से कम एक पौधा रोपकर उनके लक्ष्य को हासिल करने में सहायता करेंगी।



हर आंगनबाड़ी में एक बच्चे और मां से पांच पौधे

सीएम का महिला एवं बाल विकास विभाग भी महिलाओं से पौधे लगवाने में जुटा है। महतारी वंदन योजना के साथ साथ मातृ वंदना योजना की हितग्राही महिलाओं से भी एक एक पौधे लगवाए जाएंगे। महिलाओं को नारी जल आंदोलन को जन आंदोलन बनाने की शपथ दिलाई जाएगी। प्रदेश की सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में महिलाओं और बच्चों के जरिए पांच-पांच फलदार पौधे लगवाए जाएंगे।



पौधारोपण को बनाया महा अभियान

सीएम ने नवा रायपुर के अटल नगर के जैव विविधता पार्क में एक पेड़ मां के नाम महापौधारोपण अभियान शुरू किया। मुख्यमंत्री ने पूरे विधि विधान से पूजन कर पीपल के पौधे का रोपण कर महापौधारोपण अभियान की शुरुआत की। इस अभियान के तहत वन विभाग द्वारा प्रदेशभर में 4 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। इसी के अंतर्गत में प्रदेश के 33 जिलों में कुल 4 लाख पौधे लगाए गए। महापौधारोपण अभियान के शुभारंभ के मौके पर जैव विविधता पार्क में मुख्यमंत्री के साथ सभी कैबिनेट मंत्रियों स्कूली बच्चों, सीआरपीएफ के जवानों, पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने 20 हजार पौधे लगाए।



thesootr links

  • मध्य प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
  • छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
  • रोचक वेब स्टोरीज देखने के लिए करें क्लिक

द सूत्र की खबरें आपको कैसी लगती हैं? Google my Business पर हमें कमेंट के साथ रिव्यू दें। कमेंट करने के लिए इसी लिंक पर क्लिक करें



Tags:
  • सीएम विष्णुदेव साय
  • छत्तीसगढ़
  • मां के नाम 4 करोड़ पौधे