BJP और कांग्रेस पर AAP ने बोला हमला, प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडी बोले- दोनों दलों ने छत्तीसगढ़ की जनता को ठगा, लगाए कई आरोप
KANKER. छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। चुनाव से आरोप प्रत्यारोप तेज हो गए है। इस साल होने वालेचुनाव की रेस में बीजेपी कांग्रेस के साथ आम आदमी पार्टी भी शामिल हो चुकी है। छत्तीसगढ़ AAP के प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडी ने बीजेपी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए जनता को ठगने का आरोप लगाया। भानुप्रतापपुर में पत्रकारों से चर्चा में कोमल हुपेंडी ने कहा कि बीजेपी ने अपने 15 साल के शासनकाल में छत्तीसगढ़ की जनता को ठगने का काम किया तो जनता ने कांग्रेस पर भरोसा किया, लेकिन कांग्रेस ने भी जनता से 36 वादे कर एक भी पूरा नहीं किया। बता दे कि आम आदमी पार्टी ने कोमल हुपेंडी को भानुप्रतापपुर विधानसभा से प्रत्याशी बनाया हैं।
चुनाव जीतते ही अपना वादा भूल गई कांग्रेस
कोमल हुपेंडी ने कहा कांग्रेस सरकार बिजली बिल हाफ होने की बात करती है, पर ऐसा कहां हुआ है बल्कि पहले से ज्यादा बिल आता है। उन्होंने कहा सरकार ने बिजली यूनिट का रेट बढ़ा दिया और जनता को बिजली हाफ होने की बात करती हैं। भानुप्रतापपुर विधानसभा उप चुनाव के दौरान आरक्षण को लेकर फटाके फोड़े गए और जब चुनाव जीत गए तो सारे वादे भूल गए।
प्रदेश की सभी 90 सीटों पर चुनाव लड़ेगी AAP
उन्होंने आगे कहा चारामा के राजा राव पठार में पिछड़ा वर्ग का जो आंदोलन होगा उसमें आम आदमी पार्टी शामिल होगी और समर्थन करेगी। इससे पहले कोमल हुपेंडी ने प्रदेश की सभी 90 सीटों पर चुनाव लड़ने का एलान किया। उन्होंने छत्तीसगढ़ की जनता से आह्वान किया कि वह आप के साथ आएं। जनता अब तीसरे विकल्प के रूप में आम आदमी पार्टी के साथ जुड़ रही है।
अधिकारियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर भ्रष्टाचार करने का आरोप
आम आदमी पार्टी के हरेश चक्रधारी ने भानुप्रतापपुर और अंतागढ़ विधायक के संरक्षण में अधिकारियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाया। हरेश चक्रधारी ने कहा कि स्कूल मरम्मत में जमकर भ्रष्टाचार हो रहा है। इसके लिए न ही निविदा निकाली गई और न ही ग्राम पंचायत को एजेंसी बनाया गया। सीधे कांग्रेस कार्यकर्ता अधिकारियों से मिलकर लीपापोती कर रहे हैं। इसके लिए आंदोलन भी किया जाएगा। उन्होंने कहा हम बिजली, पानी, स्वास्थ्य एवं सड़क के मुद्दे को लेकर जनता के सामने जाएंगे क्योंकि कांग्रेस सरकार में जमकर धांधली हो रही है। एक तरफ सड़क बन रहा है और दूसरी तरफ सड़क उखड़ भी रहा है।
AAP नेता ने कांग्रेस सरकार पर लगाए आरोप
आम आदमी पार्टी के मेहर सिंह वट्टी ने कहा छत्तीसगढ़ में अभी तक जो भी सरकार आई है वह आरक्षण, जाति, धर्म और फर्जी तरीके से विकास की बात को लेकर आती है। सभी वर्ग के लोगों को झूठा आश्वासन देती है। एक समाज से दूसरे समाज को एक धर्म से दूसरे धर्म को लड़ाने का काम करती हैं। जबकि भारत में सभी वर्गों के लिए संविधान में अधिकार प्रदत्त है।