अंबिकापुर हत्याकांड; आरोपी पांडा पर इनाम घोषित, कातिल के लिए शहर भर में भारी आक्रोश, सड़कों पर उतरा जनसैलाब
NEWS IN SHORT
- अंबिकापुर में महिला की हत्या के खिलाफ कांग्रेस ने विशाल कैंडल मार्च निकाला
- महिला सुरक्षा को लेकर शहर में बढ़ा आक्रोश
- अंबिकापुर हत्या मामले में पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए शुरू की कार्रवाई
- कांग्रेस ने चेतावनी दी हैं आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन उग्र होगा
- हत्या और दुष्कर्म के आरोप में आरोपी की तलाश हुई तेज, 30 हजार इनाम की घोषणा
NEWS IN DETAIL
Ambikapur : अंबिकापुर शहर के महामाया द्वार क्षेत्र में 3 अप्रैल को हुई महिला की (Ambikapur Murder Case) हत्या के बाद पूरे शहर में आक्रोश फैला हुआ है। इस घटना के बाद से जनता में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है और आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से स्थानीय लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। आज मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने सड़क पर उतरकर एक विशाल कैंडल मार्च निकाला।
हाथों में मोमबत्तियां और तख्तियां लेकर लोग सड़क पर
विरोध प्रदर्शन घड़ी चौक से शुरू हुआ, जहां पर मोमबत्तियां और इंसाफ दो की मांग वाली तख्तियां लिए लोग सड़क पर उतरे। जिसमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए।
श्रद्धांजलि अर्पित की गई
घड़ी चौक से निकलकर यह कैंडल मार्च महामाया द्वार तक पहुंचा। यहां प्रदर्शनकारियों ने मोमबत्तियां जलाकर मृतिका को श्रद्धांजलि अर्पित की। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस ने मामले की गंभीरता को हल्के में लिया हैं और इतने संवेदनशील इलाके में इस प्रकार की वारदात होने पर भी पुलिस के हाथ खाली हैं।
आरोपी पर इनाम घोषित
(Ambikapur Police )पुलिस प्रशासन मामले की गंभीरता को समझते हुए आरोपी की गिरफ्तारी में जुटा है। हालांकि अब तक पुलिस को आरोपी का कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। पुलिस ने आरोपी की जानकारी देने या उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाले व्यक्ति के लिए 30,000 रुपये के नकद इनाम की घोषणा की है।
विपक्षी दलों ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस पार्टी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि आरोपी की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
क्या है पूरा मामला?
महामाया द्वार के पास 3 अप्रैल को एक महिला का खून से सना शव बरामद हुआ था। शव पर चोटों के निशान थे और पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिले कि महिला के साथ दुष्कर्म किया गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई। महिला की उम्र 45 साल थी और वह पिछले कई सालों से अपने किराए के घर में अपने प्रेमी के साथ रह रही थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुए चौंकाने वाले खुलासे
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह पाया गया कि महिला की 12 पसलियां पूरी तरह से टूट चुकी थीं और उसके फेफड़े और दिल फट गए थे। महिला के शरीर पर दबाव डालकर उसे मारा गया था और गले पर भी निशान थे। पुलिस ने बताया कि महिला के प्राइवेट पार्ट से प्लास्टिक की बोतल बरामद हुई थी।
आरोपी की पहचान सीसीटीवी फुटेज से हुई
घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी फुटेज में महिला और आरोपी रात करीब 1 बजे घटनास्थल की ओर जाते हुए दिखाई दे रहे थे। पुलिस ने आरोपी की पहचान पांडा उर्फ मिथुन के रूप में की है, जो फ़िलहाल फरार है।
पूर्व डिप्टी सीएम सिंहदेव का बयान
(अंबिकापुर में टीएस सिंहदेव )प्रदेश के पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि यह घटना दिल दहला देने वाली है। उन्होंने सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग की हैं और कहा कि ऐसे जघन्य अपराधों के लिए मृत्युदंड दिया जाना चाहिए।
न्याय की मांग जारी
कांग्रेस और अन्य विरोधी दलों ने यह साफ किया है कि जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं होता, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा। पूरे शहर में इस हत्याकांड को लेकर भय और आक्रोश का माहौल है और लोग सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
कुछ जानकारी मिलने पर यहाँ संपर्क करें
सरगुजा पुलिसअधीक्षक : 94791-93501
अति. पुलिस अधीक्षक, सरगुजा: 94791-93502
नगर पुलिस अधीक्षक, सरगुजा: 94791-93503
पुलिस अनुविभागीय अधिकारी अम्बिकापुर: 94791-93505
पुलिस कंट्रोल रूम, सरगुजा: 94791-93599
थाना प्रभारी कोतवाली, सरगुजा: 94791-93508
यह खबरें भी पढ़े...
अंबिकापुर सेंट्रल जेल में कैदी को स्पेशल ट्रीटमेंट, वार्ड में परिजनों को साथ रहने की मिली इजाजत