अंबिकापुर डाकघर में 35 लाख का फर्जीवाड़ा : पोस्ट मास्टर समेत 3 कर्मचारी निलंबित
समझें क्या है पूरा मामला
- अंबिकापुर डाकघर में 35 लाख की हेराफेरी का खुलासा
- FD की रकम दूसरे खातों में पहुंची, तीन कर्मचारी निलंबित
- जमाकर्ताओं के पैसे पर डाका, जांच में खुला बड़ा खेल
- पोस्ट मास्टर समेत तीन पर कार्रवाई, FIR की तैयारी
- 15 खातों में मिली गड़बड़ी, डाक विभाग ने शुरू की जांच
Ambikapur : छत्तीसगढ़ केअंबिकापुर प्रधान डाकघर में फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) की मैच्योरिटी राशि में बड़ी गड़बड़ी का मामला सामने आया है। यहां करीब 35 लाख रुपए की राशि को खाताधारकों के खातों में जमा करने के बजाय दूसरे खातों में ट्रांसफर कर निकालने का आरोप है। मामले की जांच के बाद पोस्ट मास्टर समेत तीन कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है। विभाग ने प्रभावित खाताधारकों को पैसा वापस दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
शिकायत के बाद खुला पूरा मामला
यह मामला उस समय सामने आया जब बलरामपुर जिले के एक खाताधारक सिराजुल हक ने डाकघर में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी फिक्स्ड डिपॉजिट पूरी होने के बाद भी मैच्योरिटी की राशि उनके खाते में नहीं पहुंची।
शिकायत मिलने के बाद डाक विभाग ने मामले की जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि कई खाताधारकों की FD पूरी होने के बाद उनकी रकम तय प्रक्रिया के अनुसार उनके बचत खातों में जमा नहीं की गई। इसके बजाय कुछ अन्य खातों में राशि ट्रांसफर कर निकाली गई।
15 खातों में मिली गड़बड़ी
प्रारंभिक जांच में करीब 15 खाताधारकों की FD राशि में अनियमितता सामने आई है। विभाग के अनुसार मार्च 2026 से अब तक करीब 35 लाख रुपए की राशि में गड़बड़ी की आशंका है।
अधिकारियों ने बताया कि अभी जांच जारी है। अन्य खातों और FD मैच्योरिटी से जुड़ी सभी एंट्री की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कितने खाताधारक इस मामले से प्रभावित हुए हैं।
तीन कर्मचारियों पर गिरी कार्रवाई
डाकघर के सेंट्रल प्रोसेसिंग सेंटर (CPC) में FD मैच्योरिटी के बाद राशि ट्रांसफर करने की प्रक्रिया पूरी होती है। इस काम में डाटा एंट्री ऑपरेटर, सुपरवाइजर और पोस्ट मास्टर की जिम्मेदारी होती है।
जांच के दौरान डाटा एंट्री ऑपरेटर रामजी लाल मीना की भूमिका सामने आई है। इसके अलावा सुपरवाइजर श्वेता श्रीवास्तव और पोस्ट मास्टर मनोज पांडेय पर भी लापरवाही के आरोप लगे हैं। इसके बाद विभाग ने तीनों कर्मचारियों को निलंबित कर दिया।
खाताधारकों को पैसा लौटाने की तैयारी
डाक विभाग ने कहा है कि जिन लोगों की राशि प्रभावित हुई है, उन्हें उनकी रकम वापस दिलाई जाएगी। इसके लिए संबंधित खातों और ट्रांजेक्शन की जांच की जा रही है।
सहायक अधीक्षक अजय सिंह चौहान ने बताया कि विभागीय जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच के आधार पर पुलिस में एफआईआर भी दर्ज कराई जा सकती है।
FD निवेशकों के लिए बड़ा सवाल
फिक्स्ड डिपॉजिट को लोग सुरक्षित निवेश का जरिया मानते हैं। ऐसे में मैच्योरिटी के बाद राशि किसी दूसरे खाते में पहुंचना गंभीर वित्तीय अनियमितता का मामला माना जा रहा है। अंबिकापुर प्रधान डाकघर में सामने आए इस मामले के बाद विभाग अब अपने रिकॉर्ड और भुगतान प्रक्रिया की भी समीक्षा कर रहा है।
ये खबरें भी पढ़े...
अंबिकापुर में कांग्रेस नेता गुरप्रीत सिंह पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर
अंबिकापुर में छात्र से हिंदी-अंग्रेजी में 200 बार गाली लिखवाने का आरोप, जांच शुरू
नर्सिंग फर्जीवाड़ा: सुप्रीम कोर्ट में चंबल के छात्र हारे, HC भी कॉलेजों पर सख्त
TN Postal Department Vacancy : डाक विभाग में जॉब करने का सुनहरा मौका, ऐसे करें आवेदन