ज्ञानू-जानू की शादी ने बढ़ाई अमित जोगी की मुश्किलें, पुलिस तक पहुंचा मामला, बीजेपी बोली माफी से काम नहीं चलेगा
लेकिन मामला यहीं शांत नहीं हुआ है। इस विवादित वीडियो का मामला पुलिस तक पहुंच गया है। बीजेपी ने कहा है कि यह आधे अधूरे मन से मांगी गई माफी मंजूर नहीं है। कुछ दिन पहले अमित जोगी का एक और वीडियो सामने आया था जिसमें वे कौए की तरह कांव कांव कर रहे थे। अमित जोगी एक विवादित सियासी शख्स बन गए हैं जो राजनीतिक वजूद पाने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं जिसमें मर्यादा का भी ध्यान नहीं रखा जा रहा।
समझें क्या है पूरा मामला
- अमित जोगी ने पीएम मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त पर वीडियो बनाया।
- वोट चोरी के मुद्दे पर बने इस वीडियो से अमित जोगी विवाद बढ़ा।
- विवाद बढ़ने पर वीडियो हटाया गया और माफी मांगी गई।
- ज्ञानू-जानू वीडियो पर बीजेपी ने माफी को नाकाफी बताया।
- अब रायपुर पुलिस में शिकायत दर्ज होने से मामला कानूनी दिशा में है।
अमित जोगी का सुहागरात कांड
सियासत में विरोध और व्यंग्य की अपनी मर्यादाएं होती हैं, लेकिन राजनीतिक हमला करने के चक्कर में जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष अमित जोगी इन मर्यादाओं को लेकर विवादों में घिर गए हैं।
वोट चोरी के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को निशाना बनाने के लिए उन्होंने ऐसा वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जिसने राजनीतिक बहस को एक नए विवाद में बदल दिया। वीडियो में पीएम मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त का मुखौटा पहने दो लोगों की सांकेतिक शादी दिखाई गई।
इसके बाद दोनों का हनीमून वीडियो भी सोशल मीडिया पर साझा किया गया। अमित जोगी ने वोट चोरी के मुद्दे पर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर निशाना साधने के लिए यह वीडियो तैयार कराया था।
इसमें प्रधानमंत्री मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के प्रतीकात्मक किरदारों के जरिए राजनीतिक व्यंग्य करने की कोशिश की गई। राजनीतिक संदेश देने के लिए अपनाए गए इस तरीके पर सोशल मीडिया में तीखी प्रतिक्रियाएं आने लगीं।
आलोचना के बाद हटाई हनीमून पोस्ट
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर अमित जोगी की आलोचना शुरू हो गई। लोगों ने उनके विरोध के तरीके, राजनीतिक भाषा और सार्वजनिक जीवन की मर्यादाओं को लेकर सवाल उठाए। विवाद बढ़ने पर अमित जोगी ने हनीमून से जुड़ी पोस्ट अपने सोशल मीडिया अकाउंट से हटा दी।
इसके बाद उन्होंने सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी। अमित जोगी ने अपनी सफाई में लिखा कि हनीमून पोस्ट के संदर्भ में उन्हें सुबह एहसास हुआ कि वह जो संदेश देना चाहते थे, वह उनके विश्वास के मुताबिक आज भी प्रासंगिक है, लेकिन उसे प्रस्तुत करने का तरीका आदर्श नहीं था।
उन्होंने लिखा कि अपना मजाक उड़ाकर अपनी बात कहना अलग है, जैसा कि 'कउआ' गाने के मामले में किया गया था। लेकिन जब किसी प्रस्तुति का संदर्भ हनीमून जैसे निजी स्पेस से जुड़ जाता है
तो बात अलग हो जाती है। यह एक ऐसी सीमा है, जिसे वह पार नहीं करना चाहते। इसी वजह से पोस्ट हटा दी गई है। जिन लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं, उनसे उन्होंने हार्दिक क्षमा मांगी।
सिर्फ माफी से काम नहीं चलेगा
बीजेपी ने अमित जोगी पर निशाना साधा है। बीजेपी का कहना है कि इस दिखावे की माफी से काम नहीं चलेगा। बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता उमेश घोरमोड़े ने जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के नेता अमित जोगी द्वारा सोशल मीडिया पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का मुखौटा लगाकर हनीमून सीन का फूहड़ वीडियो शेयर करने पर कहा कि यह भारतीय राजनीति के इतिहास का सबसे शर्मनाक, अशोभनीय और कुण्ठित आचरण है।
राजनीति में मतभेद और वैचारिक असहमति सामान्य प्रक्रिया है, किन्तु देश के सर्वोच्च लोकतांत्रिक पदों पर आसीन शीर्ष नेतृत्व और मुख्य चुनाव आयुक्त जैसी संवैधानिक संस्थाओं के प्रमुखों को लेकर इस प्रकार की अभद्र व स्तरहीन सामग्री परोसना जोगी कांग्रेस की ओछी और विकृत मानसिकता का स्पष्ट प्रमाण है।
यह केवल एक घटिया वीडियो नहीं, बल्कि देश के लोकतांत्रिक ढांचे और संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा पर किया गया सुनियोजित आघात है। बीजेपी ने कहा कि जब चौतरफा फजीहत और कानूनी शिकंजे का भय सताने लगा तो अमित जोगी ने वीडियो को हटाकर आधे-अधूरे मन से लीपापोती करते हुए माफी का नाटक किया।
ऐसी औपचारिकता न तो उनके इस अक्षम्य अपराध को धो सकती है और न ही जनता इसे स्वीकार करेगी। यह कृत्य जोगी कांग्रेस के निर्लज्ज राजनीतिक चरित्र का कलंकित दस्तावेज है, जो यह साबित करता है कि राजनीतिक प्रासंगिकता खो चुकी यह पार्टी अब सिर्फ ध्यान खींचने के लिए किसी भी निचले स्तर तक गिर सकती है।
पुलिस के पास पहुंचा मामला
अमित जोगी के बनाए इस वीडियो का मामला पुलिस तक पहुंच गया है। प्रधानमंत्री पर अभद्र, फूहड़ और अपमानजनक वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड करने वाले अमित जोगी एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध रायपुर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।
शिकायत में IT Act की धारा 67 और 67A तथा BNS की धारा 294 और 296 के तहत कार्रवाई की मांग की गई है। कानूनी धाराएं BNS 294 अश्लील सामग्री के प्रकाशन एवं प्रसार से संबंधित है, जबकि BNS 296 सार्वजनिक स्थान पर अश्लील कृत्य एवं अश्लील शब्दों से संबंधित है।
कांव कांव भी कर चुके हैं अमित जोगी
अमित जोगी के लिए राजनीतिक विरोध जताने का अनोखा अंदाज नया नहीं है। इससे पहले भी वह 'कांव-कांव' के जरिए सियासी कटाक्ष कर चुके हैं। तब उन्होंने कौए की आवाज और प्रतीक का इस्तेमाल करते हुए अपने विरोधियों पर निशाना साधा था। सोशल मीडिया पर इस प्रस्तुति को लेकर भी चर्चा हुई थी।
अब वोट चोरी के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को निशाना बनाने के लिए उन्होंने 'ज्ञानू-जानू की शादी' का वीडियो पोस्ट किया। कांव-कांव से लेकर ज्ञानू-जानू तक अमित जोगी का सियासी कटाक्ष चर्चा तो बटोर रहा है, लेकिन उसकी शैली पर सवाल भी खड़े हो रहे हैं।
अजीत जोगी के बेटे हैं अमित जोगी
अमित जोगी छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के बेटे हैं। वह जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के प्रमुख हैं। उनकी पार्टी ने 2018 के विधानसभा चुनाव में अच्छा प्रदर्शन किया था, लेकिन 2023 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को कोई खास सफलता नहीं मिली।
राजनीतिक जमीन मजबूत करने की चुनौती के बीच अमित जोगी अब सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहते हैं। राजनीति के साथ वह वकालत भी करते हैं। लेकिन आजकल वे सोशल मीडिया की सक्रियता में मर्यादा तोड़ रहे हैं जिससे वे काफी ट्रोल भी हो रहे हैं।
यह खबर क्यों जरूरी है
छत्तीसगढ़ की राजनीति में विरोध और व्यंग्य की मर्यादा पर अब सवाल उठ रहे हैं। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के नेता अमित जोगी के वीडियो ने इस बहस को नया मोड़ दिया है। प्रधानमंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त जैसे संवैधानिक पदों की गरिमा पर भी चर्चा छिड़ी है। पुलिस शिकायत के बाद मामला कानूनी प्रक्रिया की ओर बढ़ रहा है। सार्वजनिक जीवन में प्रस्तुति और शब्दों की सीमा क्या हो, यह इस मामले से साफ होता है।
FAQ
सवाल 1: अमित जोगी का विवादित वीडियो क्या है?
जवाब: जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के नेता अमित जोगी ने वोट चोरी के मुद्दे पर वीडियो पोस्ट किया। इसमें पीएम मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के मुखौटे पहने दो लोगों की सांकेतिक शादी और हनीमून दिखाया गया। सोशल मीडिया पर तीखी आलोचना के बाद यह पोस्ट हटा दी गई।
सवाल 2: अमित जोगी ने माफी क्यों मांगी?
जवाब: विवाद बढ़ने पर अमित जोगी ने हनीमून से जुड़ी पोस्ट हटाकर सार्वजनिक माफी मांगी। उन्होंने लिखा कि संदेश सही था, पर उसे प्रस्तुत करने का तरीका आदर्श नहीं था। बीजेपी ने इस माफी को आधे-अधूरे मन की बताते हुए नकार दिया।
सवाल 3: अमित जोगी के खिलाफ पुलिस में क्या शिकायत हुई है?
जवाब: रायपुर पुलिस में अमित जोगी और अन्य संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत में IT Act की धारा 67 और 67A तथा BNS की धारा 294 और 296 के तहत कार्रवाई की मांग की गई है। मांगी गई कार्रवाई पर अंतिम फैसला जांच और अदालत तय करेगी।