आत्मानंद स्कूल में जर्जर गेट गिरा : 7 साल के मासूम की मौत, लापरवाही पर उठे सवाल

Umeshwari Baghel | Sept 12, 2026, 21:24 IST
स्वामी आत्मानंद स्कूल में बड़ा हादसा
स्वामी आत्मानंद स्कूल में बड़ा हादसा
छत्तीसगढ़ के हथबंद स्वामी आत्मानंद स्कूल में जर्जर लोहे का गेट गिरने से 7 साल के शिवम यादव की मौत हो गई। ग्रामीणों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। प्रशासन ने जांच शुरू कर परिवार को आर्थिक सहायता दी है।
  • जर्जर गेट गिरने से मासूम की मौत
  • स्कूल की लापरवाही पर उठे सवाल
  • तीन महीने से खराब था मुख्य द्वार
  • हादसे के बाद प्रशासन ने शुरू की जांच
  • परिवार को मिली 50 हजार की सहायता राशि

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के हथबंद स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। स्कूल परिसर का भारी लोहे का मुख्य गेट अचानक गिर गया, जिसकी चपेट में आने से सात साल के बच्चे की मौत हो गई। हादसे के बाद स्कूल प्रबंधन और रखरखाव व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।



मृतक बच्चे की पहचान शिवम यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह तीज पर्व के मौके पर अपने परिजनों से मिलने रतनपुर से हथबंद आया था। परिवार को बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि स्कूल परिसर में ही उसके साथ इतना बड़ा हादसा हो जाएगा।



अचानक गिरा भारी लोहे का गेट

जानकारी के अनुसार शिवम स्कूल परिसर के पास मौजूद था, तभी मुख्य गेट अचानक टूटकर नीचे गिर गया। गेट का वजन काफी ज्यादा था, जिसके नीचे दबने से बच्चे को गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे बाहर निकाला और अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।



घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। सिमगा एसडीएम अतुल शेटे ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने भी जांच शुरू कर दी है।



तीन महीने से खराब था गेट

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल का मुख्य गेट काफी समय से खराब था। गेट के सहारे कमजोर हो चुके थे और वह केवल एक पट्टी व कील के सहारे टिका हुआ था। लोगों का आरोप है कि जर्जर गेट की जानकारी होने के बावजूद समय पर मरम्मत नहीं कराई गई। अगर पहले ही ध्यान दिया जाता तो शायद यह हादसा टाला जा सकता था।



रखरखाव पर उठे सवाल

ग्रामीणों ने स्कूल में सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि बच्चों की सुरक्षा सबसे जरूरी है, लेकिन परिसर में खराब हो चुके सामानों की समय पर जांच नहीं की गई। स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि इस मामले में जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी और बच्चे की जान खतरे में न पड़े।



परिवार को दी गई सहायता राशि

हादसे के बाद प्रशासन ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई है। जिला प्रशासन के निर्देश पर परिवार को 50 हजार रुपए की अंतरिम सहायता राशि दी गई। इसके अलावा स्कूल प्रबंधन की ओर से भी 20 हजार रुपए की सहायता देने की बात सामने आई है। अधिकारियों ने परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिया है।



पुलिस ने शुरू की जांच

हथबंद पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बच्चे के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद लापरवाही सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे ने एक बार फिर स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था और समय पर मरम्मत की जरूरत को सामने ला दिया है। अब देखना होगा कि जांच के बाद जिम्मेदारी किसकी तय होती है।



ये खबरें भी पढ़े...

भरभरा कर गिरी स्वामी आत्मानंद स्कूल की फॉल सीलिंग, टला बड़ा हादसा



रायपुर आत्मानंद स्कूल मारपीट : हम डॉन हैं, मां वकील है, रील बनाकर छात्र को पीटा



आत्मानंद स्कूल में रखे दो प्राइवेट टीचर,वेतन के लिए बच्चों से जुटा रहे 400 रुपए



बेमेतरा के आत्मानंद स्कूल में फटा गैस सिलेंडर, मची अफरा-तफरी



Tags:
  • छत्तीसगढ़
  • हादसा
  • आर्थिक सहायता
  • आत्मानंद स्कूल
  • बलौदाबाजार