फर्जी मरीजों के नाम पर आयुष्मान से करोड़ों की लूट: अब होगी पांच गुना वसूली, 5 अस्पतालों पर 3 साल का बैन

Umeshwari Baghel | Published:
आयुष्मान में फर्जी क्लेम की जांच, पांच अस्पतालों पर पांच गुना जुर्माने की तैयारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ में आयुष्मान भारत योजना के तहत कथित फर्जीवाड़े को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। फर्जी मरीजों की भर्ती और इलाज के नाम पर करोड़ों रुपए का भुगतान हासिल करने के आरोपों से घिरे पांच अस्पतालों के खिलाफ अब आर्थिक कार्रवाई की तैयारी है। इन अस्पतालों को तीन साल के लिए आयुष्मान योजना से निलंबित किया गया है।

साथ ही पिछले एक साल के भुगतान का विस्तृत ऑडिट शुरू कराया गया है। जांच में जिन क्लेम को फर्जी पाया जाएगा, उन पर नियमानुसार पांच गुना राशि की वसूली की जाएगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालवार विशेषज्ञों की टीमें गठित की हैं।



ग्रामीणों को पैसे देकर भर्ती कराने का आरोप

स्वास्थ्य विभाग के सामने ऐसी शिकायतें आई हैं, जिनमें ग्रामीण क्षेत्रों और बस्तियों से लोगों को बसों और एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल लाने की बात कही गई है। आरोप है कि कुछ लोगों को 100 से 200 रुपए देकर मरीज के तौर पर भर्ती किया गया और उनके नाम पर आयुष्मान योजना के तहत इलाज का क्लेम प्रस्तुत किया गया।



अब जांच अधिकारी यह पता लगा रहे हैं कि संबंधित मरीजों को वास्तव में अस्पताल में भर्ती करने की आवश्यकता थी या सरकारी योजना से भुगतान प्राप्त करने के लिए दस्तावेजों में इलाज दिखाया गया।




इन पांच अस्पतालों के रिकॉर्ड की हो रही जांच

श्री अनंत साई अस्पताल, तेलीबांधा, रायपुर – ओडिशा से मरीज बुलाकर कथित तौर पर फर्जी उपचार पैकेज तैयार करने का आरोप।



श्रीनिवास अस्पताल, गुढ़ियारी, रायपुर – एजेंटों के जरिए मरीज लाने और सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं पर हृदय एवं किडनी संबंधी उपचार पैकेज दर्ज करने का आरोप।



वरदान अस्पताल, रायपुर – वित्तीय अनियमितताओं और योजना के नियमों के उल्लंघन की जांच।



श्री रावतपुरा सरकार मेडिकल कॉलेज अस्पताल, रायपुर – आयुष्मान योजना के संचालन में गंभीर अनियमितताओं का मामला।



श्री शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज अस्पताल, भिलाई – आयुष्मान योजना के तहत गंभीर गड़बड़ियों का मामला।




छोटे से बड़े भुगतान तक की होगी पड़ताल

विभाग ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए पिछले एक वर्ष के सभी क्लेम की समीक्षा करने का निर्णय लिया है। इसमें मरीजों की बीमारी, भर्ती की आवश्यकता, उपचार संबंधी दस्तावेज और अस्पतालों को जारी की गई राशि का परीक्षण किया जा रहा है।



प्रत्येक अस्पताल के लिए अलग जांच दल बनाया गया है। इन दलों में स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक, स्टेट नोडल एजेंसी के विशेषज्ञ और ऑडिट टीम के सदस्य शामिल हैं।



एक ही गांव से आए मरीजों पर भी जांच की नजर

अस्पतालों में भर्ती मरीजों के पते और उनके पुराने उपचार रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। जांच अधिकारी यह पता लगाएंगे कि किसी विशेष गांव या क्षेत्र से बड़ी संख्या में मरीजों को अस्पताल क्यों लाया गया। एक ही मरीज को बार-बार भर्ती करने और उसके नाम पर भुगतान लेने के मामलों की भी पड़ताल होगी।



प्रदेश के 16 अस्पतालों पर निलंबन की कार्रवाई

आयुष्मान योजना में नियमों के उल्लंघन को लेकर प्रदेश में कुल 16 अस्पतालों पर निलंबन की कार्रवाई की गई है। इनमें मरीजों से अतिरिक्त पैसे लेने के मामलों में 10 अस्पतालों को एक साल, जबकि गंभीर अनियमितताओं और फर्जी दस्तावेजों से जुड़े मामलों में छह अस्पतालों को तीन साल के लिए निलंबित किया गया है। कार्रवाई की जद में आए आठ अस्पताल रायपुर के हैं।




ऑडिट रिपोर्ट के बाद तय होगी जुर्माने की राशि

स्वास्थ्य सेवाओं के संचालक संजीव झा के मुताबिक, संबंधित अस्पतालों पर फर्जी मरीज भर्ती करने के आरोप हैं। क्लेम की राशि अधिक होने के कारण विस्तृत ऑडिट कराया जा रहा है। आयुष्मान योजना के प्रावधानों के अनुसार फर्जी क्लेम प्रमाणित होने पर पांच गुना जुर्माना वसूलने का नियम है।



ऑडिट पूरा होने के बाद स्पष्ट होगा कि अस्पतालों ने कितनी राशि का गलत भुगतान प्राप्त किया और उनसे कुल कितना जुर्माना वसूला जाएगा।



Tags:
  • आयुष्मान योजना घोटाला
  • Ayushman Yojana fraud
  • Hospital scam
  • फर्जी मरीज
  • Fake patients
  • करोड़ों की लूट
  • स्वास्थ्य विभाग जांच
  • अस्पतालों पर बैन
  • पांच गुना वसूली