बलरामपुर में बिजली गिरने से मां-बेटी की मौके पर मौत, पेड़ के नीचे रुकना पड़ा भारी

Harrison Masih | Jul 03, 2026, 13:39 IST
बलरामपुर में बिजली गिरने से मां-बेटी की मौत
बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम पतरापारा में बिजली गिरने से मां-बेटी की दर्दनाक मौत हो गई। तेज बारिश शुरू होने पर दोनों एक पेड़ के नीचे खड़ी हो गईं, तभी बिजली गिरने से उनकी मौके पर ही जान चली गई।

समझें क्या है पूरा मामला

  • बलरामपुर में आकाशीय बिजली से मां-बेटी की मौत।
  • खेत में काम के दौरान बारिश से बचने पेड़ के नीचे रुकी थीं।
  • बिजली गिरते ही दोनों की मौके पर मौत हो गई।
  • राजपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
  • लगातार हो रहे बिजली हादसों से क्षेत्र में दहशत।

घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्राम पतरापारा निवासी मानती टेकाम (33 वर्ष) अपनी 14 वर्षीय पुत्री कुमारी विमला टेकाम के साथ गुरुवार दोपहर खेत में काम करने गई थीं। दोपहर करीब 2 बजे अचानक मौसम ने करवट ली और तेज गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए मां-बेटी खेत के पास स्थित एक सेमर के पेड़ के नीचे जाकर खड़ी हो गईं।



पेड़ के नीचे खड़े होना पड़ा भारी

प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों के अनुसार बारिश के दौरान अचानक जोरदार गर्जना हुई और आकाशीय बिजली सीधे पेड़ के पास आ गिरी। बिजली की चपेट में आने से मानती टेकाम और उनकी बेटी विमला गंभीर रूप से झुलस गईं। हादसा इतना भीषण था कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।



ग्रामीणों ने बताया कि घटना इतनी अचानक हुई कि किसी को उन्हें बचाने का मौका तक नहीं मिल सका। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।



सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक पंचनामा कार्रवाई के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।



पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आकाशीय बिजली गिरने से मौत की पुष्टि हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई पूरी की जाएगी।



गांव में पसरा मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

एक साथ मां और बेटी की मौत की खबर से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। स्वजन और ग्रामीण गहरे सदमे में हैं। गांव के लोगों का कहना है कि मानती टेकाम अपने परिवार का सहारा थीं और बेटी विमला पढ़ाई के साथ घर के कामों में भी हाथ बंटाती थी। दोनों की असमय मौत ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।



आकाशीय बिजली से ऐसे बचें


लगातार सामने आ रहे बिजली गिरने के मामले

गौरतलब है कि बलरामपुर जिले में हाल के दिनों में आकाशीय बिजली से मौत के कई मामले सामने आए हैं। कुछ दिन पहले चांदो थाना क्षेत्र में भी बारिश के दौरान पेड़ के नीचे खड़े दो युवकों की बिजली गिरने से मौत हो गई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के बाद प्रशासन और मौसम विभाग लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और ऊंचे स्थानों से दूर रहने की अपील कर रहे हैं।



मौसम विभाग की चेतावनी

मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। विशेषज्ञों का कहना है कि बिजली कड़कने के दौरान पेड़ों के नीचे खड़ा होना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। ऐसे समय में सुरक्षित भवन या पक्के आश्रय स्थल में शरण लेना ही सबसे सुरक्षित विकल्प माना जाता है।



ये खबरें भी पढ़ें...

सरगुजा में बिजली गिरने से दो बच्चों समेत 3 की मौत, एक मासूम गंभीर रूप से झुलसी



बिजली गिरने से उपसरपंच समेत 3 लोगों की मौत, पेड़ के नीचे थे 70 मजदूर



जशपुर में बिजली गिरने से एक की मौत, बिलासपुर डैम टूटने से गांवों में घुसा पानी, अलर्ट जारी



CG weather : मौसम विभाग की नई भविष्यवाणी, जमकर बरसेंगे बादल



Tags:
  • CG weather
  • आकाशीय बिजली
  • बिजली गिरने से मौत
  • बलरामपुर