NHM भर्ती की पूरी परीक्षा कैंसिल, पेंसिल से बदले नंबर, 20 अंकों की परीक्षा में जांचे 22 सवाल, जांच में हुआ खुलासा

VINAY VERMA | Published:
भर्ती परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं में अंकों से छेड़छाड़, जांच के बाद पूरी भर्ती रद्द
छत्तीसगढ़ के कवर्धा में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) की संविदा भर्ती में ऐसा खेल सामने आया है, जिसने पूरी चयन प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए हैं। 18 पदों के लिए हुई भर्ती में उत्तर पुस्तिकाओं की जांच के दौरान गंभीर गड़बड़ियां मिली हैं। कहीं पेंसिल से नंबर बदलने के आरोप हैं तो कहीं 20 अंकों की परीक्षा में 22 सवालों का मूल्यांकन कर दिया गया।

कई कॉपियों पर जांच करने वालों के हस्ताक्षर तक नहीं मिले। जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट में इन गड़बड़ियों की पुष्टि की है। इसके बाद कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने पूरी भर्ती प्रक्रिया रद्द कर दी। चयन सूची, प्रतीक्षा सूची और इस भर्ती के तहत जारी नियुक्तियों को भी शून्य घोषित कर दिया गया है। अब प्रशासन अलग से जांच कराकर गड़बड़ी के जिम्मेदार लोगों की पहचान करेगा।



पेंसिल से बदले गए नंबर

जांच में सबसे गंभीर मामला उत्तर पुस्तिकाओं में अंकों के बदलाव का सामने आया है। कुछ कॉपियों में ओवरराइटिंग मिली है। आरोप है कि पेंसिल से पहले दिए गए नंबरों में बदलाव किया गया। इससे अभ्यर्थियों के अंक बढ़ाने की आशंका पैदा हुई है।



सवाल यह है कि कॉपियों में नंबर बदलने की जरूरत क्यों पड़ी? किसने नंबर बदले? क्या किसी अभ्यर्थी को फायदा पहुंचाने के लिए ऐसा किया गया? अगर मूल्यांकन के दौरान गड़बड़ी हुई तो उस समय जिम्मेदार अधिकारियों ने इसे क्यों नहीं पकड़ा?




20 नंबर की परीक्षा में 22 सवाल!

इस भर्ती में दूसरी गड़बड़ी और भी हैरान करने वाली है। कुछ उत्तर पुस्तिकाओं में 20 अंकों की परीक्षा के लिए 22 सवालों का मूल्यांकन कर दिया गया। यानी तय अंकों और सवालों का हिसाब ही मेल नहीं खा रहा था।



भर्ती में एक-एक नंबर से अभ्यर्थियों की मेरिट बदल सकती है। ऐसे में अतिरिक्त सवालों का मूल्यांकन कैसे हुआ? क्या सभी अभ्यर्थियों को समान नियम से अंक दिए गए? अगर नहीं, तो किसे इसका फायदा मिला? जांच रिपोर्ट के बाद ये सवाल और गंभीर हो गए हैं।




कई कॉपियों पर हस्ताक्षर तक नहीं

जांच समिति को कई उत्तर पुस्तिकाओं पर मूल्यांकनकर्ताओं के हस्ताक्षर भी नहीं मिले। यानी यह तक स्पष्ट नहीं था कि उन कॉपियों की जांच किसने की। भर्ती प्रक्रिया में यह बड़ी चूक है। हर कॉपी के मूल्यांकन का रिकॉर्ड होना जरूरी है।



इसके अलावा अपात्र अभ्यर्थियों को मेरिट सूची में जगह मिलने के आरोप भी सामने आए हैं। अगर जांच में यह सही पाया जाता है तो योग्य उम्मीदवारों के साथ सीधे तौर पर अन्याय हुआ है।



भर्ती रद्द, अब जिम्मेदारों की बारी

जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने पूरी भर्ती निरस्त कर दी है। चयन सूची, प्रतीक्षा सूची और जारी नियुक्तियां भी रद्द कर दी गई हैं। कलेक्टर के मुताबिक, दोषियों की पहचान के लिए अलग कमेटी बनाकर जांच कराई जाएगी।




अब सवाल सिर्फ भर्ती रद्द होने का नहीं है। असली सवाल यह है कि इतनी बड़ी गड़बड़ी हुई कैसे? कॉपियों में नंबर किसने बदले? 20 नंबर की परीक्षा में 22 सवाल किसने जांचे? बिना हस्ताक्षर वाली कॉपियां मेरिट तक कैसे पहुंचीं?



भर्ती रद्द होने से अभ्यर्थियों को झटका लगा है। लेकिन अब जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई जरूरी है। वरना सरकारी नौकरी की परीक्षा में मेहनत करने वाले युवाओं का भरोसा कैसे बचेगा?



Tags:
  • राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन
  • संविदा भर्ती
  • उत्तर पुस्तिका
  • पेंसिल
  • मूल्यांकन
  • मेरिट सूची
  • चयन सूची
  • Kawardha
  • Chhattisgarh NHM recruitment
  • Answer sheet