बीजापुर में नक्सलियों का डंप बरामद, जमीन के नीचे रखे गए थे हथियार और जिंदा कारतूस
छत्तीसगढ़ के बीजापुर में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। भैरमगढ़ के उतला जंगल में नक्सलियों का छिपाया हथियार डंप मिला है। हथियारों को जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया था। सुरक्षाबलों ने डंप को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला।
बरामद हथियारों में AK-47 समेत तीन रायफल शामिल हैं। इसके अलावा 9 एमएम पिस्टल और बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस मिले हैं। पुलिस ने हथियारों को भैरमगढ़ थाने में जमा कराया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
सूचना के बाद जंगल में शुरू हुई सर्चिंग
पुलिस के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन में अभियान चलाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नक्सल अमन झा के नेतृत्व में टीम रवाना हुई।
सूचना मिलने के बाद भैरमगढ़ थाना पुलिस और DRG की टीम उतला गांव के जंगल पहुंची। जवानों ने इलाके में सर्चिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक जगह जमीन संदिग्ध लगी।
जवानों ने वहां तलाशी ली तो जमीन के नीचे नक्सली डंप मिला। हथियारों को जमीन में गाड़कर छिपाया गया था। टीम ने सावधानी से हथियारों को बाहर निकाला।
डंप से मिले कई हथियार और जिंदा कारतूस
सुरक्षाबलों को नक्सली डंप से कुल चार तरह के हथियार मिले हैं। इसमें एक AK-47 रायफल भी शामिल है।
बरामद सामान में ये हथियार और कारतूस शामिल हैं:
- 1 AK-47 रायफल
- 1 .315 बोर रायफल
- 1 सिंगल शॉट रायफल
- 1 9 एमएम पिस्टल
- 2 AK-47 मैगजीन
- 45 AK-47 जिंदा राउंड
- 25 9 एमएम जिंदा राउंड
- 6 .315 बोर रायफल के जिंदा राउंड
आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली जानकारी
पुलिस के मुताबिक, आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उनसे नक्सली संगठन की गतिविधियों को लेकर पूछताछ भी होती है।
आत्मसमर्पित नक्सलियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। पूछताछ के दौरान संगठन की गतिविधियों और पुरानी घटनाओं की जानकारी जुटाई जा रही है।
इसी प्रक्रिया से मिली सूचना के आधार पर उतला जंगल में सर्चिंग की गई। इसके बाद जमीन के नीचे छिपा नक्सली हथियार डंप बरामद हुआ।
हथियारों को थाने लाकर जांच शुरू
बरामद सभी हथियार और अन्य सामग्री भैरमगढ़ थाने लाई गई है। पुलिस ने इन्हें कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। डंप को लेकर जांच भी की जा रही है।
ये खबरें भी पढ़ें…
नारायणपुर में मिला नक्सली डंप, 8 बंदूकें और 78 मेमोरी कार्ड बरामद
अबूझमाड़ में नक्सली डंप बरामद; 1 करोड़ से ज्यादा कैश और हथियारों का जखीरा मिला
सुकमा में नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम, स्पाइक होल और नक्सली डंप बरामद
CG Naxal News: कोरबा में सरकारी जमीन पर डंप की 6000 टन राखड़, एनटीपीसी पर भारी जुर्माना