16 करोड़ के पौधरोपण घोटाले पर विधायक के आरोपों की खुली पोल? तीन साल की परियोजना में अब तक सिर्फ 2.42 करोड़ का भुगतान, वेंडर निकला कांग्रेसी नेता
दूसरी तरफ जिला पंचायत के सामने आए आंकड़ों ने विधायक के आरोपों पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं। जिला पंचायत के मुताबिक 16.73 करोड़ रुपए पूरी तीन साल की परियोजना की स्वीकृत राशि है, जबकि अब तक सिर्फ 2.42 करोड़ रुपए का भुगतान हुआ है।
मामले में एक और दिलचस्प तथ्य सामने आया है। सामग्री मद में भुगतान किए गए 59.65 लाख रुपए एक ऐसे वेंडर को दिए गए हैं, जिसे कांग्रेस नेता पुरुषोत्तम खत्री बताया जा रहा है। ऐसे में अब सवाल सिर्फ पौधरोपण की गड़बड़ी का नहीं, बल्कि सामग्री खरीदी, भुगतान और राजनीतिक संबंधों का भी है।
तीन साल में खर्च होने हैं 16.73 करोड़
जिला पंचायत से मिली जानकारी के अनुसार मनरेगा के तहत करीब 74 हजार पौधे लगाने की परियोजना तीन वर्षों के लिए स्वीकृत की गई है। इसके लिए कुल 16.73 करोड़ रुपए का बजट तय किया गया है। इसमें 12.10 करोड़ रुपए मजदूरी और 4.63 करोड़ रुपए सामग्री मद के लिए रखे गए हैं।
अब तक इस परियोजना में 2.42 करोड़ रुपए का भुगतान हुआ है। इसमें 1.82 करोड़ रुपए मजदूरों के बैंक खातों में डीबीटी (DBT – Direct Benefit Transfer) के जरिए सीधे ट्रांसफर किए गए हैं। वहीं सामग्री मद में 59.65 लाख रुपए का भुगतान किया गया है। जिला पंचायत का दावा है कि भुगतान स्वीकृत कार्यों के आधार पर किया गया है।
विधायक के आरोप और आंकड़ों में अंतर
विधायक विक्रम मंडावी ने आरोप लगाया कि बीजापुर में पौधरोपण के नाम पर 16 करोड़ रुपए से अधिक का भ्रष्टाचार हुआ है। उनका कहना है कि बिना वास्तविक पौधरोपण के कार्य पूर्णता प्रमाण पत्र जारी किए गए। रोपण स्थलों के भौतिक सत्यापन, भू-टैगिंग और फोटो साक्ष्य को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए हैं।
लेकिन जिला पंचायत के आंकड़ों के मुताबिक 16.73 करोड़ रुपए खर्च नहीं हुए हैं, बल्कि यह परियोजना की तीन साल की स्वीकृत राशि है। अब तक भुगतान केवल 2.42 करोड़ रुपए का हुआ है। ऐसे में सवाल उठता है कि विधायक ने 16 करोड़ रुपए के भ्रष्टाचार का आरोप किन दस्तावेजों और भुगतान के आंकड़ों के आधार पर लगाया है? क्या स्वीकृत बजट को खर्च हुई राशि बताकर पेश किया गया या फिर परियोजना में ऐसी गड़बड़ियां हैं, जिनका खुलासा जांच में हो सकता है?
कांग्रेसी नेता को भुगतान पर भी सवाल
इस पूरे मामले में सामग्री मद के 59.65 लाख रुपए का भुगतान पुरुषोत्तम खत्री को किए जाने की जानकारी सामने आई है। उन्हें कांग्रेस नेता बताया जा रहा है। ऐसे में सामग्री की खरीदी, सप्लाई के बिल, भुगतान की प्रक्रिया और वास्तविक आपूर्ति की जांच जरूरी है। अगर सामग्री की खरीदी और आपूर्ति में गड़बड़ी हुई है तो इसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।
अपर मुख्य सचिव से जांच की मांग
विधायक मंडावी ने पंचायत विभाग के अपर मुख्य सचिव को पत्र लिखकर स्वतंत्र उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने पौधरोपण स्थलों का भौतिक सत्यापन कराने, भू-टैगिंग और फोटो साक्ष्य सार्वजनिक करने, दोषियों पर एफआईआर दर्ज करने और जिम्मेदार अधिकारियों को निलंबित करने की मांग की है। साथ ही कथित गड़बड़ी की राशि वसूलने की भी बात कही है।
फिलहाल इस मामले में दोनों पक्षों के दावों की निष्पक्ष जांच जरूरी है। परियोजना के स्वीकृति आदेश, भुगतान की सूची, सामग्री खरीदी के बिल, वेंडर के दस्तावेज और पौधों की वास्तविक स्थिति सामने आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि बीजापुर में पौधरोपण के नाम पर भ्रष्टाचार हुआ है या स्वीकृत बजट को खर्च बताकर राजनीतिक आरोप लगाए जा रहे हैं।