बिलासपुर हिंसा का मुख्य आरोपी एमपी से गिरफ्तार, अब तक 30 आरोपी सलाखों के पीछे

Harrison Masih | Sept 26, 2026, 13:10 IST
बिलासपुर हिंसा का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर के खपरगंज हिंसा मामले में लंबे समय से फरार मुख्य आरोपी राम सिंह ठाकुर को पुलिस ने मध्यप्रदेश के पन्ना से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, वह अपने दोस्त के घर छिपा हुआ था।

बिलासपुर के खपरगंज में पुरानी रंजिश को लेकर हुए हिंसक विवाद के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी राम सिंह ठाकुर को पुलिस ने मध्यप्रदेश के पन्ना से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, राम सिंह अपने दोस्त के घर छिपा हुआ था। शुक्रवार को एसीसीयू की टीम ने दबिश देकर उसे पकड़ लिया।



इस मामले में पुलिस अब तक दोनों पक्षों के करीब 30 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने घटना के बाद दोनों पक्षों के करीब 100 लोगों को आरोपी बनाया था।



पन्ना में दोस्त के घर छिपा था

पुलिस के अनुसार, राम सिंह की तलाश के लिए कई जगह दबिश दी गई थी। पुलिस को जानकारी मिली थी कि वह उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की ओर गया है। इसके बाद उसके बागेश्वर धाम जाने की भी जानकारी सामने आई।



तकनीकी जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि राम सिंह मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में अपने दोस्त के घर रह रहा है। इसके बाद एसीसीयू की टीम पन्ना पहुंची और बृजपुर थाना क्षेत्र के माकरी कुठार गांव में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।



एडिशनल एसपी सिटी पंकज पटेल ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है। पुलिस आरोपी को बिलासपुर लेकर आई है और शनिवार को उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।



पुलिस पर भी हुआ था पथराव

28 अगस्त की रात खपरगंज में युवकों के दो गुटों के बीच विवाद हुआ था। बताया गया कि सोशल मीडिया पर की गई कथित टिप्पणी और पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरू हुआ। इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट और पथराव होने लगा।



स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। इसी दौरान भीड़ की ओर से पुलिस पर भी पथराव किया गया। इसमें तारबाहर टीआई रवि तिवारी समेत 9 पुलिसकर्मी घायल हुए थे।



घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए प्रशासन ने धारा 144 लागू की थी।



दोनों पक्षों पर केस दर्ज

पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ हिंसा और जानलेवा हमले जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। एक पक्ष के मुख्य आरोपी सोहेल खान समेत 15 से ज्यादा लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। दूसरे पक्ष से भी कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।



राम सिंह ने सोशल मीडिया पर जारी किया था वीडियो

फरार रहने के दौरान राम सिंह ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर खुद को निर्दोष बताया था। उसने दावा किया था कि धर्म के लिए आवाज उठाने के कारण उसे आरोपी बनाया गया है। उसने जल्द पुलिस के सामने सरेंडर करने की बात भी कही थी।



राम सिंह ने वीडियो में जेल में अपनी हत्या की आशंका भी जताई थी। हालांकि, वह पुलिस के सामने सरेंडर करने के बजाय फरार हो गया था। अब पुलिस ने उसे मध्यप्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है।



FAQ

  1. बिलासपुर हिंसा मामले में राम सिंह ठाकुर कौन है?
    राम सिंह ठाकुर इस मामले में लंबे समय से फरार चल रहा मुख्य आरोपी है, जिसे पुलिस ने मध्यप्रदेश के पन्ना से गिरफ्तार किया है।
  2. बिलासपुर हिंसा में क्या नुकसान हुआ था?
    खपरगंज हिंसा के दौरान दोनों पक्षों में मारपीट और पथराव हुआ। भीड़ के पथराव में तारबाहर टीआई रवि तिवारी समेत 9 पुलिसकर्मी घायल हुए थे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा।


ये खबरें भी पढ़ें…

बिलासपुर हिंसा: हिंदू विरोधी टिप्पणी पर बिलासपुर में बवाल, पत्थरबाजी में TI का सिर फटा



पथराव के बाद बिलासपुर में धारा 144 लागू, सोशल मीडिया कमेंट से सुलगा शहर



महिला वकीलों पर आपत्तिजनक टिप्पणी : सावन उत्सव के बाद भारी हंगामा



पुलिस कांस्टेबल बैंड भर्ती विवाद में हाईकोर्ट इंदौर ने कहा गड़बड़ी के सबूत नहीं, याचिका खारिज



Tags:
  • मध्यप्रदेश
  • बिलासपुर
  • सोशल मीडिया
  • आपत्तिजनक टिप्पणी
  • बिलासपुर हिंसा