CG Board Exam 2027: बोर्ड परीक्षा से पहले कमजोर बच्चों की होगी खास तैयारी, तिमाही रिजल्ट से पता चलेगा कौन पढ़ाई में पीछे
जिन बच्चों का प्रदर्शन कमजोर रहा है, उनके लिए अतिरिक्त कक्षाएं लगाई जाएंगी, ताकि बोर्ड परीक्षा से पहले उनकी तैयारी मजबूत हो सके।दरअसल, बुधवार को शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने संभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर स्कूलों में पढ़ाई की स्थिति की जानकारी ली।
इस दौरान उन्होंने बोर्ड परीक्षा की तैयारी, शिक्षकों की कमी और बच्चों की पढ़ाई से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा की। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बच्चों की पढ़ाई में किसी तरह की परेशानी नहीं आनी चाहिए।
तिमाही परीक्षा के नंबर बताएंगे किस बच्चे को ज्यादा मदद की जरूरत
शिक्षा विभाग अब तिमाही परीक्षा के नतीजों के आधार पर पता लगाएगा कि कौन से बच्चे किन विषयों में कमजोर हैं। इसके बाद उन बच्चों की पढ़ाई पर अलग से ध्यान दिया जाएगा। जिन विषयों में बच्चों को परेशानी हो रही है, उन्हें बेहतर तरीके से समझाने की कोशिश की जाएगी। इसका मकसद है कि बोर्ड परीक्षा से पहले बच्चे अपनी कमजोरियां दूर कर सकें।
कोर्स पूरा होने के बाद लगेंगी अतिरिक्त कक्षाएं
शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों से कहा है कि स्कूलों में बच्चों का कोर्स जल्द पूरा कराया जाए। इसके बाद जो समय बचेगा, उसमें कमजोर बच्चों को अतिरिक्त पढ़ाई कराई जाएगी। इससे बच्चों को कठिन विषय समझने और परीक्षा की तैयारी करने के लिए ज्यादा समय मिल सकेगा। विभाग की कोशिश है कि ज्यादा से ज्यादा बच्चे बोर्ड परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन करें।
शिक्षक छुट्टी पर हों तो भी बंद न हो पढ़ाई
बैठक में यह बात भी सामने आई कि कई बार शिक्षकों के छुट्टी पर जाने से बच्चों की पढ़ाई रुक जाती है। इसे देखते हुए शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। यानी किसी शिक्षक के छुट्टी पर रहने पर दूसरे शिक्षक के जरिए बच्चों की पढ़ाई जारी रखने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि उनका कोर्स पीछे न छूटे।
जिन स्कूलों में शिक्षक नहीं, वहां भी होगी व्यवस्था
प्रदेश के ऐसे स्कूलों की भी समीक्षा की जाएगी, जहां एक ही शिक्षक है या कोई शिक्षक नहीं है। शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जरूरत के हिसाब से इन स्कूलों में शिक्षकों की व्यवस्था की जाए। इससे बच्चों को नियमित पढ़ाई का मौका मिलेगा और शिक्षकों की कमी के कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी।
सिर्फ अच्छे नंबर नहीं, बच्चों के विकास पर भी ध्यान
शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि बच्चों के लिए केवल किताबों की पढ़ाई ही जरूरी नहीं है। उनका शारीरिक और मानसिक विकास भी उतना ही जरूरी है। इसलिए स्कूलों में पढ़ाई के साथ बच्चों के पूरे विकास पर ध्यान दिया जाए।
फिलहाल शिक्षा विभाग का जोर इस बात पर है कि बोर्ड परीक्षा 2027 से पहले बच्चों का कोर्स पूरा हो और जो विद्यार्थी पढ़ाई में पीछे हैं, उन्हें समय रहते जरूरी मदद मिल सके।
FAQs
सवाल 1: कमजोर बच्चों की पहचान कैसे होगी?
जवाब: शिक्षा विभाग तिमाही परीक्षा के नतीजों के आधार पर कमजोर बच्चों और उनके कमजोर विषयों की पहचान करेगा। इसके बाद इन बच्चों की पढ़ाई पर अलग से ध्यान दिया जाएगा। जिन विषयों में परेशानी है, उन्हें बेहतर तरीके से समझाने की कोशिश होगी।
सवाल 2: कमजोर बच्चों के लिए अतिरिक्त कक्षाएं कब लगेंगी?
जवाब: शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने अधिकारियों से स्कूलों में कोर्स जल्द पूरा कराने को कहा है। कोर्स पूरा होने के बाद बचे समय में कमजोर बच्चों की अतिरिक्त पढ़ाई कराई जाएगी। इसका मकसद बोर्ड परीक्षा 2027 से पहले बच्चों की तैयारी मजबूत करना है।
सवाल 3: शिक्षक छुट्टी पर हों तो बच्चों की पढ़ाई कैसे जारी रहेगी?
जवाब: शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। किसी शिक्षक के छुट्टी पर रहने पर दूसरे शिक्षक के जरिए पढ़ाई जारी रखने की व्यवस्था की जाएगी। इससे बच्चों का कोर्स पीछे नहीं छूटेगा।