छत्तीसगढ़ में विधायक तुलेश्वर मरकाम की गाड़ी पर पथराव, टूटकर बिखरा कांच, वाई-प्लस सुरक्षा देने की उठी मांग

Umeshwari Baghel | Published:
विधायक तुलेश्वर मरकाम की गाड़ी पर पथराव
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के पाली-तानाखार विधानसभा क्षेत्र के विधायक और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम की गाड़ी पर पथराव का मामला सामने आया है। घटना बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सिंघरी की है। अज्ञात व्यक्ति ने विधायक की गाड़ी पर पत्थर फेंका, जिससे वाहन का साइड कांच टूटकर बिखर गया।

राहत की बात यह रही कि घटना में विधायक समेत किसी को चोट नहीं आई। वहीं, इस घटना के बाद पार्टी पदाधिकारियों ने विधायक की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।



कार्यक्रम से लौटने के दौरान हुआ पथराव

जानकारी के मुताबिक, विधायक तुलेश्वर मरकाम शुक्रवार को ग्राम सिंघरी में आयोजित गौरा-गौरी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद रात करीब 11:30 बजे वे वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सिंघरी के मुख्य मार्ग पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी गाड़ी पर पत्थर फेंक दिया। पत्थर गाड़ी के उस हिस्से में लगा, जिस तरफ विधायक बैठे हुए थे।




चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

घटना के समय गाड़ी में विधायक तुलेश्वर मरकाम के साथ उनके निजी सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ) सुशील कौशिक और चालक मौजूद थे। अचानक पत्थर लगने से गाड़ी का कांच टूट गया। इससे वाहन में बैठे लोग घबरा गए। हालांकि, चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए गाड़ी पर नियंत्रण बनाए रखा, जिससे बड़ा हादसा टल गया।



पुलिस की मौजूदगी के बावजूद हुई घटना

बताया जा रहा है कि घटना के दौरान विधायक की गाड़ी से करीब 500 मीटर आगे पुलिस की गश्ती गाड़ी चल रही थी। इसके बावजूद पथराव की घटना हुई। अब इस घटना को लेकर विधायक की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। विधायक प्रतिनिधि कुलदीप सिंह मरकाम ने बताया कि पथराव से वाहन को नुकसान पहुंचा है, लेकिन गाड़ी में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं।




आखिर किसने और क्यों किया पथराव?

देर रात विधायक की गाड़ी पर हुए पथराव के पीछे क्या वजह थी, इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है। आशंका जताई जा रही है कि पत्थर फेंकने वाले व्यक्ति को विधायक के वहां से गुजरने की जानकारी पहले से रही होगी। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। जांच के बाद ही घटना की असली वजह सामने आ सकेगी।



रतनपुर थाने में दर्ज कराई शिकायत

घटना के संबंध में रतनपुर थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के पदाधिकारियों ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच करने और पत्थर फेंकने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।



विधायक को Y+ सुरक्षा देने की मांग

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के जिला महासचिव शेख इस्माइल ने घटना पर नाराजगी जताई है। उन्होंने केंद्र और छत्तीसगढ़ सरकार से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तुलेश्वर मरकाम को वाई-प्लस (Y+) श्रेणी की सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।




उन्होंने कहा कि पार्टी इस मामले को लेकर छत्तीसगढ़ के साथ-साथ देश के अलग-अलग राज्यों में आंदोलन करेगी। पार्टी पदाधिकारियों ने घटना की पूरी जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग भी की है।



फिलहाल पथराव करने वाले व्यक्ति की पहचान और घटना की वजह सामने नहीं आई है। सभी की नजरें अब पुलिस जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।



Tags:
  • विधायक तुलेश्वर मरकाम पर हमला
  • MLA Tuleshwar Markam attacked
  • Stone pelting on vehicle
  • गाड़ी पर पथराव
  • Y+ security demand
  • वाई-प्लस सुरक्षा की मांग
  • Chhattisgarh political incident
  • पुलिस जांच